यूपी की कानून व्यवस्था नियंत्रण से बाहर, सरेआम हो रहें हत्या, लूट व दुष्कर्म: अखिलेश यादव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की नफरत फैलाने और असहिष्णुता को बढ़ावा देने की रीति-नीति के बुरे नतीजे सामने आने लगे हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण से बाहर है। जनता सकते में है। आखिर, सरेआम हत्या, लूट और बलात्कार करने वाले इन अपराधी तत्वों के हौसले किसके बलबूते पर फल-फूल रहे हैं।
अखिलेश ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा सरकार सत्तारूढ़ हुई है, चौथे स्तंभ पर लगातार हिंसक हमले होने लगे हैं। मनमाफिक नहीं लिखने वाले पत्रकारों पर खनन माफिया और भूमाफिया तो अपनी ताकत दिखाते ही रहे हैं अब स्थानीय अपराधी भी बेखौफ हो रहे हैं। खुद पुलिस कर्मी भी उनके साथी बन जाते हैं। ऐसे में न्याय पाने के लिए जनता कहां जाए?
उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में विक्रम जोशी को बदमाशों ने इसलिए गोली मार दी क्योंकि उसने भांजी से छेड़छाड़ के मामले की शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस ने कुछ किया नहीं, उल्टे उन्हें शिकायत की जानकारी दे दी। इससे बदमाशों की हिम्मत बढ़ गई। पुलिस ने अगर समय से कार्रवाई की होती तो पत्रकार की जान नहीं जाती।
सपा देगी 2 लाख, सरकार दे 25 लाख
अखिलेश ने कहा कि सपा पत्रकार विक्रम के परिवार को दो लाख रुपये की मदद देगी। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जोशी के आश्रितों को 25 लाख रुपये भाजपा सरकार दे। उन्होंने कहा कि इससे पहले कई पत्रकारों की निर्मम हत्या की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह के मामले सामने आ रहे हैं, उससे पुलिस की भूमिका संदिग्ध हो चली है। अपराधियों व पुलिस में साठगांठ के मामले सामने आ रहे हैं।