यूपी में गुंडों ने पीट-पीटकर ली महिला की जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंबेडकरनगर के मालीपुर क्षेत्र में विद्युत लाइन से कटिया लगाने को लेकर हुए विवाद में एक महिला की जान चली गई। कटिया लाइन खींचने का विरोध कर रहे ग्रामीण पर विरोधियों ने शुक्रवार देर शाम लाठियों से हमला कर दिया।
यह देख बेटे को बचाने दौड़ी वृद्धा को भी हमलावरों ने बख्शा नहीं। लाठी से पीट-पीटकर वृद्धा की जान ले ली। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। नामजद रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस पिता व दो पुत्रों की तलाश कर रही है। वारदात से गांव में दहशत का माहौल है।
यह घटना माती क्षेत्र के सैदपुर भितरी गांव में हुई। पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया कि गांव निवासी सत्यम पुत्र राजबली शुक्रवार देर शाम बिजली लाइन से कटिया लगा रहा था।
तार गांव निवासी रामजग के घर सामने से गुजरा था। रामजग ने कटिया लगाने से आपूर्ति प्रभावित होने का हवाला देते हुए इसका विरोध किया। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
उस समय ग्रामीणों ने बीचबचाव कर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि कुछ ही देर बाद राजबली व उसके पुत्र सत्यम और संजय लाठी लेकर रामजग के घर जा धमके और उस पर हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़ी रामजग की मां मोहरा देवी (65) पत्नी श्यामलाल ने रोका तो हमलावरों ने उसकी भी लाठी डंडों से जमकर पिटाई की गई। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस पहुंचने के पहले भाग गए हमलावर
महिला की मौत की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े लेकिन तब तक हमलावर वहां से भाग खड़े हुए।
घटना की सूचना मिलने पर एसओ मालीपुर ज्ञानेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और छानबीन की। परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। रामजग ने रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
एसओ के मुताबिक तहरीर के आधार पर सत्यम, संजय व राजबली के विरुद्ध केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। घटना से पीड़ित परिवारीजनों में कोहराम मचा है।
गांव में भी सन्नाटे का माहौल है। एएसपी पंकज पाण्डेय ने बताया कि मामले में कार्रवाई तय कराई जा रही है। केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।