{"_id":"6329b58692aea924227fd0e2","slug":"lucknow-news-love-was-looted-land-was-bought-infidelity-was-killed-the-dead-body-was-found-in-the-hotel","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News : प्यार लुटाया, जमीन खरीदी, बेवफाई की तो मार डाला, होटल जस्ट 9इन में मिला था युवती था शव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News : प्यार लुटाया, जमीन खरीदी, बेवफाई की तो मार डाला, होटल जस्ट 9इन में मिला था युवती था शव
Wed, 21 Sep 2022 12:02 AM IST
पंकज श्रीवास्तव
माई सिटी रिपोर्टर, अमर उजाला, लखनऊ
माई सिटी रिपोर्टर, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Wed, 21 Sep 2022 12:02 AM IST
सार
युवती 11 सितंबर को होटल में नितिन के साथ गई थी। उसने रूम नंबर 901 बुक कराया था। नितिन को मंगेतर बताया। वहीं दूसरे दिन सोमवार रात को सुशील भी वहां पहुंचा। उसे अपना भाई बताकर कमरा नंबर 924 बुक कराया।
विज्ञापन
युवती की हत्या में गिरफ्तार आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
छह साल तक प्यार दिया। साथ जीने मरने की कसमें खाईं। अपना बनाने के लिए जमीन खरीदी। बेवफाई की जानकारी हुई तो मनाने के लिए होटल के कमरे में साथ ठहरा। मामला नहीं बना तो हत्या कर दी। वारदात के बाद दो दिनों तक पूर्व प्रेमी लखनऊ में रहा। फिर अपने दोस्त के साथ नेपाल भाग गया। यह बात पुलिस ने कैसरबाग के जस्ट 9इन होटल में हुए युवती हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताई। पुलिस ने आत्मसमर्पण के लिए वकील के पास जाते समय सोमवार देर रात आरोपी को दबोच लिया। आरोपी के साथ सहयोग करने वाला दोस्त भी दबोचा गया। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन
डीसीपी पश्चिम शिवा सिम्पी चन्नप्पा के मुताबिक 13 सितंबर को होटल जस्ट 9इन के कमरा नंबर 924 के बाथरूम में युवती का शव मिला। युवती संतकबीरनगर की रहने वाली थी। उसके परिजनों ने छह साल से कोई संपर्क नहीं था। युवती की हत्या उसके पूर्व प्रेमी सुशील जायसवाल ने की थी। पुलिस ने उसे और सहयोग करने वाले राजेश सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि युवती करीब छह-सात साल पहले लखनऊ आई थी।
विज्ञापन
छह साल पहले मिली थी सुशील से
पुलिस के मुताबिक युवती की मुलाकात आलमनगर बादशाहखेड़ा के सुशील कुमार से छह साल पहले हुई थी। दोनों में दोस्ती हुई फिर प्रेम संबंध बन गया। बात शादी करने पहुंच गई। लेकिन इसी बीच करीब डेढ़ साल पहले युवती के संपर्क में सुशांत गोल्फ सिटी इलाके का नितिन द्विवेदी नाम का युवक आया। युवती का झुकाव उसकी तरफ होने लगा। लेकिन इसकी जानकारी सुशील को नहीं हो सकी। जब जानकारी हुई तो नितिन व युवती शादी करने की तैयारी करने लगे। पुलिस के मुताबिक युवती सुशील व नितिन दोनों से बातचीत करती थी। नितिन से सुशील को अपना भाई बताती थी। वहीं सुशील से नितिन का परिचय अपने रिश्तेदार के रूप में देती थी।
विज्ञापन
दो दिन से होटल में ठहरी थी युवती
प्रभारी निरीक्षक कैसरबाग अजय नारायण सिंह के मुताबिक मृतका 11 सितंबर को होटल में नितिन के साथ गई थी। उसने रूम नंबर 901 बुक कराया था। नितिन को मंगेतर बताया। वहीं दूसरे दिन सोमवार रात को सुशील भी वहां पहुंचा। उसे अपना भाई बताकर कमरा नंबर 924 बुक कराया। नितिन से कहा कि वह अपने भाई के साथ कमरे में रुकेगी। कुछ बातचीत करनी है। इसके सुबह युवती का शव बाथरूम में लगे टॉवल हैंगर से गमछे के सहारे लटका मिला।
पुलिस के मुताबिक सुशील व युवती के बीच में कुछ विवाद हुआ था। इसके बाद युवती की हत्या की गई थी। वारदात के बाद सुशील फरार हो गया था। पुलिस के मुताबिक युवती की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमे में हत्या की धारा के साथ दुष्कर्म, वारदात छिपाने, एससी-एसटी और उसके दोस्त पर मदद करने की धारा बढ़ाई गई है।
जमीन के कागज देने के बहाने मिला था सुशील
एडीसीपी पश्चिम चिरंजीव नाथ सिन्हा के मुताबिक सुशील व युवती के बीच संबंध काफी करीबी थे। सुशील ने उसके लिए बीकेटी के मिश्रीपुर में एक जमीन खरीदी थी। जमीन मई 2022 में खरीदी गई थी। जिसका दाखिल खारिज नहीं हुआ था। इसी जमीन की रजिस्ट्री पेपर देने के लिए सुशील ने युवती को कॉल किया। तो युवती ने होटल में उसे बुला लिया। जहां दोनों एक ही कमरे में रात भर रहे। सुशील ने दुष्कर्म किया फिर उसकी हत्या कर फरार हो गया। किसी को संदेह न हो, इसके लिए शव को बाथरूम में टॉवल हैंगर पर लटका दिया।
वारदात के बाद दोस्त के घर रुका
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद सुशील ने बताया कि वह वारदात के बाद इटौंजा के रायपुर निवासी राजेश कुमार सिंह के घर गया। जहां वह दो दिन तक रुका रहा। लगातार पुलिस की हरकतों पर नजर रखे था। जब पुलिस ने उसकी मां और मामा को हिरासत में लिया तो वह नेपाल भाग गया। उसके साथ दोस्त राजेश सिंह भी चला गया। राजेश ने उसकी जमानत कराने व मदद कराने का आश्वासन दिया था। नेपाल जाने से पहले दोनों ने अपने मोबाइल बंद कर दिए थे। नेपाल में रहने के बाद भी मुसीबतें कम होती नहीं दिखीं तो वकील से संपर्क करने के लिए मोबाइल में नेपाल का सिम लगाया। जिसके बाद सर्विलांस ने दोनों के लोकेशन निकालकर घेराबंदी शुरू की। इसी बीच पता चला कि सोमवार को दोनों आत्मसमर्पण करने के लिए वकील से मिलने लखनऊ आ रहे है तो घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पांच दिन तक सोशल मीडिया व गांव-गांव तलाशा
प्रभारी निरीक्षक अजय नारायण सिंह के मुताबिक, युवती की शिनाख्त के लिए पुलिस टीम वारदात के बाद से लगी थी। लेकिन लखनऊ में सफलता नहीं मिल रही थी। युवती की एक परिचित लड़की ने संतकबीर नगर जिले की होने की बात बताई। इस पर पुलिस टीम ने पांच दिन तक संतकबीरनगर जिले में डेरा डाल दिया। लगातार शिनाख्त कराने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल किए गए। करीब 45 गांव में युवती की शिनाख्त कराने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस युवती के सौतेले पिता तक पहुंची। पिता व भाई ने शिनाख्त की लेकिन अंतिम संस्कार पुलिस ने कर दिया था। पिता ने छह साल से कोई संबंध न होने की बात कही, फिर वापस चला गया।