Girls Olympic 2023 : कांटे की टक्कर में कई टीमें बाहर, समापन कार्यक्रम में कल पुरस्कृत की जाएंगी विजेता टीम
अमर उजाला खेल खिलाड़ी उत्तर प्रदेश बालिका ओलंपिक-2023 के दूसरे दिन बालिका खिलाड़ी जोश से लबरेज दिखीं। तेज धूप और उमस भी उनके रास्ते में रोड़ा न बन सकी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती। प्रदेश के अलग-अलग इलाके से आईं बेटियों ने बृहस्पतिवार को कुछ ऐसा ही उदाहरण पेश किया। अलग-अलग परिवेश से आईं बेटियों ने साबित किया कि मैदान में वे किसी से कम नहीं हैं। अमर उजाला खेल खिलाड़ी उत्तर प्रदेश बालिका ओलंपिक-2023 के दूसरे दिन बालिका खिलाड़ी जोश से लबरेज दिखीं। तेज धूप और उमस भी उनके रास्ते में रोड़ा न बन सकी।
उत्साहित बेटियों ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम में अपना दमखम दिखाया। खेल भावना से ओतप्रोत खिलाड़ियों ने जमकर मुकाबला किया। कांटे की टक्कर में कई टीम बालिका ओलंपिक के दूसरे दिन प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। मुकाबले के लिए सुबह से ही खिलाड़ी मैदान में जमे थे। स्टेडियम में अलग-अलग टीमें प्रैक्टिस कर रहीं थीं। हॉकी खिलाड़ी हाथ में स्टिक लिए एक-दूसरे को बॉल पास कर रहीं थीं। वहीं, वॉलीबाल खिलाड़ी कोर्ट में एक-दूसरे की टीम से परिचय करतीं नजर आईं। पहले दौर का खेल शुरू हुआ तो सभी टीमों ने एक-दूसरे से जमकर मुकाबला किया। परिणाम आने के बाद हारने वाली टीम लौट गई। शुक्रवार को ओलंपिक के तीसरे दिन फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। शुक्रवार को ही तीन दिवसीय ओलंपिक का समापन होगा। इस दौरान विजयी टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा। मुख्य अतिथि खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र देकर उनका उत्साहवर्धन करेंगे।
मंत्रियों से मिल खिल उठे चेहरे
हैंडबॉल मैच के बाद खिलाड़ियों का जोश उस वक्त दोगुना हो गया, जब केंद्र व प्रदेश सरकार के मंत्री उनसे रूबरू हुए। मुख्य अतिथि सुरेश कुमार खन्ना, केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर आदि ने खिलाड़ियों की सराहना की।
दूसरे दिन के परिणाम
अमर उजाला बालिका ओलंपिक-2023 खेलों के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को लखनऊ मंडल ने खिलाड़ियों ने हैंडबॉल और हॉकी के सेमीफाइनल में जगह बना ली। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में हो रहे इन खेलों में हैंडबॉल के क्वार्टर फाइनल में लखनऊ मंडल ने सहारनपुर मंडल को 12-6 गोल से हराया। इसी तरह हॉकी के क्वार्टर फाइनल में लखनऊ ने अयोध्या मंडल को 5-0 गोल से हराया। जबकि वॉलीबॉल के सेमीफाइनल में लखनऊ हॉस्टल ने लखनऊ मंडल को 2-0 से हराकर फाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
हैंडबॉल : क्वार्टर फाइनल में अयोध्या, वाराणसी, गोरखपुर व लखनऊ मंडल विजयी
