वाशिंगटन सुंदर के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत इंडिया रेड ने दलीप ट्रॉफी पर जमाया कब्जा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पदार्पण मैच में 130 रन बनाने के अलावा 11 विकेट झटकने वाले मैन ऑफ द मैच वाशिंगटन सुंदर के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत इंडिया रेड ने दलीप ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। गुरुवार को टीम ने फाइनल में इंडिया ब्ल्यू को 163 रन से करारी मात दी। 393 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ब्ल्यू की टीम दूसरी पारी में 229 रन बनाकर आउट हो गई।
इकाना स्पोर्ट्स स्टेडियम में दलीप ट्रॉफी फाइनल के चौथे दिन भी स्पिनरों का जादू सिर चढ़कर बोला। चौथे दिन कुल 54 ओवरों के खेल के बाद परिणाम सामने आ गया। खास बात यह कि इंडिया रेड की बल्लेबाजी के दौरान ब्ल्यू ने एक भी ओवर तेज गेंदबाजों से नहीं डलवाया।
इंडिया रेड ने कल के सात विकेट पर 187 से आगे खेलना शुरू किया और पूरी टीम 208 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। भार्गव भट्ट और अक्षय वाखरे ने चार-चार विकेट हासिल किए। 393 रन के लक्ष्य के जवाब में ब्ल्यू को पहला झटका 27 रन के योग पर इशान किशन (18) के रूप में लगा। कुछ ही देर बाद टीम के दूसरे सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन 21 रन बना कर विजय गोहिल की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
भार्गव ने 51, सुरेश रैना ने 45 और मनोज तिवारी ने 38 रन का योगदान दिया। रैना और तिवारी ने 80 रन की साझेदारी निभाकर मुकाबले में वापसी का प्रयास किया, लेकिन पहले रैना और फिर तिवारी के आउट होते ही ब्ल्यू की जीत हासिल करने की उम्मीदें धुल गईं। पूरी टीम 48वें ओवर में 229 रन बनाकर आउट हो गई। वाशिंगटन सुंदर ने 87 रन देकर छह बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। विजय गोहिल ने तीन विकेट झटके।
जीत के बाद ये बोले, इंडिया रेड के कप्तान दिनेश कार्तिक
मैच के बाद इंडिया रेड के कप्तान दिनेश कार्तिक ने कहा कि मैच बेहतरीन रहा। पहली पारी में 483 रन का स्कोर खड़ा करने के बाद हमारी टीम ड्राइविंग सीट पर थी। बाद में स्पिनरों ने अपना जादू बिखेरते हुए ब्ल्यू के बल्लेबाजों को बैकफुट पर ला दिया। पांच दिवसीय मैच के लिए इकाना स्टेडियम का विकेट पूरी तरह परफेक्ट था। हमारी टीम ने चारों दिन अपना दबदबा कायम किया। खासतौर पर वाशिंगटन सुंदर ने अपने हरफनमौला प्रदर्शन से मुकाबले को हमारे पक्ष में कर दिया।
वहीं, इंडिया ब्ल्यू के कप्तान सुरेश रैना ने कहा, टास हारना हमारे लिए नुकसानदायक रहा। विकेट ने शुरुआत से ही टर्न लेना शुरू कर दिया था। ऐसे में बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम का खामियाजा भुगतना तय था। विकेट कुछ ज्यादा ही टर्न ले रहा है। बावजूद इसके हमारे पेसरों ने तेज गेंदबाजी की, लेकिन उनके लिए यहां विकेट निकालना मुश्किल था। टीम का चयन एकदम सही था क्योंकि हमारे पास दो पार्टटाइमर स्पिनर भी थे। रेड ने बेहतर खेल कर मैच जीता।