फ्लाइट के बराबर किराया देकर ट्रेनों में सफर कर रहे यात्री!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केस एक
इंदिरानगर के राहुल तिवारी को जरूरी काम से मुंबई जाना था। रविवार सुबह उन्होंने जैसे ही आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर पुष्पक एक्सप्रेस की एसी सेकंड में तत्काल के लिए अप्लीकेशन डाउनलोड किया वेबसाइट ठप हो गई।
इसी बीच उन्होंने तत्काल प्रीमियम कोटे में आवेदन किया तो 2710 रुपये वाला टिकट उनको 8300 रुपये में मिल सका।
केस दो
शहर की साक्षी श्रीवास्तव जयपुर में नौकरी करती हैं। साक्षी ने लखनऊ आने के लिए जयपुर से जब मरुधर एक्सप्रेस की एसी थर्ड के तत्काल कोटे के लिए अप्लाई किया तो वेटिंग हो गई।
इस पर उन्हें जोधपुर से लखनऊ का तत्काल प्रीमियम का टिकट खरीदना पड़ा। तत्काल का जो टिकट साक्षी को जयपुर से 1120 रुपये में मिल जाता वह जोधपुर से तत्काल प्रीमियम में 2990 रुपये में मिला।
भारी पड़ रही है एक ही ट्रेन में दोहरी व्यवस्था
एक ही ट्रेन में रेलवे की यह दोहरी व्यवस्था यात्रियों पर भारी पड़ने लगी है। रेलवे की तत्काल प्रीमियम सुविधा के चलते सीटों की मांग बढ़ने पर तत्काल कोटे की जगह यात्रियों को उससे तीन गुना अधिक किराया देकर महंगा सफर करना पड़ रहा है।
आलम यह है कि ट्रेन से सफर करने पर लखनऊ से मुंबई का एसी थर्ड का तत्काल प्रीमियम का किराया 6200 रुपये के करीब पहुंच गया है। जबकि लखनऊ से मुंबई का सस्ती एयरलाइंस का न्यूनतम किराया ही छह हजार के करीब होता है।
भारी पड़ रहा डॉयनामिक फेयर सिस्टम
जोनल रेलवे ने पिछले साल ही जिन स्टेशनों से अधिक मांग होती है, उनके लिए तत्काल प्रीमियम सुविधा लागू की है। तत्काल प्रीमियम में डॉयनामिक फेयर प्रणाली लागू होती है। इसके चलते ही अधिक मांग होते ही तत्काल प्रीमियम का अधिकतम किराया विमान के न्यूनतम किराए के बराबर पहुंच रहा है।
तीन गुना अधिक किराया
इस सिस्टम के तहत 567 किलोमीटर के जयपुर से लखनऊ तक के सफर के लिए एसी थर्ड का 1120 रुपये की जगह 2900 रुपये और एसी सेकंड का 1595 रुपये की जगह 5200 रुपये का टिकट खरीदना पड़ रहा है।
वहीं, लखनऊ से 500 किमी. दिल्ली तक जाने के लिए यदि विमान का टिकट खरीदा जाए तो वह 2500 रुपये से 3000 रुपये के बीच मिल रहा है। लखनऊ से मुंबई के लिए पुष्पक एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस और गोरखपुर-एलटीटी सुपरफास्ट की तत्काल कोटे की पचास फीसदी सीट तत्काल प्रीमियम में बुक हो रही हैं।
खरीदना पड़ रहा लंबी दूरी का टिकट
तत्काल कोटे में बीच के स्टेशनों से अंतिम स्टेशनों तक का टिकट मिल जाता था, लेकिन इस प्रणाली में बीच के स्टेशनों का तत्काल प्रीमियम का टिकट जारी नहीं होता है। प्रीमियम ट्रेनों की तर्ज पर रेलवे तत्काल प्रीमियम में भी बीच के स्टेशनों का टिकट जारी नहीं कर रहा है। इसके चलते यात्रियों को 25 से 30 प्रतिशत तक किराया महंगा पड़ रहा है।