Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   Lucknow : Paper leak gave a blow of Rs 150 crore to the recruitment board

Lucknow : पेपर लीक ने भर्ती बोर्ड को दिया 150 करोड़ रुपये का झटका, दोबारा परीक्षा कराना इसलिए पड़ रहा है भारी

Fri, 23 Aug 2024 05:40 AM IST
दुष्यंत शर्मा अशोक मिश्रा, अमर उजाला, लखनऊ
अशोक मिश्रा, अमर उजाला, लखनऊ Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Fri, 23 Aug 2024 05:40 AM IST
सार

प्रदेश पुलिस में सिपाही के 60,244 पदों पर सीधी भर्ती की दोबारा होने वाली लिखित परीक्षा कराने में उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को करीब 150 करोड़ रुपये का नुकसान होगा। 

विज्ञापन
Lucknow : Paper leak gave a blow of Rs 150 crore to the recruitment board
पुलिस भर्ती परीक्षा। demo - फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

प्रदेश पुलिस में सिपाही के 60,244 पदों पर सीधी भर्ती की दोबारा होने वाली लिखित परीक्षा कराने में उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को करीब 150 करोड़ रुपये का नुकसान होगा। फरवरी माह में आयोजित हुई लिखित परीक्षा का पेपर लीक होने की वजह से भर्ती बोर्ड को यह नुकसान सहना पड़ रहा है। पिछली बार हुई परीक्षा के मुकाबले इस बार चार एजेंसियों की सेवाएं लेने और सुरक्षा बंदोबस्त में इस बार अधिक खर्च होने का अनुमान है। फिलहाल बोर्ड के अधिकारी इस संबंध में कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

विज्ञापन


बता दें कि भर्ती बोर्ड ने सिपाही सीधी भर्ती 2023 की लिखित परीक्षा का आयोजन फरवरी माह में किया था। परीक्षा कराने का कार्य गुजरात की कंपनी एजूटेस्ट लिमिटेड को दिया गया था। पेपर लीक गिरोह ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के अहमदाबाद स्थित वेयरहाउस से परीक्षा के दोनों दिन की दूसरी पाली का पेपर चोरी कर लिया था, जिसकी वजह से राज्य सरकार को परीक्षा को स्थगित करना पड़ा था। वहीं एजूटेस्ट को ब्लैकलिस्ट करने के साथ उसका करीब 15 करोड़ रुपये का भुगतान रोक लिया गया था।
विज्ञापन

विज्ञापन
विज्ञापन

यह परीक्षा प्रदेश के करीब 2500 केंद्रों पर हुई थी, जिसके बाद इस बार केवल सरकारी और सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में ही इसका आयोजन किया जा रहा है। पुलिस भर्ती बोर्ड से जुड़े रहे अधिकारियों की मानें तो परीक्षा कराने में प्रति अभ्यर्थी करीब 300 से 400 रुपये का खर्च आता है। इसमें प्रश्न पत्रों की छपाई, परिवहन, परीक्षा केंद्रों को भुगतान, परीक्षा केंद्रों में तैनात होने वाले शिक्षकों का मानदेय, सुरक्षा और बायोमैट्रिक सत्यापन समेत तमाम खर्च शामिल हैं।

हर काम के लिए अलग वेंडर
बता दें कि नए नियमों के मुताबिक भर्ती बोर्ड ने परीक्षा संबंधी हर कार्य के लिए अलग वेंडर चयनित किया है। एजेंसी ''ए'' को प्रश्न पत्रों को तैयार कराने, छपवाने, जिलों के कोषागार तक भेजने, एजेंसी ''बी'' परीक्षा संपन्न कराने, प्रश्न पत्रों को कोषागार से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने, परीक्षा केंद्र की समस्त व्यवस्था तथा परीक्षा समाप्ति के बाद ओएमआर शीट को बोर्ड तक पहुंचाने, एजेंसी ''सी'' को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा का कार्य जैसे सिक्योरिटी, फ्रिस्किंग, बायोमेट्रिक कैप्चर, सीसीटीवी कंट्रोल रूम की स्थापना का कार्य करने तथा एजेंसी ''डी'' को बोर्ड परिसर में ओएमआर शीट की स्कैनिंग कराकर परीक्षा का स्कोर बोर्ड का उपलब्ध कराने का कार्य सौंपा गया है।

