अंबेडकरनगर में बाइक सवार बदमाशों ने कैशियर व डॉक्टर को मारी गोली, एक ही हालत नाजुक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंबेडकरनगर के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवारों ने मंगलवार सुबह बैंक कैशियर व निजी चिकित्सक को गोली मार दी और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। दोनों को गंभीर हालत में पहले जहांगीरगंज सीएचसी ले जाया गया और फिर आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, चोरमरा कमालपुर निवासी रवींद्र प्रताप सिंह (55) उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक दुल्हूपुर शाखा में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार सुबह पांच बजे वह अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी एक बाइक से पहुंचे दो बदमाशों ने उनसे एक व्यक्ति का पता पूछा और इसी बीच गोली मार दी। गोली उनके सिर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़े।
यहां वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित पदमपुर चौराहे पहुंचे। वहां निजी चिकित्सक डॉ. लक्ष्मीकांत यादव (65) अपने घर के सामने मौजूद थे। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने गोली चलाई जो उन्हें नहीं लगी। चिकित्सक जब तक भागते बदमाशों ने दूसरी गोली दाग दी, जो उनकी कमर में जा धंसी। वारदात के बाद दोनों बदमाश फरार हो गए।
आपसी रंजिश में वारदात को अंजाम देने का संदेह
वारदात का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है। दोनों घायलों को जहांगीरगंज सीएचसी ले जाया गया। जहां से उन्हें आजमगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टरों ने रविंद्र प्रताप सिंह की हालत नाजुक बताई है।
घटना की जानकारी पर पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर मामले की पड़ताल कर रहे हैं।