लखनऊ: दिनदहाड़े कारोबारी के कार्यालय में नौकर को गोली मारकर बदमाशों ने लाखों रुपये लूटे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेखौफ बदमाशों ने चौक थानाक्षेत्र के नादान महल रोड पर बृहस्पतिवार को नेहरू क्रॉस स्थित किराने के थोक व कमला पसंद पान मसाले के स्टाकिस्ट के कार्यालय में गोलियां तड़तड़ाते हुए लाखों की नकदी से भरा बैग लूट लिया।
इस दौरान नौकर सुभाष गुप्ता (45) ने रोकने की कोशिश की तो उसे पेट में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बाहर कुछ लोगों ने पीछा किया तो उन पर भी तीन-चार राउंड गोलियां चलाईं। पुलिस कमिश्नर ने वारदात के बाद लापरवाही बरतने के आरोप में दो चौकी प्रभारी व दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।
बाजारखाला के ऐशबाग तिलकनगर निवासी राम निवास अग्रवाल का नेहरू क्रॉस में कार्यालय है। वह सुनील कुमार के नाम के फर्म पर किराना, सुपारी के थोक व कमला पसंद के स्टाकिस्ट का काम करते है। राम निवास के बेटे समीर के मुताबिक दोपहर 1.40 बजे बाइक सवार चार बदमाश कार्यालय में घुसे।
इनमें से दो हेलमेट पहने थे और बाकी मास्क लगाए थे। दो राउंड फायरिंग के बाद बदमाश कमरे से नकदी से भरे दो बैग लूट ले गए। बाहर गेट पर खड़े नौकर सुभाष ने रोकने की कोशिश की तो उसे गोली मार दी। इसके बाद बदमाश बाइक से रकाबगंज की ओर भाग निकले।
फायरिंग से दहशत फैलाई और भाग निकले
दूसरे नौकर मिथुन ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया। इस बीच पड़ोसी दीपक और संतोष भी दौड़े। करीब दो सौ मीटर तक पीछा करने पर बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने फायर झोंक दिया। इस पर तीनों ने किसी तरह जान बचाई। उनके रुकने पर बदमाश दूर निकल गए। वहीं, गोलियों की तड़तड़ाहट से बाजार में अफरातफरी का माहौल बन गया।
घायल को ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम
लोग राम निवास अग्रवाल के कार्यालय पहुंचे तो वहां सुभाष खून से लथपथ पड़ा था। उसे पड़ोस में रहने वाला शोभित दीक्षित ई-रिक्शा से ट्रॉमा सेंटर ले गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
दो चौकी प्रभारी व दो सिपाही निलंबित
पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय मौका-मुआयने के बाद लापरवाही बरतने वाले चौकी प्रभारी यहियागंज के अच्युतानंद राय, रकाबगंज चौकी प्रभारी व दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। खुलासे को छह टीमें लगाई गई हैं।
बंदी के दिन कार्यालय खोल कर रहे थे हिसाब
समीर के मुताबिक गुरुवार को चौक इलाके का बाजार बंद रहता है। सप्ताह भर का हिसाब इसी दिन होता है। गुरुवार को राम निवास, तीनों भाइयों खेमचंद्र, लालता, श्रीराम और भतीजे रीतेश के साथ थे। राम निवास भाइयों के साथ बाहर गद्दी पर थे। नौकर सुभाष उनके पास था। रीतेश अंदर हिसाब कर रहा था। उसकी मदद को मिथुन था।
बदमाश जब घुसे तो मिथुन नकदी निकाल रहा था। बदमाशों को देखकर उसने तुरंत तिजोरी बंद कर चाबी जेब में डाल ली। इस पर बदमाश दूसरी आलमारी से नकदी से भरे बैग निकालकर भागे। राम निवास के मुताबिक नकदी के बारे में अभी कुछ बता नहीं सकते हैं। हिसाब शुरू ही किया था कि वारदात हो गई।