587 करोड़ रुपये कराए जमा
बता दें कि भर्ती बोर्ड ने विभिन्न परीक्षाओं के आयोजन में जुटाए गयी रकम में से 587 करोड़ रुपये राजकीय कोष में जमा कराए हैं। यह धनराशि विभिन्न भर्तियों के लिए 1.58 करोड़ अभ्यर्थियों द्वारा जमा कराए गए आवेदन शुल्क के जरिए जुटाई गयी थी। हालिया सिपाही भर्ती परीक्षा में दोबारा धनराशि व्यय होने की वजह से गृह विभाग द्वारा इसका बजट में प्राविधान किया जाएगा। बता दें कि सिपाही भर्ती के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी से 400 रुपये आवेदन शुल्क लिया गया था, जिससे बोर्ड ने करीब 192 करोड़ रुपये जुटाए थे।

इस तरह होता है खर्च

  • 300 से 400 रुपये प्रति अभ्यर्थी परीक्षा में आता है खर्च
  • 40 रुपये प्रति प्रश्न पत्र की छपाई का हाेता है भुगतान
  • 04 वेंडरों को भी परीक्षा संबंधी कार्यों के लिए भुगतान
  • 945 रुपये परीक्षा केंद्र के प्रभारी का होता है भुगतान
  • 600 रुपये प्रति कक्ष निरीक्षक का किया जाता है भुगतान
Trending Videos

update

जम्मू-कश्मीर ः कांग्रेस-नेकां में गठबंधन  370 व पूर्ण राज्य बहाली मुख्य मुद्दा
खरगे व राहुल के साथ बैठक के बाद फारूक का एलान, कहा-सभी 90 सीटों पर बन चुकी सहमति 


अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन किया है। नेकां प्रमुख डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को अपने गुपकार स्थित आवास पर राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ करीब 70 मिनट तक चली बैठक के बाद यह घोषणा की। फारूक ने बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सौहार्दपूर्ण माहौल में हमारी अच्छी बैठक हुई। गठबंधन पटरी पर है और सब ठीक रहा तो यह गठबंधन सुचारु रूप से चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी 90 विधानसभा सीटों पर दोनों दलों में सहमति बन चुकी है।
फारूक ने कहा कि कांग्रेस और नेकां मिलकर चुनाव लड़ेंगे। सीपीआई (एम) के तारिगामी भी हमारे साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि हमारे लोग भी साथ हैं और हम जनता के जीवन को बेहतर बनाने के लिए भारी बहुमत से चुनाव जीतकर सरकार बनाएंगे। 
अब्दुल्ला ने कहा कि सभी मिलकर जम्मू-कश्मीर में 370 और पूर्ण राज्य का दर्जा बहाली कराएंगे। उन्होंने कहा, राज्य का दर्जा हम सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इस राज्य ने बुरे दिन देखे हैं और हमें उम्मीद है कि यह अपनी पूरी शक्तियों के साथ बहाल होगा। इसके लिए हम इंडिया गठंधन के साथ खड़े हैं।


विभाजनकारी ताकतों को हराना मकसद
नेकां अध्यक्ष ने कहा कि दोनों पार्टियों के बीच न्यूनतम साझा कार्यक्रम का कोई सवाल ही नहीं है। हमारा साझा कार्यक्रम देश में मौजूद विभाजनकारी ताकतों को हराने के लिए चुनाव लड़ना है। यह पूछे जाने पर कि क्या चुनाव पूर्व या गठबंधन के बाद पीडीपी के लिए कोई जगह है, उन्होंने कहा, हमें पहले चुनाव देखने दीजिए, फिर हम उन चीजों पर गौर करेंगे। सीट बंटवारे पर फारूक ने कुछ दिन इंतजार करने के लिए कहा। उन्होंने कहा, पहले चरण से पहले सब कुछ सामने आ जाएगा। अब्दुल्ला ने इस सवाल का जवाब देने से इन्कार कर दिया कि वह चुनाव लड़ेंगे या नहीं। उन्होंने कहा कि वह बहुत खुश हैं कि कांग्रेस नेतृत्व के साथ बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और वह देश को मजबूत बनाने के लिए निकले हैं।

लोगों का लोकतांत्रिक अधिकार वापस दिलाएंगे : राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा बहाल करना कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की प्राथमिकता है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यह उनकी पार्टी का लक्ष्य है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकार वापस मिलें। राहुल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत के बाद कहा कि जितनी जल्दी हो सके जम्मू-कश्मीर में राज्य का दर्जा बहाल करना हमारी प्राथमिकता है। हमें उम्मीद थी कि यह चुनाव से पहले किया जा सकता है। जम्मू-कश्मीर के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार बहाल किए जाएंगे। आजादी के बाद यह पहली बार है कि किसी राज्य को अपग्रेड करके केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) बना दिया गया है। 

