लखीमपुर कांड : डैमेज कंट्रोल में जुटी सरकार और संगठन, सीएम योगी लेते रहे पल-पल की खबर
लखीमपुर जिले की घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माहौल सही बनाए रखने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में किसान आंदोलन के दौरान उपद्रव से हुए राजनीतिक नुकसान की भरपाई के लिए सरकार और संगठन जुट गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह अपने आवास पर सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की बैठक बुलाई। बैठक में लखीमपुर की घटना पर डैमेज कंट्रोल की रणनीति तय की गई। उपद्रव में मारे गए किसानों के आश्रितों को 45-45 लाख रुपये मुआवजा और नौकरी देने, राष्ट्रीय नेतृत्व को सूचित कर केंद्रीय राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी और उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्णय किया गया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना की मौजूदगी में हुई बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रम व योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि रविवार को गोरखपुर से अचानक वापस आने के बाद सीएम लखीमपुर की पल-पल की घटनाओं पर स्वयं नजर बनाए हुए हैं। वह सोमवार सुबह से ही सभी वरिष्ठ मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार बैठक कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य सचिव तथा डीजीपी से इस पूरे मामले की रिपोर्ट भी तलब की है। सीएम ने कहा कि सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्हें किसी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने अफवाहों से बचने के लिए सोशल मीडिया पर विशेष रूप से नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।