बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ नारे को ही नई योजना बताकर बेच डाले हजारों फॉर्म, फ्रॉड की करतूत यहां पढ़ें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' नारे को ही नई योजना बताकर कुछ फ्रॉड ने जनता को ठग लिया। मामला यूपी के बहराइच जिले का है। योजना के तहत आठ से 18 वर्ष की बालिकाओं को सरकार की ओर से दो लाख रुपये देने का हवाला फॉर्म में दिया गया था। इसके चलते बीते कई दिनों से फॉर्म बिक रहे थे। अब तक 28 हजार से अधिक फॉर्म जिले में जमा हुए हैं।
जब मुख्य डाकघर में हंगामा हुआ, तब जिला प्रशासन जागा। मौके पर पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट ने एक फॉर्म विक्रेता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। योजना फर्जी होने की बात कहकर लाइन में खड़े लोगों को घर भेजा। पूरे दिन हंगामे की स्थिति बनी रही। डीएम ने इस मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।
जिले में सप्ताह भर पूर्व एक पेज का फॉर्म कलेक्ट्रेट के निकट फुटपाथ पर कुछ लोगों ने बेचना शुरू किया। इस फॉर्म पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना का उल्लेख था। योजना सरकार द्वारा लागू करने की बात फॉर्म में कही गई थी। साथ ही योजना के तहत आठ से 18 आयु वर्ग की प्रत्येक बालिका को फॉर्म भरने पर दो लाख रुपये केंद्र सरकार की ओर से प्रदान किए जाने का हवाला था।
फॉर्म के साथ 10 रुपये का पोस्टल आर्डर लगाना था
इसके चलते यह कथित योजना का फॉर्म शहर से गांव तक फैल गया। फॉर्म के साथ 10 रुपये का पोस्टल आर्डर लगाकर ग्राम प्रधान या सभासद के हस्ताक्षर करवाने थे। फॉर्म को नई दिल्ली के पते पर भेजा जाना था। इसके चलते डाकघरों पर भीड़ उमड़ने लगी। फॉर्म विक्रेताओं ने अंतिम तिथि 20 दिसंबर तय की।
इस कारण बुधवार को शहर के मुख्य डाकघर में फॉर्म की रजिस्ट्री करने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने फॉर्म के फर्जी होने की बात कही तो हंगामा शुरू हो गया। बवाल बढ़ता देख पोस्टमास्टर वेदप्रकाश ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। तत्काल नगर मजिस्ट्रेट व कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची।
डीएम ने जांच के निर्देश दिए
बहराइच नगर मजिस्ट्रेट प्रमिल सिंह ने सरकार की ओर से ऐसी कोई भी योजना न चलाने की बात कहते हुए लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। लोग फॉर्म विक्रेताओं को कोसते हुए लौटे। छापे के दौरान अधिकांश फॉर्म विक्रेता भाग खड़े हुए। लेकिन एक विक्रेता को नगर मजिस्ट्रेट ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। पूछताछ की जा रही है।
नगर मजिस्ट्रेट का कहना है कि अफवाहों के आधार पर लोग ठगी के शिकार हुए हैं। डीएम अजयदीप सिंह ने जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।
दोपहर तक 350 रजिस्ट्री फॉर्मों की हुई रजिस्ट्री
मुख्य डाक घर के पोस्टमास्टर वेदप्रकाश ने कहा कि कथित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के फॉर्म की रजिस्ट्री सुबह से हो रही है। 350 लोगों ने रजिस्ट्री की है। इसके अलावा इसके अलावा शहर के ब्राह्मणीपुरा, छावनी, छोटी बाजार के अलावा ग्रामीण अंचलों में रिसिया, पयागपुर, नानपारा, मिहींपुरवा, कैसरगंज, फखरपुर, हूजुरपुर क्षेेत्रों में भी लोगों ने फार्म जमा किए हैं। लेकिन अब फार्म की रजिस्ट्री पर रोक लगा दी गई है।
प्रधानमंत्री द्वारा योजना शुरू करने का है उल्लेख
एक पेज के फॉर्म में नीचे चार बिंदु अंकित हैं। जिसमें प्रधानमंत्री की ओर से बेटी बचाओ योजना शुरू करने का हवा ला है। बिंदु नंबर दो पर योजना के लिए 20 करोड़ रुपये प्रथम चक्र में प्रति लाभार्थी दो-दो लाख वितरित किए जाने का उल्लेख है। साथ ही फॉर्म को भारत सरकार महिला एवं बाल विकास मंत्रालय शास्त्री भवन नई दिल्ली के पते पर भेजे जाने की बात कही गई है।