पहली बार कोई राज्य केंद्र शासित प्रदेश बन गया
राहुल ने कहा, केंद्र शासित प्रदेश राज्य बन गए हैं, लेकिन यह पहली बार है कि कोई राज्य केंद्र शासित प्रदेश बन गया है। हम अपने राष्ट्रीय घोषणापत्र में भी बहुत स्पष्ट हैं कि यह हमारे लिए प्राथमिकता है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोग उनके लोकतांत्रिक अधिकार वापस पाएं। राहुल गांधी ने विधानसभा चुनाव के लिए जमीनी स्तर की तैयारियों के बारे में फीडबैक लेने के लिए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से बात की। उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर और यहां आना उनके लिए हमेशा खुशी की बात है।






--------------000000000


कस्तूरबा अस्पताल में बिजली गुल, एक नवजात की मौत

अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। निगम के कस्तूरबा गांधी अस्पताल में बृहस्पतिवार को बिजली गुल रहने से एक नवजात की मौत हो गई। हालांकि, दावा है कि नवजात नीकू में पहले से भर्ती था। बिजली बाधित रहने से मशीन प्रभावित हो गई थी। 
वहीं, बिजली गुल रहने के दौरान डॉक्टरों ने मोबाइल की टॉर्च में ही तीन डिलीवरी कीं। उधर, गर्मी से दिनभर नवजात, मां और गर्भवती महिलाएं गर्मी में परेशान होती रहीं। दरअसल, बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे से मरम्मत के लिए अस्पताल की बिजली शाम चार बजे तक के लिए गुल की थी। इसी दौरान तीन महिलाओं को प्रसव का दर्द शुरू हो गया। अस्पताल में बिजली न होने पर अंधेरा था, लेकिन डॉक्टरों ने हिम्मत जुटाकर मोबाइल की टॉर्च में ही डिलीवरी करने का फैसला लिया। देर शाम एक-एक करके अस्पताल में तीन बच्चों का जन्म हुआ। वहीं, अस्पताल के नीकू में पहले से भर्ती एक नवजात की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे स्वस्थ हैं। वहीं, नगर निगम का दावा है कि अस्पताल में कुछ समय तक बिजली बाधित रही। बिजली के कट से व्यवस्था थोड़ी अव्यवस्थित रही, लेकिन ऑपरेशन थिएटर में बिजली बैकअप उपलब्ध था। प्रशासन का दावा है कि अस्पताल में कुल तीन प्रसव हुए, जिसमें से दो प्रसव दिन की रोशनी में हुए और एक शाम के समय हुआ, तब तक अस्पताल में बिजली व्यवस्था बहाल हो गई थी। निगम मोबाइल की टॉर्च में प्रसव होने की बात का खंडन करता है। इसके अलावा एक बच्चे की मौत की खबर है, लेकिन बताया गया है कि प्रसव के उपरांत उसकी सांस नहीं थी। उसे नीकू में वेंटीलेटर पर रखा गया था। उसकी स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में उसके अभिभावकों को जानकारी दी जा रही थी।
नीकू के वेंटिलेटर का पॉवर बैक-अप सतत काम कर रहा था। पांच दिन तक वेंटीलेटर पर रहने के बाद बच्चे की मौत उसकी      बीमारी से हो गई।

दिनभर गर्मी में परेशान रहीं महिलाएं, कई बेहोश
सूत्रों का कहना है कि अस्पताल में बिजली न रहने के कारण पहले से भर्ती महिलाएं काफी परेशान हुईं। कुछ महिलाओं का कहना है कि डिलीवरी के बाद कई महिलाएं काफी कमजोर हो गई हैं। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। ऐसे में बिजली गुल होने के बाद समस्या और गंभीर हो गई। कई महिलाएं बेहोश तक हो गईं।


