अखिलेश बोले, जीतने वालों को ही हम देंगे टिकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कहना है कि विधानसभा चुनाव में उसे ही लड़ाएंगे जो जीत सकता है। वैसे भी चुनाव में आखिरी समय तक टिकटों की अदला-बदली होती रहती है।
पार्टी के लोग चाहते हैं कि प्रदेश में फिर सपा सरकार बने, इसलिए जीतने वाले को ही टिकट दिया जा रहा है। आपराधिक पृष्ठभूमि के लोगों को टिकट दिए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कुछ चीजों पर आप (मीडिया) मेरी राय जानते हैं। इस बाबत जो भी राय या सुझाव देना होगा, राष्ट्रीय अध्यक्ष को देंगे।
लोकभवन में मंगलवार को कैबिनेट की बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने ये बातें कहीं। सपा में टिकट बंटवारे को लेकर मचे घमासान पर उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर पार्टी में कोई बवाल नहीं है। बवाल आप (मीडिया) मचाए हो।
समाजवादी लोग चाहते हैं कि सरकार बने। उससे ज्यादा जनता चाहती है कि समाजवादी सरकार बने। पहले टिकट दिए गए, फिर टिकट बदले गए। फिर टिकट दिए गए और फिर बदल दिए गए।
आपको कैसे पता कि हमारे लोगों को नहीं मिला टिकट
सुल्तानपुर की लंभुआ सीट का जिक्र करते हुए बोले, याद करिए आठ बार टिकट बदला गया और जीता कौन? सपा ही जीती। कौन चाहता है कि हारने वाले को टिकट दें। फिर से सरकार बनानी है, इसलिए जीतने वाले को ही टिकट देंगे।
सवाल हुआ कि कल जो टिकट बदले गए, उसमें आपके लोग नहीं हैं? अखिलेश ने उल्टा सवाल दागा कि आपको कैसे पता कि हमारे नहीं हैं?
धक्का देना मेरी आदत नहीं
सवाल हुआ कि जिस अतीक अहमद को आपने मंच से धक्का देकर हटाया था, उसे पार्टी ने टिकट दे दिया? अखिलेश बोले, धक्का देना हमारे व्यवहार में शामिल नहीं है। कभी नेता का खास बनने और आपके कैमरे की वजह से लोग जान-बूझकर घुसते हैं तो यह जरूर कह दिया होगा कि अभी रुक जाओ, बाद में बात करेंगे।
जो बुलाएगा, उसका प्रचार करूंगा
क्या मुख्तार अंसारी के भाई सिबगतुल्ला अंसारी व अतीक अहमद का चुनाव प्रचार करने जाएंगे? मुख्यमंत्री ने कहा कि जो हमें बुलाएगा, हम उसका प्रचार करेंगे।
फिर लगने वाली है एक और लाइन
विधानसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए सीएम ने कहा कि यूपी में एक और लाइन लगने की तैयारी है। जिन्होंने जनता को दुख दिया है, उस सरकार के खिलाफ मतदान होगा। हम तो चाहते हैं कि तारीख जल्दी आ जाए।
जनता के बीच हम लोग जाएं और उनसे सपा सरकार बनाने की अपील करें। सपा सरकार ने लगातार जनहित में फैसले किए हैं। योजनाओं से जनता को व्यापक लाभ हुआ है। फिर सत्ता में आए तो कई गुना तेजी से काम किया जाएगा।
कर्मचारी बनवाएंगे हमारी बहुमत की सरकार
मुख्यमंत्री ने सातवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने के कैबिनेट के फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि इसका फायदा लाखों कर्मचारियों को होगा। आने वाले समय में यही लोग फिर से हमारी बहुमत की सरकार बनवाएंगे ताकि उन्हें लगातार फायदा मिलता रहे।
नोटबंदी हमारे साथ-साथ देश के खिलाफ भी साजिश
मुख्यमंत्री ने कहा कि नोटबंदी हमारे साथ तो साजिश है ही, देश और जनता के साथ भी बड़ी साजिश है। विकास रुक गया। सरकार, ठेकेदारों, एक्सपोर्ट हाउसेज, बड़ी-बड़ी इंडस्ट्री का काम रुक गया। रोजगार छिन गए। अर्थव्यवस्था पीछे चली गई। किसानों के साथ धोखा हुआ। तो यह साजिश तो सभी के साथ है।
'मैंने हाथी को लेकर कहा था, किसी महापुरुष को नहीं'
मुख्यमंत्री ने बसपा सुप्रीमो मायावती पर निशाना साधते हुए कहा, बसपा विकास की दुश्मन है। मैंने हाथी को लेकर कहा था कि जो जहां खड़े थे, वहीं खड़े हैं। किसी महापुरुष के लिए नहीं कहा था। पत्थर वाली सरकार की मालिक कहती हैं कि मेट्रो हमारी है, एक्सप्रेस-वे हमारा है। तो उन्हें रोका किसने था कि मेट्रो चालू न करें, पटरी न बिछाएं। कल को कहेंगी कि लैपटॉप भी उन्हीं का है। मैं भी सोच रही थी कि स्मार्टफोन दूंगी।
बसपा करती है भाजपा को वोट ट्रांसफर
यह पूछे जाने पर कि मायावती ने कहा कि समाजवादी सरकार आती है तो भाजपा की सीटें बढ़ जाती हैं? अखिलेश ने कहा, सच तो यह है कि बसपा अपना वोट बीजेपी को ट्रांसफर कर देती है। लोकसभा चुनाव में एक-एक बूथ का वोट बसपा ने भाजपा को ट्रांसफर किया। नतीजतन वह शून्य पर रह गई और भाजपा जीत गई।
बेसिक शिक्षा में बर्तन खरीद में गड़बड़ियों की जांच
बेसिक शिक्षा विभाग में बर्तन खरीद में अनियमितताओं के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली थी कुछ जगह खरीदे गए बर्तनों के वजन कम हैं। उसी समय जांच करा दी गई थी। जहां कहीं इस तरह की शिकायत मिलेगी, सरकार कार्रवाई करेगी।
गेहूं का आयात किसानों को बर्बाद करने वाला फैसला
केंद्र द्वारा गेहूं का आयात किए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर गेहूं बाहर से आएगा तो आपके गेहूं को कौन पूछेगा। केंद्र को सावधानी रखनी पड़ेगी कि कोई भी चीज ऐसी न आ जाए जो हमारे ही किसानों को बर्बाद कर दे।
आपका चीनी बाजार इसलिए बर्बाद हुआ क्योंकि विदेश की चीनी आपके बाजार में आ रही थी। उस समय भी इम्पोर्ट ड्यूटी कम की गई थी जिसके कारण आपकी चीनी मिलें नहीं चल पा रही थीं। आपको अपने बजट से 2000 करोड़ लगाने पड़े, तब जाकर आप किसानों का भुगतान करा पाए।
कांग्रेस से गठबंधन पर टिप्पणी नहीं
कांग्रेस से गठबंधन के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे तो समाजवादी लोग बहुमत की सरकार बना रहे हैं लेकिन अगर गठबंधन होगा तो 300 से ज्यादा सीटें आएंगी। हम गठबंधन के लिए तैयार हैं लेकिन इस पर फैसला नेताजी करेंगे। क्या कांग्रेस से बात चल रही है? मुख्यमंत्री ने कहा, अभी इस पर कुछ नहीं कह पाएंगे।