5940 शिक्षक भर्ती में गड़बड़ी, 463 के खिलाफ FIR
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने राजकीय इंटर कॉलेजों में स्नातक वेतनक्रम के शिक्षकों की भर्ती में फर्जी दस्तावेज लगाने वाले सैकड़ों अभ्यर्थियों के खिलाफ सुबूत जुटाने की कवायद तेज कर दी है।
शासन ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही पुलिस को पुख्ता सुबूत देने के निर्देश दिए हैं, ताकि इन्हें अदालत से कड़ी सजा दिलाई जा सके। अब दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही नियुक्ति पत्र जारी किए जा रहे हैं।
पिछले करीब एक वर्ष से राजकीय इंटर कॉलेजों में 5940 खाली पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि, विज्ञापित पदों की कुल संख्या 6645 है, लेकिन शारीरिक शिक्षा और कला वर्ग के 705 पदों को लेकर कोर्ट केस होने के कारण उन पर भर्ती प्रक्रिया स्थगित कर दी गई है।
इन खाली पदों में से अब तक महज 1456 पर ही शिक्षकों को कार्यभार ग्रहण कराया जा सका है। 4646 नियुक्ति पत्र जारी किए गए, लेकिन एक ही अभ्यर्थी के कई जगहों पर आवेदन करने या फिर फर्जी दस्तावेज पाए जाने के चलते ज्यादातर पद अभी तक खाली हैं।
613 फर्जी दस्तावेज, 463 के खिलाफ एफआईआर
जिन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं, उनमें से 613 के फर्जी दस्तावेज पकड़ में आ चुके हैं। इनमें से 463 के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है।
बाकी 150 मामलों में भी प्रथम दृष्टया फर्जीवाड़ा सामने आ चुका है, लेकिन शासन के निर्देशों के मद्देनजर विभाग रिपोर्ट दर्ज कराने से पहले कुछ और सुबूत जुटा लेना चाहता है।
इसके अलावा सैकड़ों अभ्यर्थी ऐसे भी हैं, जिनके नाम अभी जारी कटऑफ लिस्ट में नहीं आए हैं, मगर प्रथम दृष्टया उनके दस्तावेज फर्जी साबित हो चुके हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग इन अभ्यर्थियों के खिलाफ भी सुबूत जुटाने के बाद रिपोर्ट दर्ज कराएगा।
अंकों में अधिक अंतर वालों को माना संदिग्ध
जिन अभ्यर्थियों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 45-55 फीसदी अंक हैं और ग्रेजुएशन की मार्क्सशीट में 70 फीसदी से ऊपर अंक दिखाए गए हैं, उनके दस्तावेजों को संदिग्ध की श्रेणी में रखने का फैसला किया गया है।
उनके बारे में विश्वविद्यालयों से 15 दिन के भीतर रिपोर्ट देने को कहा गया है। चूंकि, उच्च और माध्यमिक शिक्षा के प्रमुख सचिव जितेंद्र कुमार ही हैं, इसलिए उन्होंने बतौर प्रमुख सचिव (उच्च शिक्षा) सभी विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों को पत्र जारी करके सत्यापन रिपोर्ट विभागीय ई-मेल पर भेजने को कहा है।
विज्ञापित पदों की संख्या : 6645
पद जिन पर चल रही भर्ती की प्रक्रिया : 5940
कार्यभार ग्रहण करने वाले शिक्षकों की संख्या : 1456
अब तक फर्जी पाए गए अभ्यर्थियों की संख्या : 613
फर्जी अभ्यर्थी जिनके खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर : 463