IAS बनाम IPS मैच में अफसरों के बीच जमकर चले व्यंग्य बाण, दोस्ताना मुकाबले में जमकर हुई मस्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईएएस वीक के तीसरे दिन शनिवार को आईएएस इलेवन और आईपीएस इलेवन के बीच खेले गए मैत्री मैच में अधिकारियों ने जमकर मस्ती की। इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में गेंद और बल्ले के साथ कमेंट्री में हंसी, मजाक और तंज का सिलसिला चला।
आईपीएस एकादश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। आईपीएस एकादश के कप्तान देवेंद्र सिंह चौहान ने कहा, आईएएस को शिकायत रहती है कि उन्हें खेलने का मौका नहीं मिल पाता, हमने उन्हें पहले बल्लेबाजी दी है, वह जितने चाहें रन बनाएं।
लगभग पौने 11 बजे आईएएस एकादश की हौसला अफजाई के लिए प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री शशि प्रकाश गोयल पहुंचे और कमेंट्री पर मोर्चा संभाल लिया। आईपीएस से हमेशा हारते आ रहे आईएएस के बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। सिर्फ एक विकेट पर स्कोर 100 के पार पहुंचा तो गोयल बोले, आईएएस की आदत कुर्सी न छोड़ने की होती है।
विकेट की बीच बल्लेबाजों की दौड़ और फील्डर के हाथ से रन चुराने को लेकर भी कमेंट आ रहे थे कि यहां तो आंखों के सामने चोरी हो रही है, इसीलिए आम आदमी का पुलिस से भरोसा उठ गया है। गोयल के साथ कमेंट्री कर रहे नवनीत सहगल भी पूरे रंग में दिखे। फील्ड में टोपी पहनाते देखकर बोले, मैं इन्हें अच्छी तरह से जानता हूं, यह अच्छे-अच्छे लोगों को टोपी पहना देते हैं।
...और होने लगी एसपी से दरोगा बनाए जाने की मांग
गेंदबाज श्लोक की गेंदों पर एक के बाद एक विकेट गिरने लगे तो आईएएस की ओर से उन्हें एसपी से दरोगा बनाए जाने की मांग होने लगी। सहगल आईपीएस अधिकारियों की शुरुआती कमजोर गेंदबाजी पर कमेंट कर रहे थे लेकिन जब वह बल्लेबाजी के लिए पहुंचे तो पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए।
हम सबका साथ, सबका विकास चाहते हैं
स्टडी लीव के बीच इंग्लैंड से लौटे अनुराग यादव को लेकर विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक अखिलेश मिश्रा ने कहा, अगर इन्हें बैटिंग का मौका नहीं मिला तो टीए-डीए नहीं मिल सकेगा। जब आईएएस एकादश के विकेट गिरने लगे तो कमेंट्री कर रहे अखिलेश ने कहा, सरकार की मंशा ‘सबका साथ सबका विकास’ के तहत आईएएस सबको खेलने का मौका दे रहे हैं।
लगातार विकेट गिरने पर गोयल ने कहा कि यह सरकार की पॉलिसी के खिलाफ है। इतनी निर्मम गेंदबाजी नहीं होनी चाहिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरे आईपीएस एकादश ने आईएएस एकादश के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। अखिलेश का कमेंट आया, आईपीएस एकादश के गेंदबाज स्वच्छ भारत अभियान के मिशन पर काम कर रहे हैं जबकि यह काम आईएएस को करना चाहिए।
क्रिकेट की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से तुलना
आईपीएस एकादश की ओर से संजीव सुमन और डीएस चौहान ने जमकर बल्लेबाजी की। इस दौरान फील्डर गेंद को पैर से रोकने की कोशिश कर रहे थे। कमेंटरी कर रहे अखिलेश ने कहा, जिस तरह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को लेकर कंफ्यूज रहते हैं, उसी तरह मैच को लेकर भी कंफ्यूज हैं कि मैच क्रिकेट का है या फुटबॉल का।
आईएएस की ओर से कहा गया, रक्षा (क्षेत्ररक्षण) करने की जिम्मेदारी पुलिस की होती है लेकिन यहां आईएएस को लगा दिया गया है। इसका विरोध होना चाहिए।
डीजीपी के आते ही चौके-छक्के की बौछार
मैदान पर डीजीपी सुलखान सिंह पहुंचे तो आईपीएस एकादश के रन बनाने की गति और तेज हो गई। संजीव सुमन और डीएस चौहान ने एक के बाद एक कई छक्के और चौके लगाए। गोयल ने कहा, डीजीपी साहब यहां मौजूद हैं, मुझे यह कहने का निर्देश हुआ है कि डीएस चौहान को वापस बुला लिया जाए।
डीएस चौहान की पत्नी राधा चौहान केंद्र सरकार में जेम पोर्टल की इंचार्ज हैं। अच्छे आईएएस खिलाड़ी भी जेम पोर्टल पर उपलब्ध हों, इसकी व्यवस्था करने की जिम्मेदारी भी राधा चौहान को उठानी चाहिए।
‘चीफ सर आपकी टीम अच्छी है, पर नहीं कर पा रही परफॉर्म’
फील्डरों से गेंद छूट रही थी। कमेंटेटर ने कहा, फील्डिंग हो या न हो दिखाई देनी चाहिए। इससे लोगों का भरोसा कायम रहता है। अब तक मुख्य सचिव राजीव कुमार भी मैदान पर पहुंच चुके थे। कमेंटेटर ने कहा, सर आपकी टीम का गठन तो अच्छा हुआ है लेकिन ये फील्ड में परफॉर्म नहीं कर पा रहे।
दूसरे कमेंटेटर ने कहा, परफॉर्म नहीं कर पा रहे तो क्या हुआ, तजुर्बा तो हो रहा है। हार के बाद एसपी गोयल ने कहा, हारने की कला सिर्फ आईएएस में होती है। डीजीपी साहब को चाहिए कि आईपीएस को इसकी ट्रेनिंग दें।
जर्सी के रंग की वजह से हार गए
आईपीएस एकादश के खिलाड़ियों को गेरुआ और सफेद रंग की जर्सी दी गई थी जबकि आईएएस एकादश को नीले और सफेद रंग की। कमेंटरी कर रहीं अनुराग यादव की पत्नी प्रीति ने कहा, दिक्कत खिलाड़ियों में नहीं, जर्सी के रंग में थी, जिसकी वजह से हार गए।
मैच के बाद आईपीएस अधिकारियों ने डीजीपी से शिकायत की कि सभी बल्लेबाजों की बैटिंग नहीं आई। डीजीपी ने मजाकिया लहजे में कहा, मेरी ओर से सर्कुलर जारी कर निर्देश दिया जाए कि आगे से मैच में कोई भी बल्लेबाज दो ओवर से अधिक बल्लेबाजी नहीं करेगा।