लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2025-26 के तहत नौ ऑनलाइन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विवि प्रशासन ने इसका एडमिशन ब्राॅशर भी जारी कर दिया है। सेंटर के निदेशक प्रो. पीयूष भार्गव ने बताया कि बीकॉम, एमकॉम, एमए अंग्रेजी, एमए अर्थशास्त्र, एमए संस्कृत, एमए राजनीति विज्ञान, मास्टर आफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू), बीबीए और एमबीए में प्रवेश लिए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी एलयू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर एलयूसीओडीई के लिंक पर जाकर पंजीकरण कर सकेंगे। पंजीकरण से पूर्व अभ्यर्थियों को यूजीसी की वेबसाइट के जरिये डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो (डीईबी) पोर्टल पर पंजीकरण कराकर एबीसी आईडी बनाना अनिवार्य होगा।