आईबी ने जारी किया अलर्ट, यूपी में सुसाइड बम से हमला कर सकते हैं आतंकी
खूफिया एजेंसी आईबी ने यूपी के अलावा तीन अन्य राज्यों में बड़े आतंकी हमले को लेकर अलर्ट जारी किया है। सूत्रों की मानें तो आईबी ने राज्य की पुलिस को सचेत किया गया है कि सरहद पर हुई कार्रवाई के बाद आतंकी दिल्ली, गुजरात, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में कोई बड़ी घटना अंजाम दे सकते हैं।
अलर्ट में किसी विशेष जगह, तारीख या आतंकी संगठन का उल्लेख नहीं किया गया है। अलर्ट में यह भी कहा गया है कि आतंकी सुसाइड बम का इस्तेमाल करते हुए घटना कर सकते हैं।
सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश आईबी के इस अलर्ट के बाद डीजीपी कार्यालय ने जिलों में तैनात पुलिस कप्तानो को सचेत किया है।
डीजीपी की ओर से कहा गया है कि सार्वजनिक स्थानों जैसे बाजार, शॉपिंग माल, सिनेमाघर, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सर्तकता बरती जाए। संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
कश्मीर में कार्रवाई से बौखलाए हुए हैं आतंकी
सूत्रों का कहना है कि कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ भारतीय सेना कार्रवाई से वे बौखलाए हुए हैं। ऐसे में वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
पिछले दिनों हिजबुल मुजाहिदीन के पूर्व कमांडर और अब अलकायदा में शामिल हो चुका आतंकी जाकिर मूसा ने ऑडियो जारी किया था।
ऑडियो में प्रमुख रूप से बिजनौर में एक महिला के साथ चलती ट्रेन में हुए कथित बलात्कार और गौ रक्षा के नाम पर हो रही घटनाओं का जिक्र करते हुए बदला लेने की बात कही थी।