-----------------0900000000


गली में भरा पानी, दरवाजे के पास करंट से एक की मौत

प्रेम नगर के अगर एंक्लेव इलाके की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रेम नगर के अगर एंक्लेव इलाके में बृहस्पतिवार शाम करंट लगने से 50 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त संजय कुमार के रूप में हुई है। संजय के घर और गली में पानी भरा हुआ है। शाम को दरवाजे के पास आते ही वह करंट की चपेट में आकर अचेत होकर गिर गए। 
आसपास के लोगों ने उन्हें उठाने की कोशिश की, इस दौरान लोगों को बिजली का झटका लगा। किसी तरह से उन्हें निकालकर पास के अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संजय अगर एंक्लेव के बी ब्लॉक में रहते थे। परिवार में पत्नी संगीता और दो बेटे बॉबी और केसरी हैं। संजय छोटा मोटा काम करते थे। संजय के भाई अनिल ने बताया कि उनके भाई के घर और उसके बाहर गली में पानी भरा हुआ है। 
शाम को वह घर से निकलकर जैसे ही दरवाजे के पास आए, अचानक उन्हें करंट लगा और वह पानी में गिर गए। लोग वहां पहुंचे और उन्हें निकालने की कोशिश की। इस दौरान लोगों को बिजली का झटका लगा। लोग उन्हें बाहर निकालकर दूसरी गली में ले गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच कर रही है।


--------------00000000

नोएडा के पोस्टमार्टम हाउस को बनाया अय्याशी का अड्डा
सफाईकर्मी का महिला संग आपत्तिजनक वीडियो वायरल, तीन आरोपी गिरफ्तार 
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-94 स्थित पोस्टमार्टम हाउस को कर्मचारियों ने अय्याशी का अड्डा बना दिया। शवों के बीच संविदा सफाईकर्मी और महिला का आपत्तिजनक वीडियो वायरल हो गया। 
मामले में सीएमओ ने तीन सदस्यीय समिति गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं बृहस्पतिवार शाम को दो संविदा कर्मियों अमरोहा निवासी शेर सिंह व जेवर निवासी परवेंदर और निजी एंबुलेंस चालक एटा निवासी भानु प्रताप को गिरफ्तार कर लिया गया। सीएमओ ने अवनी परिधि एजेंसी के कर्मचारी शेर सिंह की सेवा समाप्त कर दी है। पुलिस महिला की तलाश कर रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने के बाद जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस बृहस्पतिवार सुबह हरकत में आए। डीएम मनीष वर्मा की फटकार के बाद स्वास्थ्य विभाग की तरफ से थाना सेक्टर-126 में तहरीर दी गई। डिप्टी सीएमओ डॉ. आरपी सिंह की ओर से दी गई तहरीर में पोस्टमार्टम हाउस में बनाए गए अश्लील वीडियो की जानकारी दी गई है। मामले में केस दर्ज कर शाम तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।  सीएमओ डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो में शामिल कर्मचारियों की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। डिप्टी सीएमओ डॉ. आरपी सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. जैसलाल और फोरेंसिक मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ. रिषभ कुमार की तीन सदस्यीय टीम को जांच का जिम्मा सौंपा गया है।


 13 अगस्त से अधिकारियों को थी जानकारी, नहीं की कार्रवाई 
सूत्रों का कहना है कि वायरल वीडियो 12 अगस्त को बनाया गया था। 13 अगस्त को वीडियो सीएमओ कार्यालय के अधिकारियों के पास पहुंच गया था। करीब एक सप्ताह तक सीएमओ कार्यालय की तरफ से कार्रवाई नहीं की गई। वीडियो के वायरल होने के बाद अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू की। 


एंबुलेंस चालक के मोबाइल से परवेंदर ने बनाया वीडियो 
सोशल मीडिया पर वारयल हुए सवा 6 मिनट के वीडियो में शेर सिंह महिला संग डीप फ्रीजर कक्ष में अश्लील हरकत करता दिख रहा है। पुलिस के मुताबिक परवेंदर ने चुपके से वीडियो बना लिया। निजी एंबुलेंस चालक भानू ने उसे मोबाइल दिया था। एडीसीपी नोएडा मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रही महिला की पहचान की जा रही है। वीडियो में एक व्यक्ति चाय की दुकान से डीप फ्रीजर कक्ष में पहुंचता है। वहां सफाईकर्मी महिला संग मौजूद है। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति दूसरे कमरे से चादर लाकर सफाईकर्मी को देकर बाहर आता है। कुछ देर बाद  वह दोबारा कक्ष में जाता है। जहां सफाईकर्मी महिला के संग आपत्तिजनक स्थिति में दिख रहा है। वीडियो बनाने पर महिला नाराज हो जाती है। 


