LS POLLS: पढ़िए, यूपी में कब-कहां होगी वोटिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
16वीं लोकसभा चुनाव के महासमर का बिगुल बज गया है।
आम चुनाव के कार्यक्रमों पर कयासबाजी का दौर खत्म करते हुए चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इस बार चुनाव कुल 9 चरणों में होंगे।
देश के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव छह चरणों में होंगे। यहां सूबे की 80 लोकसभा सीटों पर 10, 17, 24, 30 अप्रैल और 7 व 12 मई को मतदान होगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत ने बताया कि चुनाव तारीखों का ऐलान परीक्षा और फसल को देखते हुए लिया गया है।
पहले ही चरण में मुजफ्फरनगर देगा वोट
यूपी में पहला चरण पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 10 सीटों के नाम होगा। इसमें अखिलेश सरकार की सबसे बड़ी नाकामी के तौर पर उभरा मुजफ्फरनगर शामिल है।
भारत सरकार के मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत ने बताया कि यूपी में वोटिंग के पहले चरण में 10 अप्रैल को सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर और अलीगढ़ में वोटिंग होगी।
देखना होगा कि मुस्लिम व जाट बहुल इस इलाके में मतदाता राजनीति को किस करवट बदलते हैं। इस पूरी बेल्ट में मुलायम और मोदी ने जीतोड़ मेहनत की है। हाल ही में मोदी ने मेरठ और मुलायम ने सहारनपुर में रैली की थी।
दूसरा चरण: आजम के इलाके में होगा मतदान
यूपी में लोकसभा चुनाव का दूसरा चरण पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ही अन्य 11 सीटों के नाम होगा।
इसमें अखिलेश सरकार के कद्दावर मंत्री आजम खां की रामपुर सीट पर भी वोटिंग होगी। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी भी रामपुर से ही चुनाव लड़ते रहे हैं।
भारत सरकार के मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत ने बताया कि यूपी में वोटिंग के दूसरे चरण में 17 अप्रैल को नगीना, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, अमरोहा, बदाऊं, आंवला, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और खीरी में वोटिंग होगी।
इसमें शाहजहांपुर और खीरी यूपी के तराई क्षेत्र की दो सीटें हैं।
तीसरा चरण: मुलायम और डिंपल के लिए मतदान
यूपी में लोकसभा चुनाव के तीसरा चरण में पश्चिमी यूपी, सेंट्रल यूपी और अवध की ही 12 सीटों पर मतदान होगा।
इसमें अखिलेश के पिता व सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव की मैनपुरी सीट शामिल है। इसके अलावा, आस पास की सपा बहुमत वाली सीटें भी तीसरे चरण में तमाम प्रत्याशियों का भविष्य तय करेंगी।
भारत सरकार के मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत ने बताया कि यूपी में वोटिंग के तीसरे चरण में 24 अप्रैल को हाथरस, मथुरा, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हरदोई, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज और अकबरपुर में वोटिंग होगी।
गौरतलब है कि सीएम अखिलेश यादव की पत्नी व सांसद डिंपल यादव कन्नौज से चुनाव लड़ेंगी।
चौथा चरण: राजधानी लखनऊ में सियासी समर
यूपी में लोकसभा चुनाव का चौथा चरण उत्तर प्रदेश की 14 सीटों के नाम होगा। इसमें सबसे बड़ा मुकाबला राजधानी लखनऊ में देखने को मिलेगा।
बीते दिनों लखनऊ में हुई नरेंद्र मोदी की रैली के बाद सवाल उठने लगे थे कि यहां से राजनाथ सिंह चुनाव लड़ सकते हैं। फिर मोदी का नाम चलने लगा। टंडन पहले ही इस सीट से सांसद हैं। देखना ये है कि यहां क्या होगा।
इसी दिन रायबरेली से सोनिया गांधी की किस्मत भी ईवीएम में कैद हो जाएगी। हालांकि, अभी तक उनके खिलाफ किसी पार्टी ने प्रत्याशी नहीं खड़ा किया है।
भारत सरकार के मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत ने बताया कि यूपी में वोटिंग के चौथे चरण में 30 अप्रैल को धौरहारा, सीतापुर, मिस्रिख, उन्नाव, मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, कानपुर, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर और बाराबंकी में वोटिंग होगी।
पांचवां चरण: राहुल और वरुण का होगा समर
यूपी में लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 15 सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में अमेठी और सुल्तानपुर पर सबकी निगाहें टिकी रहेगी।
अमेठी से राहुल गांधी का चुनाव लड़ना संभावित है, तो सुल्तानपुर से उनके चचेरे भाई भाजपा के फायरब्रांड नेता वरुण गांधी चुनाव लड़ेंगे।
हालांकि, राहुल को अमेठी में चुनौती दे रहे हैं आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास और उन्होंने तो दावा भी कर दिया है कि इस बार राहुल अपने ही गढ़ में हारेंगे।
भारत सरकार के मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत ने बताया कि यूपी में वोटिंग के पांचवें चरण में 7 मई को अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, फूलपुर, इलाहाबाद, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, बहराइच, कैसरगंज, श्रावस्ती, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर और भदोही में वोटिंग होगी।
छठा चरण: इधर योगी, तो उधर जोशी
यूपी में लोकसभा चुनाव के छठे और आखिरी चरण में पूर्वी उत्तर प्रदेश की 18 सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में कई अहम सीटों पर घमासान होने की उम्मीद है। वाराणसी और गोरखपुर इनमें ही शामिल हैं।
वाराणसी से भाजपा के सांसद मुरली मनोहर जोशी चुनाव लड़ेंगे, तो गोंरखपुर से योगी आदित्यनाथ का चुनाव लड़ना तय है। हालांकि, वाराणसी से मोदी का नाम भी चल चुका है। देखते हैं, हाईकमान से क्या फैसला होता है।
इसके अलावा, कुशीनगर से कांग्रेस के राज्यमंत्री आरपीएन सिंह चुनाव लड़ेंगे और बलिया से पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर की किस्मत ईवीएम में कैद होगी।
भारत सरकार के मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत ने बताया कि यूपी में वोटिंग के छठे चरण में 12 मई को डुमरियागंज, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, लालगंज, आजमगढ़, घोसी, सलेमपुर, बलिया, जौनपुर, मछलीशहर, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर और रॉबर्ट्सगंज में वोटिंग होगी।
देश में नौ चरणों में होंगे चुनाव
16वीं लोकसभा चुनाव के महासमर का बिगुल बज गया है।
आम चुनाव के कार्यक्रमों पर कयासबाजी का दौर खत्म करते हुए चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इस बार चुनाव कुल 9 चरणों में होंगे।
पहले चरण का चुनाव 7 अप्रैल को, दूसरे चरण का 9 अप्रैल को, तीसरे चरण का 10 अप्रैल को, चौथे चरण का 12 अप्रैल को, पांचवें चरण का 17 अप्रैल को, छठे चरण का 24 अप्रैल को, सातवें चरण का 30 अप्रैल को, आठवें चरण का 7 मई को और नवें चरण का 12 मई को होंगे।
लोकसभा चुनाव की मतगणना 16 मई को होगी।