ज्योति का हत्यारा प्रतिबंधित सामान के साथ कर रहा 'ऐश'
कानपुर के हाईप्रोफाइल ज्योति मर्डर केस में आरोपी पीयूष श्यामदासानी जेल में मौज कर रहा है। आईजी जेल देवेंद्र चौहान के छापे में इसका खुलासा हुआ।
पीयूष के पास से लग्जरी आइटम बरामद हुए हैं, जबकि ये सामान जेल में प्रतिबंधित होता है। पीयूष को जेल में हर तरह की सुविधा मुहैया कराई जा रही है।
इसके अलावा नियम-कानून को दरकिनार कर मुलाकातें भी कराई जा रही हैं। आईजी जेल ने बरामद लग्जरी सामान सील कराते हुए डीआईजी जेल शरद कुलश्रेष्ठ को पूरे मामले की जांच देकर एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है।
आईजी जेल ने कहा कि दोषी अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। मंगलवार को दोपहर आईजी जेल और डीआईजी जेल जिला कारागार पहुंचे।
इन लोगों ने बैरक नंबर आठ में पीयूष श्यामदासानी के सामान की तलाशी ली तो लग्जरी आइटम बरामद हुए।
ये मिला पीयूष के पास
पीयूष के पास महंगे रूम फ्रेशनर, सेनेटाइजर, परफ्यूम, सेविंग क्रीम, मंहगी फेस क्रीम, बॉडी लोशन, हेयर जेल, रेजर, कैंचियां, मिनरल वाटर, जूस के पैकेट, इंटरटेनमेंट इंगलिश मैग्जीन बरामद हुई।
आईजी ने ये सभी सामान जब्त कर लिए हैं। इसके बाद दोनों अफसरों ने रसोई में खाने की गुणवत्ता परखी। आईजी जेल ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि हाईप्रोफाइल मामलों से जुड़े इन दोनों बंदियों को जेल में वीआईपी ट्रीटमेंट मिल रहा था।
इन्हें खाने की व्यवस्था अलग से की गई थी। मानकों को दरकिनार कर दोनों की मुलाकातें कराए जाने का खुलासा हुआ है। पूरे मामले की जांच डीआईजी जेल को दी जा रही है। दोषी जेल अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।