खुशखबरी: मेट्रो देने जा रहा 2000 नौकरियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेट्रो परियोजना के तहत लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन यानी एलएमआरसी एक से दो माह में 2000 नौकरियां देगा। दरअसल जैसे-जैसे मेट्रो का काम आगे बढ़ रहा है, अधिकारियों और कर्मचारियों की जरूरत बढ़ती जा रही है। मेट्रो परियोजना का ट्रायल शुरू होने से पहले ही करीब 2000 अधिकारी और कर्मचारी भर्ती किए जाएंगे। इसमें सबसे पहले लंबी ट्रेनिंग का दौर चलना है।
कुछ नौकरी कांट्रेक्ट के जरिये और कुछ आउटसोर्सिंग से दी जाएंगी। यही नहीं अधिकारी से फोर्थ क्लास तक की भर्ती की जाएगी। इस संबंध में एलएमआरसी अगले एक से डेढ़ माह में प्रक्रिया शुरू कर देगा। इसको लेकर निदेशकों की कमेटी ने प्रस्ताव तैयार करना शुरू कर दिया है। एलएमआरसी में अब तक जो भर्तियां हुई हैं, वह बहुत कम हैं।
एमडी के अतिरिक्त निदेशकों के अलावा 100 से भी कम अभियंता भर्ती किए गए हैं। कुछ सीधी भर्ती के माध्यम से रेलवे और अन्य विभागों से लिया गया है। जबकि, 78 जेई और एई की भर्ती एलएमआरसी ने लिखित परीक्षा के जरिये किया था।
अब जबकि मेट्रो का ट्रायल रन शुरू करने में लगभग एक साल का ही समय बचा है, तब भर्ती करने का समय शुरू हो चुका है। इसको लेकर प्रबंध निदेशक ने सभी निदेशकों को अपने-अपने प्रस्ताव बनाने के लिए कहा है। प्रस्ताव आते ही एलएमआरसी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर देगा।
प्राइमरी सेक्शन के लिए पहले भर्ती
सबसे पहले प्राथमिक सेक्शन के लिए ही भर्ती की जाएगी। इसमें ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग के बीच आठ स्टेशन हैं।
यहां इलेक्ट्रो मैकेनिकल, आईटी प्रोफेशनल्स, कंप्यूटर ऑपरेटर, सिग्नलिंग, टिकटिंग, ट्रेन ऑपरेशन जैसे कामों को लेकर मेट्रो कांट्रेक्ट पर भर्ती करेगा। इसके अलावा हाउस कीपिंग- जिसमें सफाई, मेंटीनेंस और अन्य काम आएंगे, उनको लेकर आउटसोर्सिंग करेगा। फिलहाल दोनों ही तरीके से मेट्रो रेल परियोजना का हिस्सा बनने का मौका नौकरी इच्छुक लोगों को मिलेगा।
सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ को संभव
मेट्रो स्टेशनों की भीतरी सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जिम्मे होगी। इसको लेकर खर्च केंद्र या राज्य कौन करेगा, ये बाद में तय होगा। सुरक्षा को लेकर जरूर उपकरण और जवानों के रुकने के लिए स्थान वगैरह एलएमआरसी ही उपलब्ध करवाएगा।
एलएमआरसी के सीनियर पीआरओ अमित कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि मेट्रो संचालन को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया बड़े स्तर पर बहुत जल्द ही शुरू की जाएगी। इनकी कुल संख्या का आकलन करने के लिए निदेशक अपने-अपने प्रस्ताव बना रहे हैं। हम सीधे खुद के स्टाफ और आउटसोर्सिंग के जरिये दोनों ही तरीके से भर्ती करेंगे।