फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   kavi sammelan in amar ujala gaurav samman.

हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा ने यूपी के डिप्टी सीएम पर ली चुटकी, ठहाकों के गूंज उठा पूरा सभागार

Sun, 24 Jun 2018 02:00 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ Updated Sun, 24 Jun 2018 02:00 AM IST
विज्ञापन
kavi sammelan in amar ujala gaurav samman.
- फोटो : amar ujala

प्रख्यात हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा ने जब अपने चुटीले अंदाज में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा की चुटकी ली तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और ठहाकों से गूंज उठा। बोले, ‘जब देवी-देवता शादी नहीं करवा पाए तो मल्लिका शेरावत की फोटो माथे पर लगाने से ब्याह होगा क्या’। यह सुन लोग अपनी हंसी रोक नहीं पाए।

विज्ञापन


सुरेंद्र शर्मा अमर उजाला के दस वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में गौरव सम्मान समारोह के बाद कवि सम्मेलन में अपने हास्य से लोगों को गुदगुदा रहे थे। उन्होंने उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा की यह चुटकी उनके वक्तव्य पर ली। दरअसल, उपमुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा था कि पहले अखबारों के फ्रंट पेज पर देवी-देवताओं की फोटो होती थी, जिसे रोजाना सुबह माथे पर लगाते थे। समय के साथ यह रीति बदल गई और एक दिन जब वह ऐसा कर रहे थे तो मां ने कहा कि ऐसी हरकतों के कारण ही तुम्हारी शादी नहीं हो रही है। तब उन्होंने अखबार देखा तो उसमें देवी-देवता की जगह मल्लिका शेरावत ने ले ली थी। सुरेंद्र शर्मा ने इसी वक्तव्य पर चुटकी ली थी।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि 90 साल जीने से अच्छा 40 साल की सार्थक जिंदगी जीना है। उन्होंने सुझाव दिया कि सम्मान में बुके नहीं बुक दें। सुरेंद्र शर्मा ने तब पूरी महफिल लूटी जब उन्होंने पीएम मोदी द्वारा की गई नोटबंदी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ‘मैंने 7 नवंबर को पत्नी से पूछा कि घर में कुछ पैसे हैं क्या तो बोली जहर खाने के भी नहीं हैं। 8 नवंबर को मोदी जी ने नोटबंदी कर दी। अब 9 नवंबर को इतने पैसे बाहर आ गए कि पूरा देश जहर खा ले।’ इस पर सभी हंसी से लोटपोट हो गए। इससे पहले पार्थ इंफ्रा बिल्ड की सीईओ नीलिमा सक्सेना ने सुरेंद्र शर्मा को बुके देकर सम्मानित किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

kavi sammelan in amar ujala gaurav samman.
हास्य कवि सुरेंद्र - फोटो : amar ujala

योग से दूर होता है रोग तो दवा क्यों बना रहे
हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि एक बार मैंने बाबा रामदेव से पूछा, ‘बाबा, अगर योग से रोग दूर होता है तो तू दवाई क्यों बना रहा है?’ इस पर काफी देर तक पूरा हाल ठहाकों से गूंजता रहा। इसके बाद उन्होंने कहा कि एक बार मैंने अन्ना हजारे जी से पूछा, ‘भ्रष्टाचार के खिलाफ नारे और झंडे तो अक्सर उठाते हैं, लेकिन जब मुंबई में बाहरी लोग मारे जा रहे थे तो झंडा क्यों नहीं उठाया? अगर महाराष्ट्र में मराठी, गुजरात में गुजराती ही रहेंगे तो भारतीय कहां रहेंगे?’

‘मैं अकेला था इंटेलीजेंट, अब मोदी भी आ गए’
बाबा रामदेव के बाद सुरेंद्र शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर रुख किया तो श्रोताओं की अनायास हंसी फूट गई। उन्होंने कहा कि इस दुनिया में अब तक मैं ही इंटेलिजेंट था, अब मोदी जी भी आ गए। हमने ऐसी बात कह दी कि दुनिया आज तक पकड़ नहीं पाई। मोदी जी ने कहा कि अच्छे दिन आएंगे, लेकिन न तारीख बताई न साल। मैंने भी अपनी पत्नी से कहा था कि प्यार करूंगा लेकिन न तारीख बताई न साल।

kavi sammelan in amar ujala gaurav samman.
गौरी मिश्रा - फोटो : amar ujala

मोहब्बत दूर से चलकर नंगे पांव आई है...
नैनीताल से आई कवयित्री गौरी मिश्रा ने तहजीब के शहर को सलाम करते हुए कहा कि ‘घुटन को छोड़ शहरों की तुम्हारे गांव आई हैं। मोहब्बत दूर से चलकर कि नंगे पाव आई है। उन्होंने नई रचना ‘मिलाकर वक्त से आंखें हर एक लम्हा चुरा लें हम। चलो आज अपने गम पे मुस्कुरा लें हम।’ सुनाकर तालियां बटोरीं। उन्होंने सहयोगी कवि अशोक सुंदरानी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘न दुआ से मिलती है न दवा से। मुहब्बत रहमते खुदा से मिलती है। इनकी सूरत बड़े भइया से मिलती है।’ इस पर श्रोता काफी देर से तालियां बजाते रहे।

kavi sammelan in amar ujala gaurav samman.
अशोक सुंदरानी - फोटो : amar ujala

क्या हमें गूगल से डाउनलोड किया गया है...
मशहूर हास्य कवि अशोक सुंदरानी ने एक जूते के दर्द को बयां करते हुए पढ़ा- हम अब तक आशिकों पर पड़कर खुश थे, क्या जरूरत थी कि भ्रष्ट नेताओं पर चला दिया...। उन्होंने अपनी चर्चित रचना ‘जूते के दर्द’ से श्रोताओं को रूबरू कराया। गौरी मिश्रा के साथ हास्य भरी छेड़छाड़ से शुरुआत करते हुए कहा कि गौरी अक्सर कहती हैं कि भगवान ने उन्हें फुर्सत में बनाया है। मैं उनसे ये पूछता हूं कि हमें क्या गूगल से डाउनलोड किया गया है। इस पर हाल काफी देर तक ठहाकों से गूंजता रहा। उन्होंने अमर उजाला द्वारा शहर के प्रबुद्धजनों के सम्मान को बड़ा काम बताया। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर-इंटरनेट के समय में बच्चे हमसे पहले बड़े हो रहे हैं। 8 साल का बेटा स्कूल से आकर बोला कि पापा, मैडम इतनी क्यूट है कि मन करता है कि दिनभर पढ़ाती रहें। मैंने डाटा कि बेटा, ऐसा नहीं मैडम के बारे में बोलते हैं। जवाब मिला, पापा आप हमेशा अपने जुगाड़ में लगे रहते हो। उन्होंने अपनी प्रस्तुति के अंत में सैनिकों का सम्मान करने को कहा।

kavi sammelan in amar ujala gaurav samman.

महादेवी, श्रीदेवी की बड़ी बहन होंगी...
हास्य कवि पवन आगरी ने भी नेताओं, भ्रष्टाचार व समाज में आ रहे बदलावों को बखूबी अपनी रचनाओं में पिरोया। शुरुआत नेताओं के चुनावी टिकट से की। उन्होंने कहा कि पहले नेता ये कहकर टिकट मांगते थे कि हमें वहां से टिकट दें, मैं वहां से जीतूंगा। आज के नेता कहते हैं, मुझे वहां से टिकट मत दें, मैं वहां से हार जाऊंगा। उन्होंने कहा कि पहले लड़की जींस पहनने से पहले अपनी मां से पूछती थीं। आज जब लड़की मां से पूछती हैं कि शार्ट पहन लूं, मां कहती है कुछ तो पहन ले। इस पर काफी देर तक हंसी के फव्वारे छूटे। उन्होंने कहा कि बदलाव आज साफ देखा जा सकता है। आज का हर युवा ऐश्वर्या और मल्लिका शेरावत से परिचित है। मैंने अपने एक परिचित के बच्चे से पूछा कि महादेवी कौन थीं, जवाब मिला श्रीदेवी की बड़ी बहन का नाम होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed