मथुरा था आईएसआई जासूस एजाज का अगला निशाना
पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट एजाज का अगला टारगेट मथुरा था। हालांकि एसटीएफ की पूछताछ में उसने अभी तक यह नहीं कुबूला है कि उसे मथुरा में क्या काम करना था।
पर, एसटीएफ को अंदेशा है कि आईएसआई एजाज के जरिये मथुरा की सुरक्षा इंतजाम की जानकारी जुटाती। रिमांड मिलने पर उससे इस बारे में पूछताछ होगी।
फिलहाल एसटीएफ उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल जुटा रही है ताकि यह पता चल सके कि एजाज किस-किस के संपर्क में था। यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरेली से झांसी और मेरठ के साथ यूपी और उत्तराखंड कहां-कहां गया था।
अभी तक नहीं दी जानकारी
एसटीएफ के सूत्रों का कहना है कि पूछताछ में उसने एक बार मथुरा तक आने का जिक्र किया था, पर इसके बाद इस बाबत कोई जानकारी नहीं दी।
एजाज के रिमांड पर सुनवाई आज
एसटीएफ के आईजी सुजीत पांडेय ने बताया कि सोमवार को रिमांड की सुनवाई नहीं हो सकी। अब यह सुनवाई एक दिसंबर को होगी। उन्होंने बताया कि एसटीएफ एजाज से कम से कम एक सप्ताह तक पूछताछ करना चाहती है।
इसमें उसके साथियों व परिचितों के बारे में जानकारी, उसकी गतिविधियों, उसके द्वारा विभिन्न सैन्य बेसों की भेज गई सूचनाओं का ब्यौरा, उसके मददगारों आदि की जानकारी जुटाई जाएगी।
यह भी पूछताछ होगी कि उसकी जानकारी में और कौन-कौन से आईएसआई के सदस्य हैं, जो यूपी अथवा अन्य किसी राज्य में सक्रिय हैं।