लखनऊ मेट्रो को एलडीए मुफ्त देगा 1.73 एकड़ जमीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेट्रो रेल परियोजना के ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण को 1.73 एकड़ जमीन एलएमआरसी को निशुल्क आवंटित करने का निर्देश मुख्य सचिव आलोक रंजन ने मंगलवार को दिया।
इसके अलावा चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट अमौसी में कास्टिंग यार्ड की भूमि मुफ्त दिए जाने को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ बातचीत कर प्रकरण को स्वीकृत कराने का भी निर्देश दिया गया। वहीं कास्टिंग यार्ड को सड़क के दूसरी ओर करने और अमौसी एयरपोर्ट के पास मेट्रो स्टेशन का डिजाइन फाइनल करने के लिए भी वार्ता को तेज करने का निर्देश उन्होंने दिया।
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि लखनऊ मेट्रो रेल परियोजना (एलएमआरसी) के ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर के लिए सहकारिता भवन के पीछे मोहल्ला-कन्धारी बाजार, बीएन रोड पर एलडीए की अर्जित 1.73 एकड़ भूमि का निशुल्क आवंटन किया जाएगा। एलएमआरसी के अनुरोध पर प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन विभाग सदाकांत शीघ्र ही ये निर्णय कराएंगे।
कास्टिंग यार्ड की चिंता बरकरार
परियोजना के लिए कास्टिंग यार्ड के निर्माण के संबंध में एयरपोर्ट अथॉरिटी से अस्थाई भूमि का निशुल्क या डीएमआरसी की तर्ज पर भूमि लिए जाने की बात अभी तक पक्की नहीं हुई है।
आलोक रंजन ने एलएमआरसी निदेशक (वर्क्स एंड इंफ्रास्ट्रक्चर) को नई दिल्ली जाकर भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण की महायोजना में पार्किंग प्रस्तावित होने के दृष्टिगत कास्टिंग यार्ड को सड़क के दूसरी तरफ शिफ्ट करने के लिए वार्ता करने को कहा। इसके अलावा चैधरी चरण सिंह हवाई अड्डे पर प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन की डिजाइन के संबंध में विचार-विमर्श कर शीघ्र निर्णय कराने को भी कहा।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्राथमिक सेक्शन में ‘ट्रैफिक डायवर्जन’ के लिए मेसर्स बीईएल काम करेगा। अवध हॉस्पिटल क्रॉसिंग को सिगनल्ड किए जाने की योजना है। उन्होंने इसका क्रियान्वयन डीएम व ट्रैफिक पुलिस से अनुमोदन प्राप्त कर कराने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में ट्रैफिक के नियंत्रण के लिए मार्शल लगाये जाएं और दूसरे चरण में ट्रैफिक सिग्नल के माध्यम से नियंत्रित किया जाए।