---------0000000000


हरियाणा में भाजपा के डेढ़ दर्जन से अधिक विधायक होंगे बेटिकट

अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए भाजपा जीत हासिल करने की संभावना रखने वाले नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट देने से परहेज नहीं बरतेगी। इस क्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की पुत्री सहित कई नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट मिलेगा। एंटी इन्कम्बेंसी रोकने के लिए पार्टी ने कम से कम डेढ़ दर्जन विधायकों को बेटिकट करने का मन बनाया है। उम्मीदवारों के नाम पर मंथन के लिए पार्टी के केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक रविवार को होगी।
विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारी तय करने के लिए पार्टी ने राज्य की सभी 90 सीटों का सर्वे कराया है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि सर्वे में कई विधायकों के खिलाफ जहां स्थानीय स्तर पर गहरी नाराजगी है, वहीं कई विधायक सीट के सामाजिक समीकरणों में फिट नहीं बैठ रहे। ऐसे में पार्टी नेतृत्व की योजना 15 से अधिक जीती सीटों पर नए चेहरे को मौका देने की है।

परिवारवाद पर रुख रहेगा नरम
विस चुनाव में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह व कांग्रेस से भाजपा में शामिल होकर राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनी पूर्व मंत्री किरण चौधरी अपनी-अपनी पुत्रियों, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और सांसद धर्मवीर, कुलदीप बिश्नोई अपने-अपने पुत्रों के लिए तो रमेश कौशिक अपने भाई, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता अपने भतीजे के लिए टिकट मांग रहे हैं। रिश्तेदारों के लिए टिकट मांगने वाले ऐसे नेताओं की संख्या एक दर्जन से कुछ ज्यादा है। 
n सोमवार को आएगी पहली सूची...हरियाणा और जम्मू-कश्मीर दोनों राज्यों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची सोमवार को जारी होने की संभावना है। इसमें दोनों ही राज्यों की एक दर्जन सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जाएंगे। 

पहली सूची में ज्यादातर दिग्गज चेहरों के नाम होंगे। गौरतलब है कि दोनों ही राज्यों में उम्मीदवारों का पैनल तैयार करने के लिए लगातार बैठकों का दौर जारी है।


------------00000000

जम्मू-कश्मीर व हरियाणा विस चुनाव के लिए तैनात होंेगे 400 पर्यवेक्षक : सीईसी
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए तैनात किए जा रहे 400 से अधिक पर्यवेक्षकों से बृहस्पतिवार को कहा कि वे निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान फर्जी बयानों से सतर्क रहें। आयोग ने पर्यवेक्षकों को सलाह दी है कि वे चुनाव प्रक्रिया को पटरी से उतारने की कोशिश करने वाले ऐसे बयानों का त्वरित जवाब सुनिश्चित करें।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि आयोग के प्रतिनिधि के रूप में उनसे यह अपेक्षा की जाती है कि वे पेशेवर तरीके से आचरण करें। साथ ही उम्मीदवारों और आम जनता सहित सभी हितधारकों के लिए सुलभ रहें। उन्होंने पर्यवेक्षकों को भाषा संबंधी बाधाओं को दूर करने की सलाह देते हुए कहा कि संचार में कोई बाधा न हो। उन्होंने पर्यवेक्षकों को याद दिलाया कि वे पार्टियों, उम्मीदवारों, मतदाताओं और चुनाव आयोग की निगरानी में रहेंगे। जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में करीब 200 सामान्य पर्यवेक्षक, 100 पुलिस पर्यवेक्षक और इतने ही व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए जा रहे हैं। ब्यूरो
चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि अधिकारियों को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए पूरे चुनाव तंत्र का निरीक्षण करना चाहिए। विधानसभा चुनावों में कड़ी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए उन्होंने कहा कि इन चुनावों में पर्यवेक्षकों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू ने कहा कि चुनावों के संचालन को बेहतर बनाने के लिए सुगमता, दृश्यता और जवाबदेही आवश्यक है। आईएएस, आईपीएस, आईआरएस और अन्य केंद्रीय सेवाओं के अधिकारियों को पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया जाता है।





















































