मुलायम से मिले 'अंसारी ब्रदर्स', कौमी एकता दल के विलय पर अटकलें तेज
बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी और उनके गाजीपुर के विधायक भाई सिगबतुल्ला अंसारी की मुलायम सिंह यादव और आजम खां से मुलाकात के बाद कौमी एकता दल के सपा में विलय की अटकलें फिर जोर पकड़ने लगी हैं।
हालांकि, सिगबतुल्ला ने इससे साफ इन्कार करते हुए कहा कि पार्टी पर कोई भी सियासी फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष अफजाल अंसारी ही करेंगे।
सोमवार को मुख्तार और सिगबतुल्ला की सपा मुखिया से विधान भवन परिसर में मुलाकात हुई। मुलायम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्रियों की चित्र गैलरी के अनावरण समारोह में आए हुए थे।
चर्चा तो यह भी रही कि बाद में उन्होंने विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर जाकर मुलायम सिंह से मुलाकात की। इस दौरान कौमी एकता दल के सपा में विलय या गठबंधन को लेकर चर्चा हुई।
दोनों दलों में एकता को लेकर चर्चा
इससे पहले मुख्तार व सिगबतुल्ला ने संसदीय कार्य व नगर विकास मंत्री आजम खां से उनके विधानभवन स्थित दफ्तर में मुलाकात की। उनके बीच बातचीत का ब्यौरा तो नहीं मिला है, लेकिन माना जा रहा है कि उनमें दोनों दलों के एका को लेकर जरूर चर्चा हुई है।
बता दें कि कौमी एकता दल का दो माह पहले सपा में विलय हुआ था, लेकिन सीएम अखिलेश यादव के प्रबल विरोध के चलते इसे टालना पड़ा था। उस समय भी विलय का फैसला अफजाल अंसारी की मुलायम से मुलाकात के बाद ही लिया गया था।
मुलायम से दुआ-सलाम, सियासत पर कोई चर्चा नहीं
सिगबतुल्ला अंसारी ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में इस बात से इन्कार किया कि उनकी मुलायम से उनके आवास पर बातचीत हुई है।
बस विधान भवन में जरूर दुआ-सलाम हई, लेकिन सियासत पर कोई चर्चा नहीं हुई। अफजाल 10 दिन से दिल्ली में एम्स में भर्ती हैं। उनकी सेहत ठीक होने के बाद ही इस बारे में कुछ कहा जा सकेगा।