लखनऊ: दिवाली से पहले रेल-बस स्टेशनों पर मेले जैसे नजारे, खिड़कियों के रास्ते बोगियों में घुसते दिखे लोग
Crowds in trains: रविवार को दीपावली का पर्व मनाया जाना है। ऐसे में दिल्ली, मुंबई, जयपुर, चंडीगढ़, पटना आदि जगहों से लखनऊ आने वालों का सिलसिला शुक्रवार से शुरू हो गया।
विस्तार
दीपावली का पर्व मनाने के लिए लखनऊ आने व यहां से जाने वालों का सिलसिला रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों में नजर आया। भीड़ को आरपीएफ व जीआरपी नियंत्रित करती रही। वहीं दूसरी ओर रोडवेज बसों से संचालित होने वाली बसों में भी खचाखच भीड़ रही।
रविवार को दीपावली का पर्व मनाया जाना है। ऐसे में दिल्ली, मुंबई, जयपुर, चंडीगढ़, पटना आदि जगहों से लखनऊ आने वालों का सिलसिला शुक्रवार से शुरू हो गया। पुष्पक एक्सप्रेस, गोमती, लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, कैफियात सहित दो दर्जन से अधिक ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ रही। चारबाग, जंक्शन व गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर भीड़ देखने को मिली।
वहीं दूसरी ओर प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, रायबरेली, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर, हरदोई, शाहजहांपुर, सहारनपुर, मेरठ आदि जगहों पर लखनऊ से रवाना होने वाले यात्रियों का हुजूम भी रेलवे स्टेशनों पर उमड़ा। ट्रेनों की जनरल बोगियों से लेकर एसी बोगियों तक में यात्रियों की भीड़ नजर आई। इससे आरक्षण करवाकर सफर करने वालों की मुश्किलें बढ़ी।
खड़े होकर पहुंचे लखनऊ
दिल्ली से लखनऊ आने वाली गोमती एक्सप्रेस हो या फिर मुंबई से आने वाली पुष्पक एक्सप्रेस। लखनऊ आने वाले तमाम मुसाफिरों को ट्रेनों की जनरल बोगियों में खड़े होकर सफर करना पड़ा। ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने की वजह से यात्रियों को जनरल बोगियों में सफर करना पड़ रहा है।
शनिवार को स्टेशनों पर होगी बंपर भीड़
शुक्रवार से लखनऊ आने वालों का सिलसिला शुरू हुआ, जोकि शनिवार को सर्वाधिक होगा। चारबाग, लखनऊ जंक्शन, ऐशबाग, गोमतीनगर रेलवे स्टेशनों पर शनिवार को उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ व जीआरपी के अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है।
कंट्रोल रूम से निगरानी
तत्काल ने फिर किया मायूस
मुख्य रूप से दिल्ली व मुंबई से लखनऊ आने वाले यात्रियों को तत्काल ने शुक्रवार को भी मायूस किया। शनिवार को दिल्ली, मुंबई से लखनऊ आने वाली ट्रेनों में कन्फर्म सीटों के लिए शुक्रवार को यात्रियों ने तत्काल कोटे में बुकिंग का प्रयास किया। लेकिन सुबह दस बजे तत्काल कोटा खुलने के आठ मिनट के भीतर ही सारी सीटें फुल हो गईं। 572 सीटें शुक्रवार को तत्काल कोटे में थीं, जिसमें यात्रियों के हिस्से स्लीपर की 49 सीटें ही आईं।
बस अड्डों पर भीड़, अतिरिक्त बसों से राहत
रोडवेज लखनऊ परिक्षेत्र की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए 350 अतिरिक्त बसों का संचालन शुक्रवार को किया गया। कैसरबाग, कमता, आलमबाग बस अड्डों से प्रयागराज, वाराणसी, गोंडा, सीतापुर, बहराइच, लखीमपुर, गोरखपुर आदि जगहों के लिए संचालित होने वाली बसों में खासी भीड़ रही। लखनऊ परिक्षेत्र से 930 रेगुलर बसों व 350 अतिरिक्त बसों से यात्रियों ने सफर किया। क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि अहिमामऊ, मड़ियाव सहित कई जगहों पर एक-एक अधिकारी को तैनात किया गया। शनिवार को भी बस अड्डों पर भीड़ उमड़ेगी।