आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे जाएगा बलिया तक!
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को बलिया तक ले जाने की कवायद तेज हो गई है। लखनऊ से आजमगढ़ होते हुए बलिया तक प्रवेश नियंत्रित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए फिजिबिलिटी स्टडी कराने को शासन ने हरी झंडी दे दी है।
मुख्य सचिव तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में फिजिबिलटी स्टडी को नियुक्त किए जाने वाले कंसल्टेंट के लिए टर्म्स ऑफ रेफरेंस का अनुमोदन करते हुए कंसल्टेंट चयन की प्रक्रिया शुरू करने की मंजूरी दे दी गई।
इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण से नोएडा से बलिया तक का सफर करीब आठ घंटे में तय किया जा सकेगा। इसके निर्माण पर 10 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसे भी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शंस (ईपीसी) मोड पर ही बनवाने का फैसला किया गया है।
नए एलाइनमेंट से बनेगा बलिया एक्सप्रेस वे
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर काम शुरू कराने के साथ ही राज्य सरकार ने लखनऊ-बलिया एक्सप्रेस-वे को भी नए एलाइनमेंट पर बनवाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। इसे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से जोड़ते हुए आजमगढ़ होते हुए बलिया तक ले जाने की योजना है।
नए एलाइनमेंट के हिसाब से नोएडा से बलिया के बीच की दूरी करीब 235 किमी कम हो जाएगी। गौरतलब है कि मायावती सरकार में नोएडा से बलिया तक 1047 किमी लंबे आठ लेन के एक्सप्रेस-वे के निर्माण का फैसला किया गया था। केंद्र सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से पर्यावरणीय मंजूरी न मिलने से यह परियोजना आगे नहीं बढ़ पाई।
2012 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सरकार बनने के बाद यह परियोजना ठंडे बस्ते में चली गई थी। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की शुरूआत के साथ ही अब नए सिरे से बलिया तक एक्सप्रेस-वे के निर्माण की कवायद शुरू की गई है।
यूपी एक्सप्रेस-वे इंडस्ट्रियल डवलपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को बलिया तक ले जाने की परियोजना तैयार की है। कंसल्टेंट की नियुक्ति की हरी झंडी मिलने के साथ ही इस परियोजना के भी आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।
यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नवनीत सहगल का कहना है कि एक माह में कंसल्टेंट के चयन की औपचारिकता पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद कंसल्टेंट फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करेगा। रिपोर्ट मिलने के बाद एक्सप्रेस-वे के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।