मुसलमानों के लिए अखिलेश का नया खेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनाव खत्म होने के बाद अब सरकार अल्पसंख्यक परिवारों की बेटियों के लिए चलाई जा रही हमारी बेटी उसका कल योजना में व्यापक बदलाव करने जा रही है।
इसके तहत इंडियन काउंसिल फॉर सेकंडरी एजूकेशन (आईसीएसई) व सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजूकेशन (सीबीएसई) की छात्राओं को भी इस योजना में शामिल करने की तैयारी है।
अभी तक इस योजना का लाभ केवल यूपी बोर्ड व मदरसा बोर्ड की छात्राओं को ही दिया जाता है।
गरीब अल्पसंख्यक परिवारों की कक्षा 10 पास बेटियों को आगे की पढ़ाई या फिर शादी के लिए सरकार एकमुश्त अनुदान देती है।
ICSE व CBSE बोर्ड के बच्चों को भी होगा फायदा
प्रदेश में जब से सपा सरकार आई है तब से यह योजना चल रही है। इस योजना के तहत 36 हजार रुपये सालाना तक की आय वाले अल्पसंख्यक परिवारों की बेटियां ही आवेदन कर सकती हैं।
योजना के लिए सरकार पहले से ही जिलेवार लक्ष्य निर्धारित करती है। इसके बाद जिलों से आवेदन आमंत्रित करती है।
इस बार सरकार ने इस योजना का दायरा और बढ़ाने की तैयारी कर ली है। सरकार का मानना है कि अब आईसीएसई व सीबीएसई के स्कूल भी छोटे-छोटे शहरों में खुल गए हैं।
ऐसे में इनमें पढ़ने वाली छात्राओं को इस योजना से वंचित किया जाना ठीक नहीं है। इसलिए सरकार इन दोनों को भी अपनी योजना में शामिल करने जा रही है। सरकार इसके लिए निमयावली में बदलाव करेगी।
अनुदान राशि फिर 30 हजार रुपये करने की तैयारी
प्रदेश सरकार हमारी बेटी उसका कल योजना में दी जाने वाली अनुदान राशि को फिर बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने का विचार कर रही है। योजना जब शुरू हुई थी तो भी पहले वर्ष 30 हजार रुपये एकमुश्त अनुदान के रूप में दिए गए थे।
लेकिन चुनावी वर्ष में सरकार ने सभी को लाभ देने के लिए इसकी धनराशि घटाकर 20 हजार रुपये कर दी थी। दरअसल, योजना में काफी संख्या में छात्राओं ने आवेदन किया था।
चुनावी वर्ष में सरकार ने इस योजना में 114 करोड़ रुपये अधिक बजट भी दिया था। इसके बावजूद सरकार किसी को भी नाराज नहीं करना चाहती थी।
इस कारण ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ देने के लिए अनुदान राशि घटाई गई थी। अब फिर सरकार इस योजना की अनुदान राशि बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने जा रही है।