---------------------------------------kkkkkkkkkkkkkkkkkkkkkkkkkkkkkkk


15 करोड़ की मेस्कलाइन ड्रग्स पकड़ी, विदेशी युवती गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल व नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने संयुक्त अभियान में ड्रग्स तस्करी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। 
पुलिस ने नाइजीरियाई युवती फेथ राचेल को महरौली से गिरफ्तार कर 3.8 किलो मेस्कलाइन ड्रग्स बरामद की है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 15 करोड़ से ज्यादा बताई रही है। दिल्ली पुलिस अधिकारियों की मानें तो मेस्कलाइन ड्रग्स दिल्ली में पहली बार पकड़ी गई है। यह रूस के अलावा 
दक्षिणी अमेरिकी देश पेरू और इक्वाडोर में सैन पेड्रो कैक्टस से बनाई जाती है।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त अमित कौशिक ने बताया कि बरामद साइकोट्रोपिक पदार्थ मेस्कलाइन विदेश से तस्करी कर लाया गया था और इसे दिल्ली में सप्लाई किया जाना था। इसे टॉफियों और मछली के भोजन की पैकिंग में लाया गया था। मेस्कलाइन को पार्टी ड्रग्स के रूप में जाना जाता है। इसमें एलएसडी और साइलोसाइबिन (मैजिक मशरूम) के समान ही मतिभ्रम पैदा करने वाले प्रभाव होते हैं। 
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सेल की ट्रांस यमुना रेंज में तैनात एसीपी कैलाश सिंह बिष्ट की करीबी निगरानी में इंस्पेक्टर 
राहुल कुमार और विनीत कुमार तेवतिया की टीम ने ड्रग्स तस्करी के गिरोह का 14 अगस्त को पर्दाफाश किया।


मेडिकल वीजा पर भारत आई थी फेथ राचेल
नाइजीरिया के लागोस की रहने वाली महिला फेथ राचेल अगस्त 2022 में मेडिकल वीजा पर भारत आई थी। वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद वह वापस नहीं लौटी। वह एक नाइजीरियाई नागरिक के संपर्क में आई और नशीले पदार्थों की तस्करी शुरू कर दी। जनवरी 2024 में उक्त नाइजीरियाई नागरिक अपने देश लौट गया। इसके बाद फेथ राचेल नारकोटिक्स ड्रग्स कार्टेल का हिस्सा बन गई और नाइजीरिया में रहने वाले उक्त व्यक्ति की मदद से नशीले पदार्थ की खेप एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाती थी।

g    पहली बार भारत लाई गई मेस्कलाइन : मेस्कलाइन ड्रग्स को पहली बार भारत लाया गया है। यह प्राकृतिक रूप से पाया जाने वाला साइकेडेलिक है। मेस्कलाइन पाउडर, टैबलेट, कैप्सूल या तरल रूप में हो सकता है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को अप्रैल 2024 के पहले सप्ताह में पता चला था कि एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट दिल्ली और एनसीआर में नशीले पदार्थों की आपूर्ति में लिप्त है।

-------------------000000000000


चलेंगी फीडर बसें, डीडीए फ्लैटों तक जाना होगा आसान

मोहित शुक्ला
नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण अपनी तीनों आवासीय योजनाओं के फ्लैटों की बिक्री सुनिश्चित करने के लिए हर रणनीति पर काम कर रहा है। 
फिलहाल जोर योजना के आवासीय परिसरों तक आवाजाही बेहतर करने पर है। साथ ही डीडीए का हरियाली विकसित करने के साथ साफ-सफाई व सौंदर्यीकरण पर भी जोर है। इसके लिए डीडीए ने डीटीसी और एमसीडी से हाथ मिलाया है। डीटीसी फिलहाल नरेला के आवासीय परिसरों तक पहुंचने के लिए फीडर बसें चलाएगी। आगे मांग के हिसाब से इसका विस्तार होगा। वहीं, एमसीडी सड़कों व गलियों को दुरुस्त करने के साथ साफ-सफाई का काम करेगा।
दरअसल, डीडीए की 2014 से 2023 तक करीब छह आवासीय योजनाओं के सभी फ्लैट अलग-अलग वजहों से नहीं बिक सके थे। करीब 50 फीसदी फ्लैट हर योजना के बिना बिके रहे। इसमें बड़ी समस्या आवाजाही की थी। नरेला जैसे इलाके के आवासीय परिसरों तक पहुंचना आसान नहीं था। वहीं, कई जगहों पर आवासीय परिसरों की सड़कें व गलियों समेत दूसरी नागरिक सुविधाएं भी बेहतर नहीं थीं। माना जा रहा था कि इन वजहों से लोगों ने बड़े पैमाने पर पुरानी आवासीय योजनाओं में दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। इस संकट से निपटने के लिए इस बार डीडीए पहले से ही तैयार है। करीब 40000 फ्लैटों की तीन आवासीय योजनाओं में प्राथमिकता आवाजाही पर है। इसमें जोर लास्ट माइल कनेक्टिविटी देने का है। इसके लिए डीडीए ने डीटीसी से समझौता किया है। पहले फेज में नरेला के अंदर की सोसाइटी तक लोगों को ले जाने के लिए डीटीसी फीडर बसें चलाएगी। इसके लिए लोगों की संख्या के हिसाब से पहले रूट फाइनल होगा। फिर, जरूरत के हिसाब से फीडर बसें चलाई जाएंगी। आगे मांग ज्यादा होने पर डीडीए दूसरे आवासीय परिसरों के लिए भी इसका इंतजाम करेगा।
द्वारका के 173 फ्लैटों के लिए 48 घंटे में 414 आवेदन : द्वारका योजना के लिए बुधवार से रजिस्ट्रेशन हो रहे हैं। इनका ई-ऑक्शन होगा। इसके 173 फ्लैटों के लिए पहले दो दिनों में 414 आवेदन मिले हैं। सस्ता घर आवास योजना में 750 आवेदन आए हैं, जबकि मध्य वर्गीय आवास योजना में 405 आवेदन मिले हैं। इन योजनाओं के आवेदन की प्रकिया बृहस्पतिवार को शुरू हुई है। डीडीए का मानना है कि अभी शुरुआत हुई है। आने वाले दिनों में आवेदकों की संख्या में विस्तार होगा। सस्ता घर आवास योजना व मध्य वर्गीय आवास योजना में फ्लैट्स पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिए जाएंगे। द्वारका योजना में ई-नीलामी के तहत फ्लैट्स दिए जाएंगे। 24, 25 व 26 सितंबर को ऑनलाइन ई-नीलामी की जाएगी। डीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि जो भी व्यक्ति फ्लैट की बुकिंग कराएगा, उसे दो हफ्ते के अंदर कब्जा दे दिया जाएगा।


