राधेलाल स्वीट्स पर एफएसडीए का छापा, देसी घी में मिली मक्खी, खाद्य सामग्री में कीड़े, मरे चूहे मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलीगंज में राधेलाल स्वीट्स के नाम से चल रही नामचीन दुकान के रेस्टोरेंट में कस्टमरों को गंदगी के बीच किचन में तैयार घटिया खाद्य सामग्री परोसी जाती मिली। शिकायत पर छापा मारने पहुंची एफएसडीए की टीम को किचन में गंदे बर्तनों में रखी खाद्य सामग्री के साथ ही खुले में रखे देसी घी में मक्खी पड़ी मिली।
जांच टीम ने मक्खी को निकाले बिना ही नमूना लैब जांच को भेजा। किचन में इस कदर गंदगी थी कि वहां भंडारित खाद्य सामग्री हटाने पर कीड़े बिलबिलाते मिले। दुकान के कर्मचारियों के विरोध के बीच जांच टीम ने दुकान से नौ सामग्रियों के नमूने लेकर लैब में जांच को भेजा।
टीम की अगुवाई कर रहे सीएफएसओ एसके मिश्रा ने बताया कि दुकान संचालक को किचन में सफाई न मिलने और कस्टमरों की सेहत से खिलवाड़ करने वाली खाद्य सामग्री परोसे जाने पर नोटिस जारी किया गया है। सुधार न होने पर दुकान बंद कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि राधेलाल स्वीट्स में मिठाई व नमकीन की बिक्री के साथ ही रेस्टोरेंट में घटिया गुणवत्ता की खाद्य सामग्री परोसे जाने की शिकायत मिली थी। मंगलवार को आधा दर्जन खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम को भेजा गया। किचन में हर तरफ फैली गंदगी के बीच कस्टमरों के ऑर्डर की सामग्री तैयार होती मिली।
दूध बर्फी, तिरंगा मोदक संग नौ नमूने जांच को भेजे
चूहे के मरे बच्चे मिले
सीएफएसओ ने बताया कि किचन में एक तरफ सब्जी व अनाज इत्यादि के भंडारण स्थल पर गंदगी देख जब इस स्थान की जांच की गई तो सामग्री हटाने पर नीचे चूहे के मरे बच्चे, कीड़े व गंदगी मिली। किचन में फफूंद युक्त सामग्री के साथ खराब हो चुकी काफी दिन पुरानी मिठाइयां व क्रीम भी मिली। उसे फेंकवाया गया।
गंदे पानी में रखे मिले बर्तन
किचन में जिस स्थान पर बर्तन साफ करने की व्यवस्था थी, वहां पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं थी। गंदे भरे पानी के बीच ही खाना बनाने व कस्टमरों के इस्तेमाल में लाए जाने वाले बर्तन रखे मिले। खानपान सामग्री बनाने वाला स्टाफ भी गंदे कपड़ों व बिना हाथ में दस्ताने व सिर में टोपी लगाए काम करता मिला।