{"_id":"63ff6dd87bc2fa0c970da713","slug":"lucknow-news-iidc-manoj-kumar-singh-also-given-additional-charge-of-pickup-chairman-2023-03-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News : आईआईडीसी मनोज कुमार सिंह को पिकप चेयरमैन का भी अतिरिक्त प्रभार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News : आईआईडीसी मनोज कुमार सिंह को पिकप चेयरमैन का भी अतिरिक्त प्रभार
Wed, 01 Mar 2023 10:02 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Wed, 01 Mar 2023 10:02 PM IST
सार
मंगलवार को सेवानिवृत्त हुए निवर्तमान अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त अरविंद कुमार के पास नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के चेयरमैन की भी जिम्मेदारी थी। अब ये पद भी रिक्त हो गए हैं। इन प्राधिकरणों के चेयरमैन की जिम्मेदारी किसे दी जाती है, इस पर लोगों की निगाहें हैं।
विज्ञापन
मनोज कुमार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
प्रदेश सरकार ने बुधवार को तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा। इनमें कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह के कद में और इजाफा किया गया है। अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) की जिम्मेदारी देने के बाद उन्हें प्रदेशीय औद्योगिक एवं निवेश निगम (पिकप) के चेयरमैन की जिम्मेदारी भी दे दी है। पिकप विभिन्न विभागों की नीतियों के अनुसार निवेशकों को वित्तीय लाभ दिलाने की कार्यवाही कराता है। पिछले दिनों संपन्न वैश्विक निवेशक सम्मेलन में 33.50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव आने के लिहाज से मनोज की जिम्मेदारी बढ़ गई है।
विज्ञापन
प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास नरेंद्र भूषण को मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) यूपीडा व उपशा की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। यूपीडा एक्सप्रेस-वे निर्माण व उपशा राज्य में राजमार्ग विकास का काम कराता है। पिकप के चेयरमैन तथा यूपीडा व उपशा के सीईओ की जिम्मेदारी अभी तक निवर्तमान आईआईडीसी अरविंद कुमार के पास ही थी। इसी तरह प्रमुख सचिव परिवहन एल. वेंकटेश्वर लू को राज्य सड़क परिवहन निगम के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इस पद की जिम्मेदारी मंगलवार को सेवानिवृत्त हुए पूर्व मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी के पास थी।
विज्ञापन
आईएएस अधिकारी मनोज कुमार सिंह की बढ़ती जिम्मेदारियां
- कृषि उत्पादन आयुक्त (एपीसी)
- अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी)
- चेयरमैन पिकप
- अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज
- अपर मुख्य सचिव उद्यान, खाद्य प्रसंस्करण एवं समन्वय
- परियोजना समन्वयक डास्प, यूपी
नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यीडा के चेयरमैन के पर निगाहें
मंगलवार को सेवानिवृत्त हुए निवर्तमान अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त अरविंद कुमार के पास नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के चेयरमैन की भी जिम्मेदारी थी। अब ये पद भी रिक्त हो गए हैं। इन प्राधिकरणों के चेयरमैन की जिम्मेदारी किसे दी जाती है, इस पर लोगों की निगाहें हैं।
विज्ञापन