Lucknow Airport: बड़ा हादसा टला, उड़ान भरने से ठीक पहले रोकी गई फ्लाइट, MP डिंपल यादव समेत 151 यात्री थे सवार
Lucknow Airport: लखनऊ एयरपोर्ट में एक बार फिर से उड़ान भरने से ठीक पहले विमान में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान में शिफ्ट किया गया। इसमें सांसद डिंपल यादव समेत 151 यात्री सवार थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमौसी एयरपोर्ट से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में शनिवार सुबह उस वक्त दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब इंजन में तकनीकी गड़बड़ी से विमान को अचानक रोक दिया गया। यात्रियों की जान सांसत में आ गई। विमान को रनवे से वापस लौटाया गया। यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली रवाना किया गया। वहीं इंजीनियरों की टीम देर तक विमान में गड़बड़ी का पता लगाती रही।
मामला शनिवार सुबह का है। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6ई-2111 चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सुबह 10.30 बजे के आसपास उड़ान भरकर 12.30 बजे तक दिल्ली पहुंच जाती है। सुबह विमान उड़ान के लिए तैयार था। यात्रियों की बोर्डिंग हो चुकी थी। विमान रनवे पर पहुंचा। उसके इंजनों ने रफ्तार पकड़नी शुरू की। उड़ान से ठीक पहले इंजन थ्रस्ट लेते हैं, जिससे एक झटके में विमान जमीन छोड़कर हवा में आ जाता है। लेकिन, दिल्ली जाने वाली यह उड़ान रनवे से उड़ान ही नहीं भर पाई।
समाजवादी पार्टी से सांसद डिंपल यादव और गोंडा के सपा नेता सूरज सिंह विमान में सवार थे। सूरज सिंह ने सोशल मीडिया पर मामले को साझा किया। उन्होंने बताया कि वह लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे। उन्हें 2बी सीट मिली थी। वह विमान में सवार हुए। विमान के रनवे पर पहुंचने के बाद इंजनों को थ्रस्ट नहीं मिला। तकनीकी गड़बड़ी के चलते ऐसा हुआ। लिहाजा इंडिगो के विमान को वापस लौटा लिया गया। लेकिन, तेज रफ्तार विमान को अचानक रोक देने से यात्रियों में दहशत पैदा हो गई। यात्रियों को शांत करवाकर दूसरे विमान से दिल्ली भेजा गया। वहीं इंडिगो एयरलाइंस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि रनवे पर विमान आगे नहीं बढ़ पा रहा था। इसके चलते विमान की जांच करवाई गई।
तकनीकी खराबी तलाशने में जूझते रहे इंजीनियर
इंडिगो एयरलाइंस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि रनवे से विमान को लौटाने के बाद इंजीनियरों की टीम ने खराबी तलाशी। काफी समय तक तकनीकी खामी पकड़ में नहीं आई। इसके बाद यात्रियों को दिल्ली जाने वाले दूसरे विमान में शिफ्ट किया गया। एयरलाइन प्रशासन ने यात्रियों से खेद भी जताया।
दहशत में आ गए यात्री
विमान में सवार यात्री बोर्डिंग व अपनी सीटों तक पहुंचने में सामान्य स्थिति में थे। रनवे पर जब विमान ने रफ्तार पकड़ी, लेकिन थ्रस्ट नहीं होने से अचानक विमान को रोकना पड़ा तो यात्री दहशत में आ गए। हादसे की आशंका से घबरा गए। उनके कलेजे मुंह को आ गए। पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोलर एटीसी को सूचित किया। इसके बाद विमान को रनवे से वापस लौटा लिया गया। विमान में सवार क्रू ने यात्रियों को शांत कराया और विमान में गड़बड़ी की बात बताई।