Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   Lucknow news

Lucknow News: सरोजनीनगर को 76 करोड़ से अधिक की विकास की सौगात, 107 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण, 10 करोड़ की कायाकल्प परियोजना शुरू

Thu, 05 Nov 2026 10:00 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Thu, 05 Nov 2026 10:00 PM IST
विज्ञापन
Lucknow news

विज्ञापन

सरोजनीनगर को 76 करोड़ से अधिक की विकास की सौगात, 107 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण,
10 करोड़ की कायाकल्प परियोजना शुरू

माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, आवासीय क्षेत्रों के पुनर्विकास, शिक्षा, महिला स्वावलंबन और जनसहभागिता को नई गति देते हुए बृहस्पतिवार को मान्यवर कांशीराम आवासीय योजना, सदरौना स्थित आरएस लॉन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कायाकल्प परियोजना के भूमि पूजन एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर एलडीए की 67.26 करोड़ रुपये की लागत वाली 107 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। साथ ही 10 करोड़ रुपये की लागत से मान्यवर कांशीराम आवासीय कॉलोनी, सदरौना के व्यापक कायाकल्प की परियोजना का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विकास के साथ शिक्षा और सामाजिक सशक्तीकरण को भी विशेष महत्व दिया गया। मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनकी शैक्षिक यात्रा को प्रोत्साहित किया गया। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से तारा शक्ति सिलाई केंद्रों का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त मतदाता सूचियों के सत्यापन तथा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने के उद्देश्य से 'हर घर राजेश्वर' अभियान का शुभारंभ किया गया। 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को डॉ. राजेश्वर सिंह ने लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया।
विज्ञापन

==
बच्चों की शिक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर के विकास की परिकल्पना में बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। हमारा सपना है कि प्रत्येक बच्चे को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों और प्रतिभा किसी भी परिस्थिति में अवसरों से वंचित न रहे। मेधावी बच्चों का सम्मान करना समाज और जनप्रतिनिधि, दोनों का महत्वपूर्ण दायित्व है। यह बच्चे जितना आगे बढ़ेंगे, समाज उतना ही आगे बढ़ेगा। सरोजनीनगर में अब तक 2,000 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर साइकिल और लैपटॉप दिये जा चुके हैं। इनकी उपलब्धियां दूसरे बच्चों को भी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित कर रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

==

180 तारा शक्ति केंद्र, 2,500 से अधिक सिलाई मशीनें

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की यात्रा चार तारा शक्ति केंद्रों की स्थापना के संकल्प से शुरू हुई थी। उस समय सिलाई केंद्रों के संचालन के लिए मातृशक्ति को तलाशना और उन्हें इस अभियान से जोड़ना एक बड़ी चुनौती थी। लेकिन आज लगभग पौने पांच वर्षों में सरोजनीनगर में 180 तारा शक्ति केंद्र स्थापित हो चुके हैं और 2,500 से अधिक सिलाई मशीनों का वितरण किया जा चुका है। यह केवल सिलाई मशीनों का वितरण नहीं, बल्कि महिलाओं को स्वरोजगार, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने का प्रयास है।
==

9,000 से अधिक श्रद्धालु कर चुके रामलला के दर्शन

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर हमारे लिए एक परिवार है। परिवार में बुजुर्गों का सम्मान, बच्चों का भविष्य और प्रत्येक सदस्य की खुशहाली समान रूप से महत्वपूर्ण होती है। इसी भावना के साथ रामरथ यात्रा की शुरुआत की गई। अब तक 9,000 से अधिक श्रद्धालु रामरथ के माध्यम से अयोध्या धाम में श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं। खाटू श्याम धाम की यात्रा भी आयोजित की गई और वर्तमान में बिठूर की धार्मिक यात्रा संचालित हो रही है। इन पहलों का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि बच्चों को शिक्षा, खेल और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सरोजनीनगर के प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय में झूलों की व्यवस्था की गयी, जिसका लाभ 22,000 से अधिक बच्चों को मिल रहा है।

==

सरोजनीनगर में निवेश और रोजगार की नई संभावनाएं

सरोजनीनगर की विकास संभावनाओं पर चर्चा करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि यह विधानसभा क्षेत्र अपनी भौगोलिक और आधारभूत सुविधाओं की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मेट्रो और चार एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी उपलब्ध है। क्षेत्र में प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान हैं और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय तथा लखनऊ विश्वविद्यालय के कृषि परिसर जैसी शैक्षिक संभावनाएं इसे शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित कर रही हैं। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य हुए हैं। सरोजनीनगर में स्थापित हो रहे अमेजन एवं फ्लिपकार्ट के बड़े लॉजिस्टिक पार्क और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे से क्षेत्र में निवेश, व्यापार और रोजगार की नई संभावनाएं विकसित हुई हैं। रोजगार और युवाओं के भविष्य पर डॉ. सिंह ने कहा कि आज की पीढ़ी ने वह दौर नहीं देखा, जब पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में भर्तियों में धांधली और पक्षपात की शिकायतें सामने आती थीं। ऐसी परिस्थितियों में अनेक प्रतिभाशाली युवाओं को नुकसान उठाना पड़ता था। कार्यक्रम में भाजपा लखनऊ के जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, वरिष्ठ भाजपा नेता गंगाराम अम्बेडकर, मंडल अध्यक्ष दल बहादुर सिंह, रविराज लोधी, शुभम पाल, कुंवर राजेन्द्र सिंह 'राजू', नीतू यादव, कुंवर राम विलास रावत, श्रवण कुमार रावत, डॉ. अखिलेश सिंह, अरुण कुमार मिश्रा, शिविता गोयल सहित अनेक प्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed