लखनऊ। जैन समाज इन दिनों दशलक्षण पर्व मना रहा है। चौथे दिन जैन मंदिरोें में पूजन-आरती और शांतिधारा के साथ उत्तम शौच धर्म के माध्यम से लोभ न करने का संकल्प लिया गया। चौक में चूड़ी वाली गली में स्थित श्री नेमिनाथ भगवान दिगंबर जैन मंदिर में वृहद कल्याण मंदिर महामंडल विधान आराधना सुमित जी शास्त्री के निर्देशन में संगीतमय पूजन के साथ मध्यप्रदेश के भिंड से आए संगीतकारों की प्रस्तुति के साथ हुआ। प्रथम शांतिधारा के साथ कल्याण मंदिर महामण्डल विधान में सौधर्म इंद्र बनने का सौभाग्य सुधीर चंद विकास चंद जैन को प्राप्त हुआ। अंकुर जैन, अनुनय जैन परिवार ने भी शांतिधारा में हिस्सा लिया। अशोक जैन, राजीव जैन, अंकित जैन, सचिन जैन, अजय जैन, रुचिर जैन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
दशलक्षण पर्व के दौरान रविवार को अवकाश होने के कारण इंदिरानगर स्थित जैन मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सुबह भगवान के प्रथम अभिषेक का सौभाग्य रॉबिन जैन व स्वस्तिक जैन को प्राप्त हुआ। शांतिधारा धीरज जैन, अनुरोध जैन, चक्रेश जैन और पवन जैन ने की। भगवान को नौ किलो का लाडू समर्पित करने का सौभाग्य सुमेर चंद, रॉबिन जैन और देवेंद्र कुमार को प्राप्त हुआ। जैन समाज के मंत्री अभिषेक जैन और अध्यक्ष पवन जैन ने बताया कि मंगलवार को जैन धर्म के 10वें तीर्थंकर भगवान शीतलनाथ का विशेष पूजन किया जाएगा और सुगंध दशमी पर्व भी मनाया जाएगा। इस अवसर पर संयम, प्रविज्ञान, दर्शिका, अभिनव, आर्जव, अभय, पुष्पेंद्र, रीता और रीना जैन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।