एसी फेल होने से बुरा सपना बना ट्रेनों में सफर करना, तीन बच्चों सहित चार की हालत बिगड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वीआईपी ट्रेनों की एसी बोगियों का गर्मी में पसीना छुड़ाना जारी है। हाल ये है कि ट्रेनों में सफर करना अब बुरा सपना जैसा बन गया है। सोमवार को पुष्पक एक्सप्रेस में एसी फेल होने से घुटन के कारण एक बच्चा बेहोश हो गया। उधर, चित्रकूट एक्सप्रेस में एसी बंद हो जाने से यात्री की सेहत बिगड़ गई। ऐसे ही दर्जनभर ट्रेनों में एसी फेल की शिकायतें सामने आई हैं। गौरतलब है कि रविवार को हमसफर एक्सप्रेस का एसी फेल होने और घुटन से एक यात्री बेहोश हो गया था।
मुंबई से लखनऊ आ रही पुष्पक एक्सप्रेस (12534) में सफर कर रहे राम सोनकर ने डीआरएम विजयलक्ष्मी कौशिक से शिकायत दर्ज कराई कि ट्रेन घंटों की देरी से चल रही थी। वहीं, इसका एसी भी फेल हो गया, जिससे घुटन के कारण उनका बच्चा बेहोश हो गया। उधर, एसी फेल हो जाने से चित्रकूट एक्सप्रेस (15205) की बी-1 बोगी में यात्रा कर रहे गौरव गुप्ता भी बेहोश हो गए। इस पर चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी गई।
तीन घंटे रोके रखी ट्रेन
गोरखपुर एलटीटी सुपरफास्ट (12541) के यात्रियों आकाश सिंह व टीएन शुक्ल ने भी एसी फेल होने की शिकायत की। नाराज मुसाफिरों ने ट्रेन को तीन घंटे तक रोके रखा। रांची से मुजफ्फरपुर जा रही मौर्य एक्सप्रेस के ए-1 के यात्री अमित मधुकर ने शिकायत की कि एसी फेल होने से दो महीने के बच्चे की हालत खराब हो गई।
इन ट्रेनों के भी एसी फेल होने से परेशान हुए यात्री
उधर, गोंडा-वाराणसी इंटरसिटी (14214) की चेयरकार सी-1 में सफर कर रहे राजीव शुक्ल ने बताया कि एसी फेल होने से घुटन होने लगी। इस कारण उनके एक साल के बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। कंट्रोल को सूचना देकर ट्रेन रुकवाकर मासूम को दवाई दिलवाई गई। राप्तीसागर एक्सप्रेस (12511) की थर्ड एसी बोगी बी-4 में यात्रा कर रहे नितिन मिश्र ने भी एसी फेल होने की शिकायत की। वहीं, ऊंचाहार एक्सप्रेस (14218) की बी-2 के यात्री राजीव दुबे ने कहा एसी फेल होने पर कोच अटेंडेंट नितिन से मदद मांगी गई तो उन्होंने अनसुना कर दिया। गुवाहाटी-इंदौर एक्सप्रेस (19306) की बीई-1 बोगी में भी एसी कूलिंग ठप रहने से यात्री परेशान रहे।