यूपी: दिवाली-भैया दूज के बाद काम पर लौटने वाले यात्रियों का दबाव बढ़ा, ट्रेनों-बसों में सीटों की मारामारी
दिवाली के बाद काम पर लौटने वालों और छठ पर्व मनाने घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ के कारण लखनऊ के चारबाग समेत प्रमुख रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। यात्रियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए परिवहन निगम ने आलमबाग, कैसरबाग और अवध बस स्टेशन से पूर्वांचल के 13 शहरों के लिए 450 अतिरिक्त बसें संचालित की हैं।
विस्तार
दिवाली और भैया दूज के बाद काम पर लौटने वालों और छठ पर्व मनाने घर आने वालों की भीड़ से ट्रेनों और बसों में दबाव बढ़ गया है। बृहस्पतिवार को लखनऊ स्थित चारबाग, लखनऊ जंक्शन, ऐशबाग और गोमती नगर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। दिल्ली, मुंबई, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और बिहार जाने वाली ट्रेनों में भी पैर रखने तक की जगह नहीं मिली। वहीं, पूर्वांचल जाने के लिए बस अड्डों पर यात्रियों की कतारें लगी रहीं।
गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस और त्रिवेणी एक्सप्रेस में जनरल से लेकर स्लीपर और एसी कोच तक यात्रियों से भरे रहे। पैसेज और शौचालयों तक में लोग खड़े होकर सफर करते दिखे। कई यात्री बोगियों के हैंडल पकड़कर यात्रा करने को मजबूर हुए। आरपीएफ ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन भीड़ के आगे व्यवस्था नाकाफी साबित हुई। गोमती, पद्मावत, गोरखधाम, अवध, कुशीनगर, सद्भावना और मरुधर एक्सप्रेस में भी यही हाल रहा।
महिला और दिव्यांग कोच में भी भीड़
पूर्वांचल जाने वाली इज्जतनगर, कुशीनगर, गोरखपुर हमसफर, इंदौर-पटना, कोटा-पटना और उपासना एक्सप्रेस में भी यात्रियों का दबाव रहा। लंबी वेटिंग के कारण कई यात्रियों को जनरल टिकट लेकर सफर करना पड़ा। महिला और दिव्यांग कोच के साथ लगेज यान में भी यात्री सवार हो गए। आरक्षित कोचों में भी भीड़ के कारण यात्रियों को अपनी सीट तक पहुंचने में परेशानी हुई। आरपीएफ ने कई यात्रियों को सीट तक पहुंचाने में मदद की।