Lucknow News :निलंबित इंजीनियर ने हासिल की आय से दोगुनी संपत्ति, सीबीआई ने दर्ज किया केस
ओेम प्रकाश सोनकर ने महज दो लाख रुपये के आभूषण अपने पास होने की घोषणा की थी, लेकिन अब ऐसा नहीं। ज्यादा दाम के आभूषण जुटाए हैं। जांच से पता चला कि 29.61 लाख रुपये बैंकों से निकाले गए हैं। 40 लाख रुपये की दो लग्जरी गाड़ियां भी खरीदी गई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तीन लाख रुपये घूस लेने के आरोपी व बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के निलंबित सीनियर सिविल इंजीनियर ओम प्रकाश सोनकर ने अपनी आय से दोगुना ज्यादा संपत्ति अर्जित की है। यह सीबीआई की जांच में सामने आया है। पता चला कि एक अप्रैल 2015 से 16 सितंबर 2022 के बीच ओम प्रकाश सोनकर ने खुद और परिजनों के नाम पर 1.04 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां अर्जित कीं। इस अवधि में ओम प्रकाश सोनकर और उनके परिजनों ने 1.45 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसी तरह सभी स्रोतों से ओम प्रकाश की आय 1.22 करोड़ रुपये पाई गई। इस तरह कुल आय से 1.28 करोड़ रुपये अधिक की कमाई की गई। जांच में ओम प्रकाश सोनकर के परिजनों के पास 45 लाख रुपये के अघोषित आभूषण भी मिले हैं।
सीबीआई के अनुसार, वर्ष 2015 में ओेम प्रकाश सोनकर ने महज दो लाख रुपये के आभूषण अपने पास होने की घोषणा की थी, लेकिन अब ऐसा नहीं। ज्यादा दाम के आभूषण जुटाए हैं। जांच से पता चला कि 29.61 लाख रुपये बैंकों से निकाले गए हैं। 40 लाख रुपये की दो लग्जरी गाड़ियां भी खरीदी गई हैं। छापे के दौरान ओम प्रकाश सोनकर के घर और परिजनों के बैंक लॉकर में 13 लाख रुपये होने की जानकारी मिली है। यूपीआई के जरिये किसी व्यक्ति के बैंक खाते में 13 लाख रुपये भेजने का मामला भी सामने आया है। पुख्ता प्रमाण मिलने के बाद ही सीबीआई लखनऊ की एंटी करप्शन ब्रांच के निरीक्षक पीयूष वर्मा ने ओम प्रकाश सोनकर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का केस दर्ज कराया है। केस दर्ज करने के बाद ही गत शनिवार को ओम प्रकाश सोनकर के वाराणसी, सैदपुर (गाजीपुर) स्थित घर और नोएडा में बेटी-दामाद के घर पर छापा मारा गया था।
मुश्किलें बढ़ेंगी, तगड़ी कार्रवाई के आसार
बरेका के निलंबित इंजीनियर पर 16 सितंबर 2022 को एक ठेकेदार के बिल के भुगतान के लिए तीन लाख रुपये घूस मांगने के आरोप लगे थे। यह मामला सीबीआई के पास पहुंचा था। जांच एजेंसी ने जाल बिछाकर ओम प्रकाश सोनकर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। अब आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में केस दर्ज हुआ है। इससे मुश्किलें बढ़नी तय है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरेापी इंजीपियर के खिलाफ और तगड़ी कार्रवाई के आसार हैं। आरोप गंभीर हैं। लिहाजा, जल्द ही दोबारा गिरफ्तारी हो सकती है। हालांकि अंतिम फैसला जांच एजेंसी को लेना होता है। सीबीआई के छापे के बाद राणा नगर कॉलोनी से बरेका तक ओम प्रकाश सोनकर को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं के दौर जारी हैं। लोगों का कहना है कि घूस लेने के मामले में ओम प्रकाश सोनकर फंसे ही हुए थे। अब आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला भी उनके गले की फांस बन गया।