लखनऊ। एलडीए की अनंतनगर (मोहान रोड) आवासीय योजना के भूखंडों की लॉटरी मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुरू की गई। लॉटरी में जिन आवेदकों को भूखंड मिल गए, उनके चेहरे खिल उठे। वहीं, जिन्हें भूखंड नहीं मिला, वे मायूस लौटे।
लॉटरी के पहले दिन सामान्य श्रेणी के आवेदकों के लिए 112.5 वर्गमीटर के 43 भूखंडों की लॉटरी हुई। पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आवेदकों के हाथों से ही लॉटरी ड्राॅ की पर्ची निकलवाई गईं। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि बुधवार को 112.5 वर्गमीटर के 78 भूखंडों की लॉटरी आरक्षित वर्ग के आवेदकों के लिए होगी। गोरखपुर निवासी महिला विनोद राय के नाम की पर्ची खुली तो वह खुशी से भावुक हो गईं। उन्होंने यूट्यूब पर हो रहे प्रसारण की सराहना भी की। सभागार में उपस्थित बालकृष्ण सिंह ने बताया कि उन्होंने पहली बार प्राधिकरण में भूखंड के लिए आवेदन किया था और लॉटरी में उनका नाम आ गया। अपर सचिव ने बताया कि लॉटरी का आयोजन चार दिन तक चलेगा। 12 जून को 162 वर्गमीटर व 13 जून को 200, 288 एवं 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखंडों की लॉटरी की जाएगी। एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि अनंतनगर योजना के अंतर्गत 785 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में टाउनशिप विकसित की जा रही है। इसमें डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। योजना का विकास अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा है। अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि अनंतनगर योजना में प्रथम चरण में 334 भूखंडों के लिए चार अप्रैल को ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। इसमें 13,031 लोगों ने पंजीकरण धनराशि जमा कराकर रजिस्ट्रेशन कराया है।