जेईई मेंस रिजल्ट : 308 अंकों के साथ समृद्ध ने बढ़ाया लखनऊ का मान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुधवार को जारी जेईई मेंस के रिजल्ट में राजधानी के मेधावियों ने सफलता की राह पर चलते हुए एडवांस में शामिल होने का दरवाजा खोल लिया। समृद्ध जोशी ने जहां 308 अंक हासिल कर राजधानी का नाम रोशन किया, वहीं हिमांशु सिंह ने 296 अंकों के साथ आईआईटी की तरफ अपना अगला कदम बढ़ाया है।
पिछले साल की तुलना में इस बार एडवांस के लिए मेंस का कटऑफ कम रहा है। 2015 में जनरल कैटेगरी की कटऑफ 105 अंकों पर थी जबकि इस साल यह घटकर 100 पर आ गई।
इंजीनियरिंग की तैयारी कराने वाले विशेषज्ञों के मुताबिक, इसका मुख्य कारण एडवांस के लिए मेंस के माध्यम से चयनित किए जाने वाले अभ्यर्थियों की संख्या में वृद्धि है। 2015 में मेंस की परीक्षा से टॉप डेढ़ लाख अभ्यर्थियों को एडवांस देने के लिए चुना गया था, जिसे बढ़ाकर इस साल दो लाख कर दिया गया है।
इस साल राजधानी के एक हजार से अधिक स्टूडेंट्स ने एडवांस के लिए अपनी राह प्रशस्त की है। परीक्षा में क्वालिफाई करने वाले अभ्यर्थी एनआईटी और आईआईआईटी की प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने के हकदार हो गए हैं।
आईआईटी की 9400 सीटों पर होना है दाखिला
इस साल देश के 22 आईआईटी की करीब 9400 सीटों पर दाखिला होना हैं। इनमें पहली बार शामिल आईआईटी गोवा की 80, छत्तीसगढ़ की 180, जम्मू व कर्नाटक की 100-100 सीटों पर भी प्रवेश होंगे। इनके शामिल होने से करीब 470 सीटों का इजाफा हुआ है।
आईआईटी एडवांस के फॉर्म 29 अप्रैल से भरे जाने शुरू होंगे जबकि परीक्षा 22 मई को होना प्रस्तावित है। एडवांस का रिजल्ट 12 जून को आना संभावित है।
सभी को बनना है साफ्टवेयर इंजीनियर
जेईई मेंस के रिजल्ट में जलवा बिखेरने वाले राजधानी के अधिकतर मेधावी आईआईटी मुंबई या दिल्ली से कम्प्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग करके साफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहते हैं। इनका मानना है कि तेजी से बढ़ रही तकनीक के उपयोग ने इस क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाए हैं।
सभी जगह ई-सर्विसेज का स्कोप बढ़ने से इस क्षेत्र के विशेषज्ञों की मांग बढ़ी है। मेधावियों को कम्प्यूटर इंजीनियरिंग में सुनहरा भविष्य और अच्छे पैकेज नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर छात्रों की पसंद इलेक्ट्रिकल व इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग है।