मोदी सरकार की सौगात, अमेठी में बनेगा कृषि विज्ञान केंद्र, युवाओं को मिलेगी रोजगार परक शिक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेठी को कृषि विज्ञान केंद्र की सौगात मिली है। अगले माह केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी इसका शिलान्यास कर सकती हैं। औद्योगिक क्षेत्र के कठौरा में खुलने जा रहे कृषि विज्ञान केंद्र में युवक-युवतियों के लिए रोजगार के साथ ही कृषि संबंधित रोजगार परक शिक्षा भी मुहैया होगी। अमेठी का यह पहला कृषि विज्ञान केंद्र होगा।
अमेठी में प्रस्तावित कृषि विज्ञान केंद्र में कई पाठ्यक्रम उपलब्ध होंगे। इनमें बीएससी एग्रीकल्चर, बैचलर डिग्री इन हॉर्टीकल्चर, बैचलर ऑफ फिशरीज साइंस, बैचलर ऑफ फारेस्ट्री साइंस, बैचलर ऑफ होम साइंस, बैचलर ऑफ फूड टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ वेटनरी एंड एनिमल हसबैंडरी और मास्टर इन इरीगेशन एंड वाटर मैनेजमेंट प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र में शुरू होने वाले इन पाठ्यक्रमों में यहां के छात्र-छात्राएं न केवल प्रवेश लेकर शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे बल्कि पढ़ाई पूरी करने के बाद उनके सामने रोजगार के विभिन्न अवसर भी होंगे। कृषि में स्नातक व स्नातकोत्तर डिग्री लेने के बाद सरकारी क्षेत्र में सहायक प्राध्यापक और वैज्ञानिक के रूप में रोजगार के दरवाजे खुल सकेंगे।
कृषि क्षेत्र में हो रहे नित नए अनुसंधानों के बाद क्षेत्रवासियों को इस व्यवसाय में अपना स्थान बनाने के भी अवसर प्राप्त होंगे। कृषि विज्ञान केंद्र खुलने से जहां क्षेत्र के लोगों को बेहतर कॅरिअर चुनने का अवसर मिलेगा, वहीं एग्रो क्लीनिक और एग्रो-बिजनेस के नाम से स्वरोजगार भी किया जा सकेगा। किसान मधुमक्खी पालन और मुर्गी पालन जैसे रोजगार भी कर सकेंगे। इसके अलावा केंद्र के आसपास के लोग छोटे-छोटे रोजगार भी कर सकेंगे।
32 बीघे में बनेगा केंद्र
कठौरा के ग्राम प्रधान एसबी सिंह ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र के लिए उनकी ग्राम सभा में 32 बीघा जमीन अधिग्रहीत की गई है। कृषि विज्ञान केंद्र का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की चर्चा है।
जल्द हो सकता शिलान्यास
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि वे काफी दिनों से कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना के लिए प्रयासरत थीं। वे जल्द ही इसका शिलान्यास कर सकती हैं।