दरोगा भर्ती 2016 : सभी आपत्तियों का हुआ निस्तारण, जल्द जारी होगा रिजल्ट
दरोगा भर्ती-2016 के लिए हुई आनलाइन परीक्षा के दौरान सवालों को लेकर आई आपत्तियों का निस्तारण कर लिया गया है। परीक्षा कराने वाली एजेंसी और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के बीच औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसका परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
भर्ती बोर्ड के चेयरमैन जीपी शर्मा ने बताया कि परीक्षा कराने वाली एजेंसी से कहा गया है कि जो भी आपत्तियां आई थीं, उनका पूरी तरह से निस्तारण सुनिश्चित करने के बाद क्लीयरेंस दें। इसके बाद ही बोर्ड अपनी वेबसाइट पर उन अभ्यर्थियों की सूची जारी करेगा, जिनको दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
जीपी शर्मा ने बताया कि आनलाइन परीक्षा कराने वाली एजेंसी अगले दो से चार दिन में क्लीयरेंस दे देगी। जिसके बाद औपचारिकताओं को पूरा करते हुए दस्तावेजों के सत्यापन और शारीरिक परीक्षा के लिए योग्य अभ्यर्थियों की सूची बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।
3307 पदों के लिए दिसंबर में हुई थी परीक्षा
उप निरीक्षक के 3307 पदों के लिए 2016 में भर्ती निकली जिसकी ऑनलाइन परीक्षा 2017 में 12 दिसंबर से 23 दिसंबर के बीच कराई गई थी। परीक्षा में पूछे गए कई सवालों को लेकर अभ्यर्थियों को आपत्ति थी। इनको दूर करने के लिए एजेंसी को पर्याप्त समय दिया गया है। बोर्ड के अधिकारियों ने एजेंसी के अधिकारियों के साथ मिलकर कई बैठकें भी की हैं।
2015 सिपाही भर्ती के लिए अभी करना होगा और इंतजार
जीपी शर्मा ने कहा कि हाईकोर्ट के निर्णय के बाद 2015 में शुरू की गई सिपाही के 34716 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में अभी थोड़ा समय लग सकता है। उन्होंने बताया कि मेरिट तैयार करने वाली एजेंसी से विस्तृत जानकारी मांगी गई है। इस भर्ती से जुड़े सभी पहलुओं का निराकरण करने के बाद प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।