यात्रियों के लिए सुविधा, अब रोज चलेगी लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस
- यह ट्रेन पहले चलती थी हफ्ते में तीन दिन
- 25 अप्रैल से यह गाड़ी छपरा से नियमित चलने लगी
- उत्तर रेलवे की ओर से लखनऊ से शिरडी के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी 26 अप्रैल से
विस्तार
यात्रियों की डिमांड के मद्देनजर पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने गाड़ी संख्या 15053/15054 छपरा-लखनऊ-छपरा को नियमित कर दिया है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने बताया कि यह ट्रेन पहले हफ्ते में तीन दिन चलती थी, लेकिन यात्रियों की सुविधा के लिए इसके फेरों में वृद्धि की गई है।
25 अप्रैल से यह गाड़ी छपरा से नियमित चलने लगी है जबकि 26 अप्रैल से लखनऊ जंक्शन से ट्रेन प्रतिदिन चलेगी।
यादव ने बताया कि प्रतीक्षा सूची के यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन की ओर से एक जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेन में अतिरिक्त कोच लगाया जा रहा है।
शिरडी के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
अतिरिक्त कोचों की फीडिंग की व्यवस्था तत्काल कर दी गई है। 15008 लखनऊ जंक्शन-वाराणसी सिटी कृषक एक्सप्रेस में 27 अप्रैल को लखनऊ से स्लीपर क्लास का एक कोच तथा 15007 वाराणसी सिटी-लखनऊ जंक्शन में 28 अप्रैल को वाराणसी सिटी से शयनयान श्रेणी का एक कोच लगाया जाएगा।
उत्तर रेलवे की ओर से लखनऊ से शिरडी के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन 26 अप्रैल से चलेगी, जिसकी तैयारियां हो चुकी हैं। अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन की शिड्यूलिंग हो गई है पर, ट्रेन नंबर व कुछ तैयारियां प्रक्रिया में हैं, जो जल्द पूरी कर ली जाएंगी।