{"_id":"62ab611dae804e3a2018d0b4","slug":"lucknow-lda-kept-playing-notice-notice-three-storey-building-erected-case-of-aliganj-area-complaint-reached-to-governor","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखनऊ : एलडीए खेलता रहा नोटिस-नोटिस, तन गई तीन मंजिला इमारत, अलीगंज इलाके का मामला, राज्यपाल तक पहुंची शिकायत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखनऊ : एलडीए खेलता रहा नोटिस-नोटिस, तन गई तीन मंजिला इमारत, अलीगंज इलाके का मामला, राज्यपाल तक पहुंची शिकायत
Thu, 16 Jun 2022 10:28 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
माई सिटी रिपोर्टर, अमर उजाला, लखनऊ
माई सिटी रिपोर्टर, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Thu, 16 Jun 2022 10:28 PM IST
सार
अफसरों ने इस अवैध निर्माण पर कार्रवाई नहीं की तो सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत कुमार मिश्र के राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से इसकी शिकायत की है। उच्च अफसरों के निर्देश पर अवैध निर्माण को सील करने का निर्देश असिस्टेंट इंजीनियर प्रवीण को दिया गया है। ई एवं सुपरवाइजर ने मौका मुआयना भी कर लिया है।
विज्ञापन
लखनऊ में बना अवैध निर्माण
- फोटो : amar ujala
विस्तार
एलडीए के जोन चार स्थित अलीगंज क्षेत्र में मानचित्र के विपरीत हुए निर्माण को लेकर प्राधिकरण के अफसर नोटिस-नोटिस खेलते रहे और अवैध निर्माण पर तीन मंजिला इमारत बन कर खड़ी हो गई। अवैध निर्माण करने वालों को सबसे पहला नोटिस एलडीए ने पांच फरवरी 2021 को भेजा था, लेकिन इलाकाई सुपरवाइजर और जूनियर इंजीनियर ने अफसरों की शह पर आंखें बंद कर लीं। इससे सवा साल के भीतर अवैध इमारत तनकर खड़ी हो गई। अफसरों ने इस अवैध निर्माण पर कार्रवाई नहीं की तो सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत कुमार मिश्र के राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से इसकी शिकायत की है।
विज्ञापन
शिकायती पत्र में उन्होंने बताया है कि किस-किस अफसर ने अवैध रूप से बहुमंजिला इमारत खड़ी कराने में सहयोग दिया है। शिकायत के मुताबिक मनोज अग्रवाल, नीति अग्रवाल, गर्वित अग्रवाल, नीलम अग्रवाल एवं डायरेक्टर मेसर्स एएन इन्फ्रालैंड प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्लॉट संख्या बी 1/6 सेक्टर-एफ अलीगंज में 3200 वर्गफीट में बेसमेंट की खुदाई कर अवैध निर्माण कराया है।
विज्ञापन
टीम ने जांच में पाया अवैध निर्माण
एलडीए की जांच टीम को भी निर्माण अवैध मिला था, जिस पर आरोपियों को पांच फरवरी 2021 को नोटिस देकर अपना पक्ष रखने को कहा गया। आरोपियों ने समय पर अपना पक्ष नहीं रखा तो एलडीए ने 26 जुलाई 2021 को निर्माण सील करने का आदेश जारी किया था, यही नहीं सीलिंग की तारीख भी चार अगस्त 2021 तय कर दी गई थी। इसके बाद थाने को 17 अगस्त को पत्र लिख कर निर्माण रोकने की कागजी कार्रवाई पूरी कर मौन साध लिया गया।
विज्ञापन
गुपचुप चलता रहा निर्माण
इलाकाई असिस्टेंट इंजीनियर प्रवीण ने एक जून 2022 को अलीगंज थानाध्यक्ष एवं जोन चार के प्रभारी को पत्र लिख कर अवगत कराया कि मनोज अग्रवाल आदि के भवन पर किए गए अवैध निर्माण को लेकर काम रोकने के नोटिस के बाद भी निर्माण हो रहा है। थानाध्यक्ष से इस अवैध निर्माण को रोकने के लिए कहा गया।
इमारत को सील करने के दिए निर्देश
उच्च अफसरों के निर्देश पर अवैध निर्माण को सील करने का निर्देश असिस्टेंट इंजीनियर प्रवीण को दिया गया है। इस सिलसिले में शाम को जेई एवं सुपरवाइजर ने मौका मुआयना भी कर लिया है। शुक्रवार को इमारत सील हो जाएगी।
- डीके सिंह, प्रभारी प्रवर्तन जोन-4 एलडीए