Lucknow: गोमती नगर में सरेराह युवती से अभद्रता मामले में अब तक चार गिरफ्तार, वीडियो से हुई पहचान
गोमती नगर में सरेराह उत्पात मचाने और युवती से अभद्रता के मामले में अब तक चार को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों की पहचान वायरल वीडियो से हुई।
विस्तार
पॉश इलाके गोमतीनगर में बुधवार दोपहर सरेराह शर्मसार करने वाली वारदात हुई। मरीन ड्राइव के पास पुल के नीचे भरे पानी में हुड़दंग मचा रहे मनचलों ने बाइक से दोस्त के साथ जा रही युवती से अभद्रता की। छेड़छाड़ कर उसे पानी में गिरा दिया। किसी तरह से वह संभली और दोनों वहां से चले गए। उत्पाती युवक यहां घंटों बवाल काटते रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई। मामले में एफआईआर दर्ज किया गया। अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
भारी बारिश की वजह से मरीन ड्राइव पुल के नीचे कई फीट पानी भर गया था। इसी दौरान 30-40 युवक यहां पहुंचे और पानी में खड़े होकर उत्पात मचाने लगे। इसी बीच जनेश्वर मिश्र पार्क की तरफ बाइक से एक युवक अपनी दोस्त के साथ आ रहा था। उत्पाती युवकों ने शोर मचाते हुए हाथ से दोनों पर पानी फेंकना शुरू कर दिया। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई। इसी बीच युवकों ने युवती को पकड़कर नीचे गिरा दिया। उसने किसी तरह खुद को संभाला। युवक ने बाइक उठाई और वहां से कुछ दूरी तक पैदल गए। फिर दोनों बाइक से चले गए। वीडियो वायरल होने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस की सक्रियता पर सवाल
जब भी बारिश होती है, इस इलाके में जलभराव होता है। कुछ दिन पहले भी हुई बारिश में लोगों की भीड़ यहां जुटी थी। ऐसे में पुलिस को सक्रिय होने की जरूरत थी, लेकिन कोई पुलिस वाला यहां नहीं था। यही वजह रही कि युवक बेखौफ होकर अराजकता मचाते रहे। जब वीडियो वायरल हुआ तब पुलिस सक्रिय हुई।
दो की हुई गिरफ्तारी
युवती को घेरकर टूट पड़े
उत्पात मचा रहे युवक वहां से गुजरने वाले वाहनों पर पानी उड़ेल रहे थे। लोग चुपचाप निकल जा रहे थे। जब बाइक पर युवती को आते देखा तो उत्पाती उसे घेरकर टूट पड़े। कुछ लोग उनकी करतूत का पुल के ऊपर वीडियो बना रहे थे। ये देख आरोपी भड़क उठे और उन लोगों से गाली-गलौज भी की।
बेबस रहा युवक, हाथ जोड़कर बोला-जाने दो
महिला के साथ मौजूद युवक बेबस रहा। इसका कारण यह था कि उत्पात और छेड़खानी करने वालों की संख्या काफी ज्यादा थी। उसके सामने युवती से छेड़छाड़ की गई।
किसी का भय नहीं रहा...
हुड़दंगी हर एक वाहन को रोक रोक कर उसमें पानी उड़ेल रहे थे। इस दौरान एक किसी अफसर की कार और पीएसी का वाहन भी गुजरा। युवकों ने इन पर भी पानी उड़ेला। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उत्पातियों को किसी का भय नहीं था।