{"_id":"66e8cfa9c53f0d2a7f0f12db","slug":"hit-and-run-car-rammed-bullet-one-died-lucknow-news-c-13-1-lko1021-876905-2024-09-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिट एंड रन : कार ने बुलेट सवार की ली जान, दोस्त गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिट एंड रन : कार ने बुलेट सवार की ली जान, दोस्त गंभीर
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। अयोध्या हाईवे पर सोमवार तड़के कार चालक बुलेट में टक्कर मारने के बाद भाग निकला। हादसे में बुलेट सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में उसका इलाज चल रहा है। रफ्तार अधिक होने के चलते सीसीटीवी फुटेज से कार का नंबर स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने अज्ञात वाहन पर केस दर्ज किया है।
बीबीडी पुलिस के मुताबिक बाराबंकी के ढकौली निवासी रेहान अली (23) रविवार रात करीब दस बजे दोस्त फैसल के साथ बुलेट से लखनऊ आए थे। घर पर बताया था कि वह ईद मीलादुन्नबी के जश्न में शिरकत करने जा रहे हैं। तड़के करीब चार बजे दोनों लौट रहे थे। बुलेट फैसल चला रहे थे।
विज्ञापन
बीबीडी यूनिवर्सिटी के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार बुलेट में जोरदार टक्कर मारते हुए चली गई। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, वहां डॉक्टरों ने रेहान को मृत घोषित कर दिया। फैसल की हालत गंभीर बनी हुई है। रेहान एसी मैकेनिक थे।
विज्ञापन
हवा में कई फीट उछल कर गिरे दोनों दोस्त
कार की रफ्तार बहुत ज्यादा थी। टक्कर इतनी तेज लगी कि रेहान व फैसल हवा में कई फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिरे। रेहान के सिर समेत शरीर भर में कई गंभीर चोटें थीं। सिर में चोट से उनकी मौत हुई।
फुटेज में दिखी कार, लेकिन ट्रेस करना चुनौती
इंस्पेक्टर अजय नारायण ने बताया कि फुटेज में कार टक्कर मारते हुए दिख रही है। लेकिन, उसका नंबर स्पष्ट नहीं दिख रहा है। इसलिए ट्रेस करने में दिक्कत आ रही है। एक टीम को इसमें लगाया गया है। फुटेज देखने के बाद पुलिस का कहना है कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी। हादसे की यह बड़ी वजह रही।
हेलमेट लगाए थे या नहीं, किसी को नहीं पता
हादसे की सूचना पर पिता कुर्बान अली व अन्य परिजन लखनऊ पहुंचे। परिवार में उनकी मां अनवारी व आठ-भाई बहन हैं। परिजनों का कहना था कि हेलमेट लगाए थे या नहीं, इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं। पुलिस को भी घटनास्थल से कोई हेलमेट नहीं मिला। अंदेशा है कि बिना हेलमेट थे। लेकिन, इसकी पुष्टि किसी ने नहीं की।