लखनऊ। कैसरबाग इलाके में कचहरी के आसपास वकीलों के 200 से अधिक अवैध चैंबरों पर रविवार को होने वाली कार्रवाई स्थगित कर दी गई। सूत्रों की मानें तो पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने व कानूनी अड़ंगे के चलते ऐसा हुआ है। वकीलों को अतिक्रमण हटाने के लिए 10 अक्तूबर तक का समय दिया गया है। इसके बाद 11 अक्तूबर से नगर निगम प्रशासन कार्रवाई करेगा।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम प्रशासन की ओर से 22 सितंबर को अवैध चैंबर हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था। वकीलों को आपत्ति दाखिल करने के लिए हफ्तेभर का समय दिया गया था। कई वकीलों ने आपत्तियां दर्ज कराई थी। तीन अक्तूबर तक अवैध चैंबर हटाने का समय दिया गया था। रविवार को बुलडोजर की कार्रवाई होनी थी। नगर निगम के जोनल अधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि रविवार को अभियान के दाैरान माैके पर ही आपत्तियों को भी सुना जाना था लेकिन कार्रवाई स्थगित कर दी गई है। साथ ही वकीलों को कचहरी रोड, पुराना हाईकोर्ट कैंपस, कलेक्ट्रेट, बोर्ड ऑफ रिवेन्यू, पुराना सदर तहसील कैंपस, उप निबंधन कार्यालय, कमिश्नरेट लखनऊ, रेजिडेंसी पावर सब-स्टेशन, बलरामपुर अस्पताल एवं कैसरबाग बस स्टेशन आदि इलाकों में किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए 10 अक्तूबर तक का समय दिया गया है। इस दाैरान खुद अतिक्रमण हटवा लें, अन्यथा 11 को प्रशासन के सहयोग से अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।