एमसीडी करेगी साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत 
आवासीय परिसरों को बेहतर करने के लिए डीडीए ने एमसीडी से भी हाथ मिलाया है। एमसीडी साफ-सफाई के साथ सड़कों व गलियों को बेहतर करेगी। वहीं, परिसरों में हरियाली का विकास होगा। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस बार ग्रीन एरिया के लिए काफी काम किया गया है। इसमें पार्क, बच्चों के लिए झूले व अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। सभी सोसाइटियों के पास स्कूल, कॉलेज, मॉल, पेट्रोल पंप, अस्पताल व मार्केट भी नजदीक ही रहेंगी। फ्लैटों में रहने वाले लोगों को इन सभी चीजों को लेकर कोई परेशानी नहीं होगी।


----------------0000000000


संगीत और फैशन का जलवा बिखेरेगा एलीट रनवे वीक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। लाइट, कैमरा, संगीत की धुनें, और फैशन का जलवा। दिल्ली के प्रतिष्ठित हयात सेंट्रिक होटल में एलीट रनवे वीक के ग्रैंड फिनाले में ऐसा ही नजारा देखने को मिलेगा। आगामी 25 अगस्त को नामी फैशन उद्यमी शिवांशु पाठक की ओर से इसे आयोजित किया जा रहा है। इसे प्रस्तुत अब्सकोड इंर्फोमेटिक्स की ओर से किया जाएगा। फैशन के इस समारोह में अमर उजाला एक्सीलेंस पार्टनर की भूमिका निभा रहा है।  
एलीट रनवे वीक के रैंप पर कई प्रसिद्ध डिजाइनर रोसी आहलुवालिया, मुकेश दुबे, शिखर वर्मा, आले शर्मा, कल्पना गौतम, स्नेहा, विपिन अग्रवाल, ममता मलिक अपने परिधानों का जलवा बिखेरेंगे। इसके साथ ही लाल बहादुर शास्त्री फैशन संस्थान    की ओर से भी परिधान प्रदर्शित किए जाएंगे। फैशन प्रेमियों के लिए यह एक शानदार अनुभव होगा। 
दर्शक पेशेवर मॉडलों को पर्यावरण अनुकूल फैशन थीम को मूर्त रूप देते हुए रनवे पर चलते हुए देखेंगे। यह अनूठे परिधानों में सजे होंगे। इस कार्यक्रम को प्रसिद्ध शो डायरेक्टर खिजर हुसैन और तरुण राजपूत द्वारा जीवंत किया जाएगा।  पर्यावरण चेतना के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता के साथ इस कार्यक्रम का उद्देश्य फैशन उद्योग को स्थिरता अपनाने के लिए प्रेरित करना है।


