गृहमंत्री राजनाथ ने बताया नए भारत का मतलब, कहा- ये सपना सच करने में मदद करें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कायस्थ समाज के लोगों का आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए भारत के निर्माण के सपने को साकार करने में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि न्यू इंडिया का मतलब है कि गंदगी, गरीबी, अशिक्षा, जातिवाद, आतंकवाद और संप्रदायवादवाद से मुक्त भारत। आप सभी ऐसा भारत बनाने के लिए आगे आइए। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज कभी जाति बंधन की सीमाओं में नहीं सिमटा, जिसकी समाज को आज और भी ज्यादा जरूरत है।
राजनाथ शनिवार को कायस्थ समन्वय समिति की ओर से आयोजित कायस्थ समागम एवं युवा प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कायस्थ समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को 51 हजार रुपये का चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
राजनाथ ने कहा, प्रदेश का मुख्यमंत्री रहते मैंने महाराज चित्रगुप्त की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। एनेक्सी के नवनिर्मित भवन का नामकरण भी पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर किया। हाईकोर्ट के सामने प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की मूर्ति भी लगवाई।
इन महापुरुषों ने कभी एक जाति का कहलाना पसंद नहीं किया
राजनाथ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस, टोडरमल और वीरबल ने कायस्थ समाज में ही जन्म लिया, पर कभी उन्होंने अपने आपको जाति विशेष का नायक कहलाना पसंद नहीं किया।
कायस्थ ही एकमात्र ऐसी जाति है, जिसने आधे से ज्यादा भारत पर हुकूमत की। उन्होंने समाज को हरसंभव मदद देने का आश्वासन भी दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर ने कहा कि कायस्थ समाज सदा ही राष्ट्रवादी नीतियों पर चला है। कायस्थ समन्वय समिति के अध्यक्ष ओपी श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, आशुतोष टंडन व बृजेश पाठक, विधायक सुरेश श्रीवास्तव और मनकामेश्वर मंदिर की महंत देव्या गिरि भी मौजूद थीं।