कथक की थाप से शुरू होगा 39वां लखनऊ महोत्सव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कथक के लखनऊ घराने के अहम हस्ताक्षर पं. बिरजू महराज की प्रस्तुतियों से 39वें लखनऊ महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। गायिका रेखा भारद्वाज, रूप सिंह राठौर, मोहित चौहान, अंकित तिवारी, शिल्पा राव व कॉमेडियन भारती सिंह महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं को गुलजार करेंगे।
इसके अलावा हॉट एयर बैलून, जॉर्बिंग, पैरा ग्लाइडिंग सरीखे रोमांचकारी खेल भी महोत्सव की रौनक बढ़ा सकते हैं। पर्यटन विभाग के आला अधिकारियों ने बताया कि 25 नवम्बर से आशियाना स्थित स्मृति उपवन में लखनऊ महोत्सव का आगाज होगा।
छह व सात दिसम्बर को वीकेंड होने के कारण महोत्सव 13 दिनों तक चलेगा। इसके अलावा महोत्सव में सड़क किनारे टेबिल पर लगने वाली दुकानों के लिए अलग जोन बनाया जाएगा, जहां छह से साढ़े सात हजार रुपये में दुकानें आवंटित की जाएंगी।
किसानों को इस बार भी मायूसी हाथ लगेगी, क्योंकि इस बार भी कृषि मेले की कोई प्लानिंग नहीं है।
साइंस गैलरी होगी खास
विज्ञान एवं तकनीकी परिषद (सीएसटी) द्वारा महोत्सव में साइंस गैलरी आकर्षण का केंद्र होगी। गैलरी में मंगल अभियान सहित अन्य वैज्ञानिक उपलब्धियों की जानकारी दर्शकों को दी जाएगी।
इसमें एनबीआरआई, आईआईटीआर, सीमैप इत्यादि वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थानों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
हॉट एयर बैलूनिंग, जॉर्बिंग, पैरा ग्लाइडिंग सरीखे एडवेंचरस स्पोर्ट्स महोत्सव की शान बढ़ा सकते हैं। एकेडमी ऑफ एडवेंचर स्पोर्ट्स सहित कई संस्थाओं के आवेदन महोत्सव समिति के पास आए हैं, जिन पर विचार हो रहा है।
इसके अलावा पतंगबाजी, इक्का तांगा दौड़, आतिशबाजी, विंटेज कार रैली, नौका रैली, युवा महोत्सव, नाट्य समारोह, राइफल शूटिंग, महिला व पुरुष कुश्ती इत्यादि कार्यक्रम भी होंगे।
निशक्तजनों को मिलेगा मुफ्त प्रवेश्ा
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आरपी यादव ने बताया कि महोत्सव के शुभारंभ में बिरजू महाराज की कथक प्रस्तुतियों की योजना है। रोमांचकारी खेलों के लिए भी आवेदन आए हैं।
महोत्सव में करीब 51 फूड स्टाल, 273 कॉमर्शियल स्टॉल, 458 हैंडीक्राफ्ट स्टॉल, फर्नीचर कॉरपेट के 16 स्टॉल, पवेलियन में 60 स्टॉल और करीब 20 झूले होंगे।
निशक्तजनों को इस महोत्सव में मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा। वहीं आमजन के लिए दस रुपए का प्रवेश टिकट रखा गया है।