बड़ा फैसला: अब हज यात्रा करना हुआ और ज्यादा महंगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के एयरपोर्ट से हज पर जाने वाले ग्रीन कैटेगरी के यात्रियों को इस बार 17950 रुपये और अजीजिया कैटेगरी के लिए 18450 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे। सेंट्रल हज कमेटी ने हज यात्रा में बड़ा इजाफा कर दिया है।
लखनऊ एयरपोर्ट से हज जाने वाले ग्रीन श्रेणी के हज यात्रियों को 2 लाख 36 हजार 350 रुपये और अजीजिया श्रेणी के यात्रियों को 2 लाख 2 हजार 950 रुपये देना होगा। पिछले साल ग्रीन श्रेणी के यात्रियों से 2 लाख 18 हजार 400 रुपये और अजीजिया श्रेणी के हज यात्रियों से एक लाख 84 हजार 500 रुपये लिए गए थे।
वाराणसी एयरपोर्ट से जाने वाले ग्रीन श्रेणी के यात्रियों को इस साल 2 लाख 39 हजार 600 रुपये और अजीजिया श्रेणी के यात्रियों को 2 लाख 6 हजार 200 रुपये खर्च करने होंगे।
गत वर्ष वाराणसी के ग्रीन श्रेणी के हज यात्रियों से 2 लाख 18 हजार 250 रुपये और अजीजिया श्रेणी के यात्रियों से एक लाख 84 हजार 350 रुपये लिए गए थे। जो ग्रीन श्रेणी में 21350 रुपये और अजीजिया श्रेणी में 21850 रुपये अधिक है।
ये होगा दिल्ली एयरपोर्ट से जाने वाले यात्रियों का खर्च
दिल्ली एयरपोर्ट से जाने वाले पश्चिमी यूपी के ग्रीन श्रेणी के हज यात्रियों को इस साल 2 लाख 36 हजार 950 रुपये और अजीजिया श्रेणी के यात्रियों से 2 लाख 3 हजार 550 रुपये लिए जाएंगे।
गत वर्ष ग्रीन श्रेणी के हज यात्रियों को 2 लाख 21 हजार 50 रुपये और अजीजिया श्रेणी के यात्रियों से एक लाख 87 हजार 150 रुपये लिए गए थे।
इस बार ग्रीन श्रेणी में 15900 रुपये और अजीजिया श्रेणी में 16400 रुपये अधिक लिए जाएंगे। हज कमेटी के कार्यपालक अधिकारी तनवीर अहमद ने बताया कि जिन यात्रियों ने इस्लामिक डवलपमेंट बैंक से कुर्बानी कराने पर सहमति दी है। उन्हें 8000 रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे।
दो साल या उससे कम उम्र के बच्चों का किराया अलग
दो साल या उससे कम उम्र के बच्चे जो माता-पिता के साथ लखनऊ एयरपोर्ट से जाएंगे उनको 13 हजार 400 रुपये देना होगा, जबकि पिछले साल लखनऊ एयरपोर्ट से जाने पर 12 हजार 950 रुपये लिए गए थे।
दिल्ली एयरपोर्ट से जाने वाले बच्चों का किराया 13 हजार 200 रुपये लिया जाएगा। पिछले साल दिल्ली एयरपोर्ट से जाने वाले पश्चिमी यूपी के बच्चों का 8 हजार 900 रुपये किराया था।
वहीं, वाराणसी एयरपोर्ट से जाने वाले बच्चों के लिए इस बार 17 हजार 450 रुपये किराया तय हुआ है। गत वर्ष वाराणसी से जाने वाले बच्चों का किराया 14 हजार 350 रुपये लिया गया था।
रियाल की विनिमय दर कम फिर भी यात्रा मंहगी
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने इस साल सऊदी रियाल की विनिमय दर 17.39 रुपये तय की है। गत वर्ष रियाल की विनियम दर 18.12 रुपये थी। इस बार कमेटी द्वारा नामित बैंक यात्रियों को 17.39 रुपये की दर से मुद्रा विनिमय करेंगे।
हज खर्च का निर्धारण रियाल की विनियम दर की मुताबिक होता है, लेकिन इस बार बीते साल की अपेक्षा 73 पैसे कम होने के बावजूद हज खर्च में बड़ा इजाफा कर हज कमेटी ऑफ इंडिया ने यात्रियों को चौंका दिया है।
19 जून तक जमा करें दूसरी किस्त
तनवीर अहमद ने बताया कि 81 हजार रुपये की पहली किस्त जमा कर चुके यात्री अपनी रिहाइश कैटेगरी के अनुसार इम्बारकेशनवार शेष राशि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाता संख्या 32175020010 Ufee type 25 या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाता संख्या 318702010406009 अथवा www.hajcommittee.gov.in पर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
रिपीटर श्रेणी महरम यात्रियों का लगेगा पूरा किराया
महरम बनकर हज को जाने वाले रिपीटर श्रेणी के यात्रियों का पूरा किराया लगेगा।
लखनऊ एयरपोर्ट से जाने वाले रिपीटर श्रेणी के यात्रियों को कुल खर्च से 14 हजार 150 रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे, जबकि वाराणसी एयरपोर्ट से जाने वाले यात्रियों का 22 हजार 300 रुपये अतिरिक्त लगेगा।
दिल्ली एयरपोर्ट से हज को जाने वाले रिपीटर श्रेणी को 6 हजार 300 रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे।