लखनऊ हत्याकांड: होटल में लगाया गया ताला, जब्त किए गए फुटेज, अवैध है होटल शरनजीत का निर्माण, नहीं मिली फाइल
Lucknow massacre: लखनऊ के जिस होटल में हत्याकांड हुआ है। उसे पुलिस ने गुरुवार को सील कर दिया है। होटल के आसपास के फुटेज पुलिस ने सील कर दिए।
विस्तार
सामूहिक हत्याकांड के बाद होटल शरणजीत में बृहस्पतिवार को ताला लगा दिया गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास संचालित अन्य होटलों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं, घटना के दूसरे दिन भी इलाके में हत्याकांड चर्चा का विषय बना रहा।
घटना के दिन होटल से कई बार अरशद बाहर निकला था। ऐसे में होटल की आसपास की दुकानों व अन्य प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरे में आता जाता दिखा है। बृहस्पतिवार को घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित एक रेस्टोरेंट के कर्मचारी ने बताया कि मंगलवार को अरशद उन्हें कहीं जाता दिखा था। ग्राहक समझकर उसे रेस्टोरेंट में आने के लिए आवाज लगाई तो वह कुछ पल के लिए रुका फिर आगे चला गया। रेस्टोरेंट कर्मी ने बताया कि रुकने पर अरशद का बर्ताव उन्हें कुछ अलग लगा। वह थोड़ा से घबराया दिख रहा था। इसके बाद से वह रेस्टोरेंट के आसपास नहीं दिखा।
होटल शरणजीत की फाइल नहींं तलाश पा रहे एलडीए अफसर
चारबाग के होटल शरणजीत का निर्माण अवैध है, लेकिन एलडीए के अफसर होटल की फाइल नहीं तलाश पा रहे हैं। इससे साफ जाहिर है कि अवैध निर्माण में शामिल इंजीनियरों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
वारदात वाले होटल के अलावा गुरुनानक मार्केट, नाका, लाटूश रोड और अमीनाबाद में करीब 250 अवैध होटल हैं। इनके संचालकों को एलडीए कई बार नोटिसें भी जारी कर चुका है। पर इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं होती है। एलडीए के जोनल अधिकारी और एसडीएम शशि भूषण पाठक का कहना है कि होटल को लेकर पुलिस या एलडीए के किसी अधिकारी ने उनसे कोई जानकारी नहीं मांगी है। एलडीए की टीम वहां पर जांच के लिए नहीं गई है।
एसडीएम का कहना है कि चारबाग व उसके आसपास ज्यादातर होटल मानक के तहत नहीं बने हैं। वारदात वाले होटल के संचालक को कितनी बार नोटिस जारी हुआ और फिर क्या कार्रवाई हुई। इसे लेकर रिपोर्ट मांगी जाएगी। विहित प्राधिकारी व संयुक्त सचिव एसपी सिंह ने बताया कि होटल के ध्वस्तीकरण और सीलिंग का आदेश कब हुआ इस बारे में जानकारी की जाएगी।