---------------00000000000

धूम फिल्म की तर्ज पर झपटमारी करने वाले गिरोह के तीन दबोचे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। फिल्म धूम और स्पेशल-26 की तर्ज पर झपटमारी करने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को गीता कॉलोनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी शाहरुख और आसिफ के अलावा माल के रिसीवर इंदिरापुरी, लक्ष्मी गार्डन, लोनी निवासी रिजवान उर्फ मुल्ला के रूप में हुई है।
आरोपियों ने 18 अगस्त को चार घंटे के भीतर 26 मोबाइल झपट लिए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 26 मोबाइल, सोने की दो चेन, चोरी की तीन बाइक और अन्य सामान बरामद किया है। शाहरुख के खिलाफ पहले से 23 मामले दर्ज हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने 31 वारदातें सुलझाने का दावा किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ दिनों में इन लोगों ने झपटमारी की 100 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया है। शाहरुख और आसिफ सुबह केटीएम बाइक पर वारदात करते थे। आरोपी रिजवान के खिलाफ हत्या सहित छह मामले दर्ज हैं। 
शाहदरा जिला के पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि नौ अगस्त को गीता कालोनी में केटीएम सवार दो बदमाशों ने एक महिला से चेन झपट ली थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर बाइक नंबर के आधार पर पता चला कि बदमाशों ने चोरी की बाइक से वारदात की है। पुलिस ने करीब 650 सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों के रास्ते की जांच की। इसके बाद पुलिस गांधी नगर, पुश्ता रोड, शास्त्री पार्क, उस्मानपुर, खजूरी खास, सिग्नेचर ब्रिज, संगम विहार होते हुए जगतपुर गांव पहुंची। फिर सात दिनों तक तड़के जांच की गई। इस बीच पुलिस ने 19 अगस्त को शाहरुख और आसिफ को गीता काॅलोनी से दबोच लिया। इसके बाद रिजवान को लोनी से पकड़ा गया। शाहरुख ने बताया कि वह नवंबर 2023 में जेल से बाहर आया और आसिफ से मिलकर वारदात अंजाम देने लगा। 

यू-ट्यूब और इंस्टाग्राम पर वीडियो देखकर ली ट्रेनिंग


शुजात आलम
नई दिल्ली। महंगे शौक और गर्लफ्रेंड के खर्चे पूरे करने के लिए शाहरुख ने खुद का केटीएम बाइक गैंग (केबीजी गैंग) बनाया। शाहरुख स्पोर्ट्स बाइक चलाने में माहिर है। उसका दावा है कि बाइक पर कोई भी पीछाकर उसे नहीं पकड़ सकता। 
पुलिस के अनुसार, शाहरुख ने सबसे पहले आसिफ को गैंग में शामिल किया। इसके बाद यू-ट्यूब और इंस्टाग्राम से वीडियो देखकर झपटमारी की ट्रेनिंग ली। वारदात को अंजाम देने की प्रैक्टिस यमुना खादर और शास्त्री पार्क के जंगलों में की गई। आसिफ को झपटमारी के लिए पूरी तरह तैयार करने के बाद 18 अगस्त को एक ही दिन में 26 वारदातों को अंजाम दे दिया गया। शाहरुख ने बताया कि पुलिस से बचने के लिए वह वारदात को अंजाम देने के बाद 10 से 15 दिन के लिए गायब हो जाते थे। 
एक ही दिन में शाहरुख और आसिफ ने दिल्ली के कई जिलों में वारदात को अंजाम दिया। अगले दिन शाहरुख ने एक ही दिन में 56 वारदातें अंजाम देने की        साजिश रची। पूछताछ में शाहरुख ने बताया कि नवंबर 2023 में     जेल से बाहर आने के बाद उसकी ख्वाहिश खुद का गिरोह बनाने की थी, इसलिए उसने गिरोह         तैयार किया। 
वारदात के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए बदमाश अलग-अलग रूट से फरार हो जाते थे, ताकि कोई उनकी पहचान न कर सके। इनके निशाने पर सुबह की सैर करने वाले लोग होते थे। सुबह के समय ट्रैफिक भी कम होता था, इससे भागने में भी कोई दिक्कत नहीं होती थी। लूटा गया सारा माल लेकर रिजवान के पास पहुंचते थे। गिरफ्तारी के समय यह 19 अगस्त को रिजवान के पास लोनी ही जा रहे थे।


-----------------0000000000















































 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed