लेखपाल भर्ती परीक्षा देने वाले जरूर पढ़ें ये खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लेखपाल भर्ती परीक्षा के लिए 13 सितंबर को राजधानी में विभिन्न शहरों से 1.66 लाख अभ्यर्थी जुटेंगे। परीक्षा का आयोजन 113 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगा। परीक्षा के दौरान किसी गड़बड़ी या अव्यवस्था को रोकने के लिए प्रशासन हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम करने में जुट गया है।
इसके तहत हर परीक्षा केंद्र पर जिलाधिकारी की ओर से नामित एक पर्यवेक्षक तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही 8 जोनल और 16 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती पुलिस फोर्स के साथ होगी। परीक्षा केंद्र परिसर में मोबाइल, कैलकुलेटर व इलेक्ट्रानिक्स गैजेट पूरी तरह से प्रतिबंधित होंगे।
तलाशी में इनके पाए जाने पर अभ्यर्थी को परीक्षा के अयोग्य करार देकर परीक्षा केंद्र से बाहर निकाल दिया जाएगा।
तैयारियों की समीक्षा को लेकर शुक्रवार हुई बैठक के बाद प्रशासन की तरफ से परीक्षा संचालन के नोडल प्रभारी व एडीएम प्रशासन ने बताया कि स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिश के आधार पर 113 स्कूल-कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
दो पालियों में होने वाली परीक्षा में पहले शिफ्ट में सुबह 10 से 11:30 बजे तक 83,179 और दूसरी शिफ्ट में 3 से 4:30 बजे तक 83,178 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
जानें परीक्षा केंद्रों से जुड़ी अहम जानकारी
परीक्षा के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों को 8 जोन व 16 सेक्टरों में बांटा गया है। हर जोन की निगरानी एडीएम-एएसपी स्तरीय जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर की जिम्मेदारी एसीएम व एसडीएम और समकक्ष अधिकारी बतौर सेक्टर मजिस्ट्रेट संभालेंगे।
इनके साथ जोनल स्तर पर एएसपी और सेक्टर स्तर पर सीओ स्तरीय पुलिस अधिकारी के साथ पर्याप्त पुलिस फोर्स भी रहेगी।
पर्यवेक्षक तैयार करेंगे हर छोटी-बड़ी घटना की रिपोर्ट
परीक्षा के दौरान निर्धारित केंद्रों पर सघन निगरानी के लिए डीएम द्वारा नामित 113 आब्जर्वर भी हर केंद्र पर तैनात रहेंगे।
यह परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले से लेकर परीक्षा खत्म होने के एक घंटा बाद तक केंद्र पर रहकर हर छोटी बड़ी घटना की रिपोर्ट तैयार कर डीएम को देंगे।
परीक्षा का संचालन शासन द्वारा नामित निजी क्षेत्र की टाटा कंस्लटेंसी सोसायटी (टीसीएस) द्वारा किया जा रहा है। भर्ती परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र का वितरण भी शुरू हो गया है।
आवेदक अभ्यर्थी फॉर्म जमा करने वाले वेबसाइट से प्रवेशपत्र प्राप्त कर सकते हैं। एडीएम प्रशासन ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के हर कक्ष में 24 अभ्यर्थियों पर निगरानी व परीक्षा संचालन से जुड़ा कार्य कराने को एक कक्ष निरीक्षक के हिसाब से सेवानिवृत्त कर्मियों व शिक्षकों की तैनाती की जाएगी।