पहले क्वार्टर फाइनल में अयोध्या मंडल ने देवीपाटन मंडल को 8-3 गोल से हराया। अयोध्या मध्यांतर तक 4-1 से आगे थी और उसकी ओर से आराधना ने सबसे ज्यादा 4 गोल दागे। दूसरे क्वार्टर फाइनल में वाराणसी मंडल ने मिर्जापुर मंडल को 13-6 गोल से मात दी। विजेता की ओर से सुमन व नैना ने चार-चार गोल किए। मध्यांतर तक वाराणसी मंडल 7-3 से आगे थी। इसी तरह तीसरे क्वार्टर फाइनल में गोरखपुर मंडल ने प्रयागराज मंडल को 17-15 से हराया। चौथे क्वार्टर फाइनल में लखनऊ मंडल ने सहारनपुर मंडल को 12-6 गोल से हराया। शुक्रवार को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे। पहला मुकाबला अयोध्या व लखनऊ मंडल के बीच और दूसरा मुकाबला गोरखपुर व वाराणसी मंडल के बीच होगा।
फुटबॉल : वाराणसी, मिर्जापुर और आगरा ने जीत दर्ज की
पहले क्वार्टर फाइनल में वाराणसी ने बस्ती को 6-0 गोल से हराया। वाराणसी की ओर से अमृता ने चार गोल दागे। उन्होंने खेल के 12वें, 14वें, 16वें व 26वें मिनट में प्रतिद्वंद्वी का डिफेंस भेदते हुए गोल दागा। दूसरे क्वार्टर फाइनल में मिर्जापुर मंडल ने छठें मिनट में प्रिया सोनकर द्वारा दागे एकमात्र गोल से लखनऊ मंडल को 1-0 से हराया। तीसरे क्वार्टर फाइनल में आगरा मंडल ने अलीगढ़ मंडल को सिमरन के एकमात्र गोल से 1-0 से हराया। जबकि गोरखपुर की टीम ने पहले दिन खेले गए मैच में जीत के साथ पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना ली थी। फुटबॉल का सेमीफाइनल शुक्रवार सुबह के सत्र में गोरखपुर मंडल बनाम मिर्जापुर मंडल और वाराणसी मंडल बनाम आगरा मंडल होगा।
वॉलीबॉल : प्रयागराज व गोरखपुर के बीच होगा सेमीफाइनल
क्वार्टर फाइनल में प्रयागराज मंडल ने मुरादाबाद मंडल को 2-0 से, लखनऊ हॉस्टल ने आगरा को 2-0 से , लखनऊ मंडल ने अयोध्या मंडल को 2-0 से और गोरखपुर ने अलीगढ़ को 2-0 से हराया। इसके बाद देर शाम खेले गए पहले सेमीफाइनल में लखनऊ हास्टल ने लखनऊ मंडल को 2-0 (25-7, 25-8) गोल से हराया। दूसरा सेमीफाइनल प्रयागराज और गोरखपुर के बीच होगा।
हॉकी : लखनऊ, सहारनपुर, मेरठ व प्रयागराज सेमीफाइनल में
मेजबान लखनऊ मंडल सहित सहारनपुर, मेरठ व प्रयागराज मंडल ने आज खेले गए क्वार्टर फाइनल में जीत से सेमीफाइनल में जगह बना ली। पहले क्वार्टर फाइनल में लखनऊ ने अयोध्या मंडल को 5-0 गोल से मात दी। लखनऊ की पुष्पांजलि सोनकर (22वां, 29वां मिनट) और पीतांबरी कुमारी (35वां, 50वां मिनट-पेनाल्टी कार्नर) ने दो-दो गोल दागे। वहीं, खुशी उपाध्याय (24वां मिनट-पेनाल्टी कार्नर) ने एक गोल किया।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में मेरठ ने गोरखपुर को सडेन डेथ में 3-2 से हराया। मैच में निर्धारित समय में दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर थी। तीसरे क्वार्टर फाइनल में सहारनपुर ने वाराणसी को 7-1 से मात दी। सहारनपुर की जीत में वर्षा ने अकेले पांच गोल दागे। वहीं जसप्रीत ने दो गोल किए। जबकि चौथे क्वार्टर फाइनल में प्रयागराज ने लक्ष्मी के एकमात्र गोल से झांसी को 1-0 से मात दी। हॉकी के सेमीफाइनल मुकाबले शुक्रवार सुबह होंगे। पहला सेमीफाइनल लखनऊ मंडल बनाम सहारनपुर और दूसरा सेमीफाइनल मेरठ मंडल बनाम प्रयागराज के मध्य होगा।
बाक्सिंग
मेरठ की शिवानी, ज्योति, काजल रानी, गोरखपुर की आंचल सिंह, वर्षा सिंह, काजल सिंह, बरेली की साधना,मीमांशा पाण्डेय, कानपुर की आशी वर्मा, निशा परिहार, आगरा की मानसी शर्मा, प्रयागराज की कीर्ति, अंकिता सिंह, सहारनपुर की शिवांकी, वाराणसी की शिवानी ने अपने-अपने मुकाबले जीते।