यूपी: मां-बेटी की जंग चरम पर, खत्म हुआ भाजपा-अपना दल गठबंधन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपना दल में मां-बेटी का विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। अनुप्रिया को केंद्रीय राज्यमंत्री बनाए जाने के बाद अपना दल की अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने बृहस्पतिवार को भाजपा से गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया।
उन्होंने भाजपा पर गठबंधन धर्म नहीं निभाने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा बांटो और राज करो के फॉर्मूले पर चल रही है। उसने अपना दल की पीठ में छुरा घोंपा है।
कृष्णा पटेल ने यहां दारुलशफा ए ब्लॉक के कॉमन हॉल में राष्ट्रीय व प्रदेश कार्यसमिति, मंडल और जिला अध्यक्षों की बैठक बुलाई थी। इसमें उन्होंने भाजपा से गठबंधन तोड़ने की घोषणा की।
कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा से अपना दल का सीटों का तालमेल हुआ था। अपना दल ने गठबंधन धर्म निभाते हुए केंद्र की नीतियों का प्रचार-प्रसार किया। लेकिन, भाजपा ने अपना दल को तवज्जो नहीं दी।
मई 2015 में ही अनुप्रिया को किया गया था निष्कासित
राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अनुप्रिया पटेल को अति महत्वाकांक्षा और दल विरोधी गतिविधियों के चलते मई 2015 में दल से निष्कासित कर दिया गया था। निष्कासन के फैसले की जानकारी भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दे दी गई थी। इसके बावजूद अनुप्रिया का नाम लगातार अपना दल से जोड़ा गया।
इससे साफ जाहिर होता है कि भाजपा बांटो और राज करो की नीति पर चल रही है। इसी वजह से भाजपा से गठबंधन तोड़ने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा, अपना दल के लिए सभी विकल्प खुले हैं। समान विचारधारा वाली पार्टी से भविष्य में गठबंधन हो सकता है। इस मौके पर बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष छोटेलाल मौर्य ने हरीश वर्मा को अमेठी का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया।
बैठक में आरबी सिंह पटेल, डॉ. कैलाश नाथ पटेल, प्रो.गंगाराम यादव, आनंद हीरा राम पटेल व राधेश्याम पटेल उपस्थित रहे।
दल के साथ गद्दारी करने वालों को सिखाएंगे सबक
कृष्णा पटेल ने कहा कि 23 अगस्त को वाराणसी में महारैली करके दल के साथ गद्दारी करने और गठबंधन का पालन न करने वालों को सबक सिखाया जाएगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल ने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल की विचारधारा और आंदोलन को मिटने नहीं दिया जाएगा। 2017 में दल को इस मुकाम पर पहुंचा देंगे कि हमारे सहयोग के बिना प्रदेश में कोई दल सरकार नहीं बना पाएगा।
भाजपा हटाओ-आरक्षण बचाओ अभियान 26 से
पल्लवी पटेल ने बताया कि अपना दल ने 16 व 17 जुलाई को ‘चलो गांव की ओर’ कार्यक्रम बनाया है। इन दौरान फैजाबाद, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और गोंडा में प्रत्येक दिन हर विधानसभा में 5 नुक्कड़ सभाएं की जाएंगी।
26 जुलाई से एक अगस्त तक भाजपा हटाओ-आरक्षण बचाओ अभियान चलेगा। पल्लवी ने कहा, मैं खुद सैकड़ों मोटर साइकिलों के काफिले के साथ फतेहपुर, कौशांबी, इलाहाबाद, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर में इस अभियान का नेतृत्व करूंगी।
किसने दिया गठबंधन तोड़ने का अधिकार: अनुप्रिया
अपना दल के भाजपा से गठबंधन तोड़ने के ऐलान के बाद पार्टी को लेकर मां-बेटी में जुबानी जंग छिड़ गई है। मिर्जापुर से सांसद और केंद्रीय राज्य स्वास्थ्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने गठबंधन तोड़ने के एलान पर अपनी मां कृष्णा पटेल पर करारा हमला किया है।
उन्होंने कहा कि जब व अपना दल की अध्यक्ष ही नहीं हैं तो उन्हें गठबंधन तोड़ने का अधिकार किसने दे दिया। दावा किया अपना दल की अध्यक्ष वह खुद हैं और पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उनके साथ हैं।
बनारस में दो जुलाई को हुई रैली में यह साबित हो चुका है। उधर, कृष्णा गुट के अपना दल के प्रतापगढ़ से सांसद हरिवंश ने पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी है।
गठबंधन तोड़ने के सवाल पर उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। उधर, कृष्णा पटेल ने बताया कि अनुप्रिया अपने बचाव के लिए कुछ भी कह सकती हैं।