{"_id":"645cb7d611117c07210ca974","slug":"four-dead-and-many-injured-in-an-accident-in-jarwal-road-thana-kshetra-in-bahraich-2023-05-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bahraich : बाइक को रौंदते हुए पेड़ से टकराई जायलो, चार की मौत, पांच गंभीर, पेड़ की टहनी में जा फंसी शिक्षिका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bahraich : बाइक को रौंदते हुए पेड़ से टकराई जायलो, चार की मौत, पांच गंभीर, पेड़ की टहनी में जा फंसी शिक्षिका
Thu, 11 May 2023 05:57 PM IST
ishwar ashish
अमर उजाला नेटवर्क, बहराइच
अमर उजाला नेटवर्क, बहराइच
Published by: ishwar ashish
Updated Thu, 11 May 2023 05:57 PM IST
सार
बहराइच में हुए भीषण सड़क हादसे की जानकारी होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख प्रकट किया है। सीएम ऑफिस के ट्वीटर हैंडल से ट्वीट जारी कर मुख्यमंत्री ने शोक संवेदना जाहिर की है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों का बेहतर इलाज करवाने के लिए निर्देशित किया है।
विज्ञापन
हादसे के बाद का एक दृश्य।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर बृहस्पतिवार की दोपहर एक तेज रफ्तार जाइलो कार बाइक सवारों को रौंदते हुए पेड़ से टकरा गयी। हादसे में बाइक सवार शिक्षिका-शिक्षक और जाइलो सवार पिता-पुत्र की मौके पर मौत हो गयी। वहीं हादसे में जाइलो सवार पांच लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जिसमें से तीन की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें चिकित्सकों ने इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया है।
विज्ञापन
बाराबंकी जिले के सिद्धौर कोठी निवासी शिक्षिका क्षमारानी (30) की तैनाती जरवल ब्लॉक के बिराहिमडीह में है। बृहस्पतिवार की दोपहर शिक्षिका हुजूरपुर प्रथम में तैैनात बाराबंकी के कोटवा इनायत निवासी शिक्षक रोहित कुमार वर्मा (31) के साथ घर वापस जा रही थी। इसी दौरान बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर जरवलरोड थाना क्षेत्र के चुरईपुरवा के पास इनकी बाइक में सामने से आ रही तेज रफ्तार जाइलो कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था, कि बाइक और बाइक पर सवार शिक्षक-शिक्षिका लगभग तीस फीट तक उछल गए। वहीं जाइलो बाइक को रौंदते हुए पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार शिक्षिका क्षमारानी, शिक्षक रोहित कुमार वर्मा, जाइलो में सवार कैसरगंज कोतवाली के ग्राम पंचायत गोडडिया नंबर एक के मजरा शीतलपुरवा निवासी पवन (45) व इनका बेटा आदित्य (5) की मौके पर ही मौत हो गयी। वही जाइलो में सवार कैसरगंज के जगनपुरवा निवासी रोहित(10), बौंडी थाने के बेहटा चूड़ामणि निवासी ननकेश गोडिया(26), कैसरगंज के जगन्नाथ महतोपुरवा निवासी प्रदीप (25), कैसरगंज के गोडहिया नंबर एक निवासी ज्ञानी (19) और हरदी थाना क्षेत्र के हरचंदा निवासी कोयली गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए सीएची मुस्तफाबाद पहुंचाया। जहां कोयली, प्रदीप और ज्ञानी की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें - निकाय चुनाव का दूसरा चरण: सात नगर निगमों में कहीं सीधा तो कहीं त्रिकोणीय मुकाबला, पढ़ें- ग्राउंड रिपोर्ट
विज्ञापन
ये भी पढ़ें - बैंक डिफाल्टर घोषित हुआ महाठग शेरपुरिया, 39 करोड़ रुपये लोन लेकरएक रुपया वापस नहीं किया
टक्कर इतनी जोरदार की पेड़ की टहनी पर जा टंगी शिक्षिका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय जायलो की रफ्तार बहुत तेज थी और गति तेज होने के चलते ही जाइलो अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। ग्रामीणों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के पीछे बैठी शिक्षिका क्षमारानी लगभग 30 फीट तक उछल गयी और बगल में लगे पेड़ की टहनी पर जाकर फंस गयी। शिक्षिका का वजन न सह पाने के चलते टहनी टूट गयी, जिसके बाद शिक्षिका नीचे गिरी। वहीं हादसे में दोनो वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे की जानकारी होने पर सीओ कैसरगंज कमलेश सिंह, एसडीएम महेश कुमार कैथल घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
बारात से लौट रहे थे जाइलो सवार
कैसरगंज कोतवाली के गोडहिया नंबर एक के मजरा शीतलपुरवा निवासी अमरेश का विवाह गोंडा के परसपुर से तय हुआ था। जिसकी बारात बुधवार को शीतलपुरवा से परसपुर गई थी। जहां से बृहस्पतिवार को बारात में गए लोग जाइलो में सवार होकर वापस आ रहे थे और इसी दौरान बहराइच-लखनऊ हाइवे पर हादसा हुआ। हादसे में गंभीर रुप से घायल ज्ञानी ने बताया कि उन्हें बस टक्कर की गूंज सुनाई दी और उसके बाद जब होश आया तो वह अस्पताल में थे।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, बेहतर इलाज का निर्देश
बहराइच में हुए भीषण सड़क हादसे की जानकारी होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख प्रकट किया है। सीएम ऑफिस के ट्वीटर हैंडल से ट्वीट जारी कर मुख्यमंत्री ने शोक संवेदना जाहिर की है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों का बेहतर इलाज करवाने के लिए निर्देशित किया है।
जरवलरोड थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे की जानकारी होने पर मौके का निरीक्षण किया है। साथ ही अस्पताल जाकर घायलों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। हादसे में चार लोगों की मौत और पांच लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं। इस मामले में पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। - प्रशांत वर्मा, एसपी